गिल-ए-फिरदौस रेसिपी हैदराबाद की शाही मिठाई बनाने का आसान तरीका.
Last Updated:
Gil-e-Firdaus: गिल-ए-फिरदौस हैदराबाद की एक शाही और पारंपरिक मिठाई है, जिसका अर्थ है स्वर्ग का फूल. लौकी, साबूदाना और चावल से बनी यह क्रीमी डेज़र्ट स्वाद और खुशबू का अनोखा संगम है. केसर, इलायची, केवड़ा और मेवों से सजी यह मिठाई खास तौर पर शादियों और त्योहारों में परोसी जाती है. ठंडा परोसने पर इसका जायका और भी निखर जाता है, जो हर खास मौके को यादगार बना देता है.
हैदराबाद. गिल-ए-फिरदौस एक पारंपरिक हैदराबादी मिठाई है जिसका शाब्दिक अर्थ है स्वर्ग का फूल. यह न केवल देखने में शाही लगती है बल्कि स्वाद में भी बेमिसाल है. अक्सर शादियों और बड़े समारोह की शान बनने वाली यह डिश लौकी, साबूदाना और कुटे हुए चावलों का एक अनोखा संगम है. अगर आप त्योहारों या खास मौकों पर कुछ अलग और जायकेदार बनाना चाहते हैं तो यह रेसिपी आपके लिए एकदम सही है.
इसे बनाने के लिए कुछ जरूरी सामग्री की जरूरत होती है. जैसे,आधा कप भीगे बासमती चावल, 2 कप फुल क्रीम दूध, थोड़ा सा भीगा हुआ साबूदाना और आधा कद्दूकस की हुई ताजी लौकी. 1 कप गाढ़ा दूध और 1 बड़ा चम्मच घी और केसर के धागे दूध में भीगे हुए, इलायची पाउडर, वनीला एसेंस की कुछ बूंदें और केवड़ा जल. सजावट और कुरकुरेपन के लिए बादाम, काजू, पिस्ता के टुकड़े और किशमिश.
इसे बनाने की रेसिपी है बेहद आसान
सबसे पहले केसर को गुनगुने दूध में भिगो दें, चावल को 15 मिनट और साबूदाने को कम से कम 1 घंटे के लिए भिगोकर रखें. इसके बाद चावल का पानी निकालकर उन्हें 2 चम्मच दूध के साथ दरदरा पीस लें. एक पैन में घी गरम करें और बादाम-काजू को सुनहरा होने तक भूनकर निकाल लें. उसी पैन में कद्दूकस की हुई लौकी डालें और 5 मिनट तक भूनें, फिर आधा कप पानी डालकर इसे मध्यम आंच पर नरम होने तक पकाएं. एक भारी तले के बर्तन में दूध उबालें, उबाल आने पर इसमें पिसे हुए चावल, पकी हुई लौकी और भीगा हुआ साबूदाना डालें. इसे धीमी आंच पर करीब 10 मिनट तक लगातार चलाते हुए पकाएं ताकि चावल और साबूदाना पूरी तरह गल जाएं और मिश्रण गाढ़ा हो जाए.
अब इसमें इलायची पाउडर, भुने हुए मेवे, केसर वाला दूध और गाढ़ा दूध मिलाएं. इसे 5 मिनट और धीमी आंच पर पकाएं. अंत में, आंच बंद कर दें और इसमें वनीला एसेंस व केवड़ा जल मिलाकर ठंडा होने दें. गिल-ए-फिरदौस का असली स्वाद ठंडा होने पर ही आता है. इसे कुछ घंटों के लिए फ्रिज में रखें और परोसते समय ऊपर से बारीक कटे पिस्ते और चांदी के वर्क से सजाएं. यह क्रीमी और खुशबूदार मिठाई आपके मेहमानों का दिल जीत लेगी.
About the Author
Hello I am Monali, born and brought up in Jaipur. Working in media industry from last 9 years as an News presenter cum news editor. Came so far worked with media houses like First India News, Etv Bharat and NEW…और पढ़ें