Vidarbha vs Karnataka Semi Final: अमन मोखाड़े के शतक से विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में विदर्भ, कर्नाटक से लिया पिछले साल का बदला, खिताबी मुकाबले में कौन सामने?
Last Updated:
Karnataka vs Vidarbha, Semi Final 1 Vijay Hazare Trophy: अमन मोखाड़े ने सीजन का पांचवां शतक जड़ते हुए विदर्भ को विजय हजारे ट्रॉफी 2025-26 के फाइनल का टिकट दिलाया. विदर्भ ने कर्नाटक को इस पहले सेमीफाइनल मुकाबले में छह विकेट से शिकस्त देकर खिताबी मुकाबले में जगह बनाई. इसी के साथ विदर्भ ने कर्नाटक से पिछले सीजन का बदला भी चुकता कर लिया. पिछले सीजन के फाइनल में कर्नाटक ने विदर्भ को हराकर उसका ट्रॉफी का सपना तोड़ा था.
विजय हजारे ट्रॉफी के फाइनल में विदर्भ की एंट्री.नई दिल्ली. विजय हजारे ट्रॉफी एलीट 2025-26 की पहली फाइनलिस्ट टीम सामने आ चुकी है. पहले सेमीफाइनल मुकाबले में विदर्भ ने कर्नाटक को 6 विकेट से हराकर खिताबी जंग का टिकट कटाया. विदर्भ के लिए एक बार फिर ओपनर अमन मोखाड़े ने मैच विनिंग पारी खेली. बेंगलुरु के बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड-1 में 281 रन के लक्ष्य का पीछा करते हुए अमन ने 138 रन की शतकीय पारी खेलकर विदर्भ को फाइनल में जगह दिलाई. विदर्भ ने 46.2 ओवर में ही 284/4 का स्कोर बनाकर जीत हासिल की. इस जीत के साथ ही विदर्भ ने कर्नाटक से पिछले सीजन के फाइनल का हिसाब बराबर किया. उस खिताबी जंग में कर्नाटक ने विदर्भ का ट्रॉफी जीतने का सपना तोड़ा था.
अमन मोखाड़े ने विदर्भ को फाइनल में पहुंचाया
24 साल के इस बल्लेबाज ने इस सीजन में रनों का अंबार लगाया है. अमन इस सीजन में सबसे ज्यादा रन बनाने वाले बल्लेबाज हैं. वह अब तक 781 रन ठोक चुके हैं. सेमीफाइनल में टीम को उनसे एक बड़ी पारी को उम्मीद थी और अमन ने ऐसा ही किया. सीजन का पांचवां शतक जड़ते हुए उन्होंने 122 गेंदों में 138 रन बनाए. इस पारी में अमन ने 12 चौके और दो छक्के लगाकर कर्नाटक को बैकफुट पर धकेल दिया. अमन के अलावा रविकुमार समर्थ ने 76 रन की नाबाद पारी खेली. ध्रुव शोरे ने 47 रन बनाए. टारगेट का पीछा करते हुए विदर्भ को 9 रन के स्कोर पर पहला झटका लगा था, लेकिन इसके बाद अमन ने एक छोर पर खूंटा गाड़ दिया और टीम को मुकाबला जिता दिया. कर्नाटक के लिए अभिलाष शेट्टी ने तीन विकेट चटकाए.
Through to the final! 👏