यूपी के मौसम में हुआ भयंकर बदलाव! ठंड ने फिर दिखाया तेवर, तांडव करेगा कोहरा, IMD का ऑरेंज अलर्ट जारी

Share to your loved once


वाराणसी: उत्तर प्रदेश में ठंड ने फिर अपना तेवर दिखाया है. मौसम के उतार चढ़ाव के बीच भारतीय मौसम विभाग ने फिर यूपी के कई जिलों में घने से घना कोहरे को लेकर ऑरेंज अलर्ट जारी किया है. संभावना जताई गई है कोहरे का ये सितम अगले 24 से 48 घंटों में अभी और बढ़ेगा. उधर आईएमडी ने भी भविष्यवाणी की है कि 16 जनवरी को एक नया पश्चिमी विक्षोभ हिमालयी क्षेत्र को प्रभावित करेगा. जिसका असर यूपी में भी देखने को मिलेगा.

पछुआ हवाओं ने रोका चढ़ता पारा
उत्तर प्रदेश में मौसम का मिजाज एक बार फिर बदल गया है. पश्चिमी विक्षोभ का असर खत्म होते ही जहां दिन में धूप खिल रही है, वहीं दोपहर बाद चलने वाली पछुआ हवाओं ने गलन बढ़ा दी है. बुधवार को सूरज की प्रखरता के बावजूद ठंडी हवाओं के ‘ब्रेक’ ने अधिकतम तापमान में 2.6 डिग्री सेल्सियस तक की गिरावट दर्ज की. मौसम विभाग ने चेतावनी दी है कि 15 जनवरी (गुरुवार) से कोहरे का दायरा और घनत्व एक बार फिर बढ़ेगा, जिससे सुबह-शाम ठिठुरन बनी रहेगी.

शाम होते ही बढ़ी गलन, ठिठुरने लगे लोग
जैसे ही सूरज ढला, पछुआ हवाओं के असर से गलन ने अपने पांव पसारने शुरू कर दिए. रात होते-होते ठंड इतनी बढ़ गई कि लोगों को हड्डी कपाने वाली सर्दी का अहसास हुआ. न्यूनतम तापमान भी सामान्य से 0.5 डिग्री नीचे गिरकर 8 डिग्री सेल्सियस पर पहुंच गया. वहीं, बाबतपुर (वाराणसी) क्षेत्र में भी अधिकतम तापमान 21.8 डिग्री और न्यूनतम 7 डिग्री सेल्सियस दर्ज किया गया, जो सामान्य से 1.5 डिग्री कम है.

अगले 48 घंटे: कोहरे और धूप की लुका-छिपी
लखनऊ आंचलिक मौसम विज्ञान विभाग के वरिष्ठ वैज्ञानिक डॉ. अतुल कुमार सिंह के अनुसार, 15 जनवरी (गुरुवार) से अगले दो-तीन दिनों तक कोहरे का घनत्व और क्षेत्रफल बढ़ सकता है. हालांकि, राहत की बात यह है कि दिन चढ़ने के साथ कोहरा छट जाएगा और प्रखर धूप निकलेगी. बीएचयू के मौसम विज्ञानी प्रो. मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि आने वाले दिनों में तापमान में मामूली गिरावट जारी रह सकती है. उन्होंने कहा कि धूप भले ही खिलेगी, लेकिन सुबह और रात के समय गलन का प्रभाव बरकरार रहेगा.

राजधानी लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की ओर से मिली जानकारी के मुताबिक,15 जनवरी को पश्चिमी यूपी के कई जिलों में जीरो विजिबिलिटी वाला घना कोहरा छाया रहेगा. वहीं पूर्वी यूपी के भी कुछ हिस्सों में आज सुबह सवेरे 100 से 600 मीटर की दृश्यता वाला कोहरा छाएं रहने का अनुमान है. इसको लेकर ऑरेंज और येलो अलर्ट जारी हुआ है.

आज यहां दिखेगा घना कोहरा
पूर्वानुमान है कि गुरुवार को सहारनपुर, बिजनौर, रामपुर, मुरादाबाद, बरेली, मुजफ्फरनगर, संभल, बदायूं, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, श्रावस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महाराजगंज और कुशीनगर घना कोहरा नजर आएगा. हालांकि 16 जनवरी को 45 से ज्यादा जिलों में इसका कहर देखने को मिलेगा.17 जनवरी को कोहरे का ये प्रकोप और बढ़ेगा. वहीं 18 और 19 जनवरी को पश्चिमी यूपी में बारिश की भी संभावना जताई गई है.

24 घंटे बाद लखनऊ में बदलेगा मौसम
राजधानी लखनऊ में 24 घंटे बाद मौसम यूटर्न लेगा. अनुमान है शुक्रवार (16 जनवरी) को लखनऊ में सुबह के वक्त कोहरा नजर आएगा. इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. वहीं गुरुवार (15 जनवरी) को लखनऊ में आसमान साफ होगा. आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 7 और अधिकतम तापमान 22 डिग्री सेल्सियस रहने की उम्मीद है.

नोएडा-गाजियाबाद में ऐसा होगा मौसम
दिल्ली से सटे नोएडा में आज सुबह के समय छिछला कोहरा दिख सकता है. हालांकि दिन चढ़ने के साथ आसमान साफ होगा. नोएडा में आज न्यूनतम तापमान 5 और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस के करीब रहेगा. अगले 24 घण्टे तक इसके कोई खास बदलाव के संकेत नहीं है. उधर गाजियाबाद में भी मौसम ऐसा ही रहने का अनुमान जताया गया है.

तापमान में खास बदलाव के आसार नहीं
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि यूपी के दोनों ही संभाग में फिलहाल अगले 48 घण्टों तक अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव की उम्मीद नहीं है. उसके बाद धीरे-धीरे तापमान में थोड़ा उछाल आ सकता है.

वाराणसी में कैसा है मौसम 
मुरादाबाद में रात से ही लगातार कोहरा बना हुआ है. ठंड की वजह से स्कूल की भी छुट्टी 17 जनवरी तक कर दी गई है. इसके साथ ही लोगों को सलाह दी गई है कि जरूरत पर ही घर से बाहर निकले. वर्तमान टेंपरेचर कि अगर बात की जाए तो 8 डिग्री सेल्सियस बना हुआ है.

धूप के बाद अचानक रामपुर में हुई कड़ाके की ठंड 

रामपुर में पिछले कुछ दिनों से सुबह के कोहरे के बाद तीन चार बजे तक अच्छी धूप निकल रही है. लेकिन सुबह और शाम की ठंड काफी ज्यादा रहती है. अगर अभी सुबह 10 बजे की बात करें तो आज रामपुर में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. घना कोहरा छाया हुआ है और हवा में तेज ठिठुरन व गलन बनी हुई है.

मेरठ में देर रात से कोहरे का सिलसिला जारी है जिससे ठंड काफी है. पिछले एक सप्ताह की बात करें तो 3 दिन जहां यहां अच्छी धूप देखने को मिली है. वही चार दिन यहां कोहरा है.ऐसे में संभावना है कि अभी इसी तरह से ठंड का सिलसिला चलता रहेगा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP