IBPS PO, SO Result 2025: आईबीपीएस पीओ-एसओ परिणाम घोषित, सिर्फ ibps.in पर मिलेगा डायरेक्ट लिंक
नई दिल्ली (IBPS PO, SO Result 2025). बैंकिंग कार्मिक चयन संस्थान (IBPS) ने प्रोबेशनरी ऑफिसर और स्पेशलिस्ट ऑफिसर के पदों के लिए आयोजित मुख्य परीक्षा और इंटरव्यू के अंतिम परिणाम जारी कर दिए हैं. जो उम्मीदवार इंटरव्यू राउंड में शामिल हुए थे, वे अपना संयुक्त स्कोरकार्ड और प्रोविजनल अलॉटमेंट की स्थिति ऑफिशियल वेबसाइट ibps.in पर चेक कर सकते हैं. इस परिणाम की घोषणा के साथ ही सार्वजनिक क्षेत्र के विभिन्न बैंकों में हजारों खाली पदों को भरने की प्रक्रिया अंतिम चरण में पहुंच गई है.
IBPS PO SO Result 2025: बैंक सरकारी रिजल्ट कैसे चेक करें?
आईबीपीएस पीओ, एसओ रिजल्ट 2025 और स्कोरकार्ड डाउनलोड करने के लिए नीचे लिखे स्टेप्स का पालन कर सकते हैं:
- आईबीपीएस की ऑफिशियल वेबसाइट ibps.in पर विजिट करें.
- होमपेज पर ‘CRP PO/MTs-XV’ या ‘CRP SPL-XV’ लिंक पर क्लिक करें.
- अब ‘Combined Result for Main Exam & Interview’ वाला ऑप्शन चुनें.
- नया पेज खुलने पर अपना रजिस्ट्रेशन नंबर/रोल नंबर और पासवर्ड/जन्म तिथि एंटर करें.
- दिए गए कैप्चा कोड को भरकर ‘Submit’ पर क्लिक करें.
- आपका फाइनल रिजल्ट और स्कोरकार्ड स्क्रीन पर दिखाई देगा.
प्रोविजनल अलॉटमेंट और कट-ऑफ
घोषित परिणामों के आधार पर, चयनित उम्मीदवारों का प्रोविजनल अलॉटमेंट उनकी मेरिट और आवेदन के समय दी गई बैंकों की वरीयता के अनुसार किया गया है. IBPS PO के जरिए लगभग 5,208 पदों पर और IBPS SO के तहत आईटी ऑफिसर, कृषि क्षेत्र अधिकारी (AFO), राजभाषा अधिकारी और मार्केटिंग ऑफिसर जैसे 1,007 पदों पर नियुक्तियां होंगी. आईबीपीएस ने बैंक पीओ, एसओ रिजल्ट के साथ ही कैटेगरी-वार कट-ऑफ मार्क्स भी जारी किए हैं.
रिजल्ट के आगे की प्रक्रिया क्या है?
जिन उम्मीदवारों का नाम आईबीपीएस पीओ, एसओ रिजल्ट 2025 की प्रोविजनल अलॉटमेंट लिस्ट में शामिल है, उन्हें अब आवंटित बैंक की तरफ से मेल या पत्र के जरिए सूचना दी जाएगी. इसके बाद संबंधित बैंक अपने स्तर पर डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन और मेडिकल टेस्ट आयोजित करेंगे. इन सभी फॉर्मेलिटीज के सफल समापन के बाद उम्मीदवारों को ट्रेनिंग और पोस्टिंग के लिए बुलाया जाएगा.
ध्यान रहे कि स्कोरकार्ड केवल ऑनलाइन माध्यम से ही उपलब्ध है. डाक या किसी अन्य माध्यम से इसकी हार्ड कॉपी नहीं भेजी जाएगी. 14 फरवरी 2026 के बाद वेबसाइट से रिजल्ट लिंक हटा दिया जाएगा.