Washington Sundar Injury IND vs NZ: T20 वर्ल्ड कप से पहले टीम इंडिया पर टूटा दुखों का पहाड़, हफ्ते भर के भीतर तीसरा खिलाड़ी चोटिल
नई दिल्ली: भारतीय ऑलराउंडर वाशिंगटन सुंदर वडोदरा में खेले गए पहले वनडे में पसली में चोट लगने के कारण न्यूजीलैंड के खिलाफ सीरीज से बाहर हो गए हैं. इस 26 वर्षीय खिलाड़ी ने पांच ओवर में 27 रन दिए और न्यूजीलैंड की पारी के बीच में ही मैदान से बाहर चले गए, इसके बाद वह फील्डिंग के लिए मैदान पर नहीं उतरे. वह बाद में आठवें नंबर पर बल्लेबाजी करने आए. भारत ने यह मैच चार विकेट से जीता.
हफ्ते भर के बाद तीसरा प्लेयर इंजर्ड
वाशिंगटन चोटिल होने वाले तीसरे भारतीय खिलाड़ी हैं. विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत पिछले हफ्ते साइड स्ट्रेन के कारण मौजूदा श्रृंखला से बाहर हो गए थे, जबकि तिलक वर्मा न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले तीन टी-20 अंतरराष्ट्रीय मैच के लिए उपलब्ध नहीं हैं क्योंकि उन्हें ग्रोइन की चोट के लिए सर्जरी करवानी पड़ी थी. दोनों का टी-20 वर्ल्ड कप में खेलना संदिग्ध नजर आ रहा है. भारतीय क्रिकेट बोर्ड (बीसीसीआई) के एक अधिकारी ने बताया:
वाशिंगटन अपनी बाईं पसली के निचले हिस्से में तकलीफ होने के कारण श्रृंखला में आगे नहीं खेल पाएंगे.
भारत के वनडे कप्तान शुभमन गिल ने रविवार को भारत की जीत के बाद वाशिंगटन की स्थिति के बारे में जानकारी दी थी. गिल ने कहा, ‘वाशिंगटन सुंदर को साइड स्ट्रेन है और मैच के बाद उनका स्कैन किया जाएगा. विनिंग शॉट लगाने वाले केएल राहुल ने कहा:
मुझे नहीं पता था कि वह (वाशिंगटन) रन नहीं बना सकते. मुझे पता था कि पहली पारी में उन्हें थोड़ी चोट लगी थी, लेकिन चोट की गंभीरता का अंदाजा नहीं था. फिर भी वह गेंद को बहुत अच्छे से मार रहे थे. जब वह बल्लेबाजी करने आए, तब तक हम लगभग एक रन प्रति गेंद की रफ्तार से खेल रहे थे, इसलिए अनावश्यक जोखिम लेने की कोई जरूरत नहीं थी. उन पर ज्यादा दबाव नहीं था. उन्होंने स्ट्राइक रोटेट की और अपना काम बखूबी निभाया.
टॉप ऑर्डर के दम पर न्यूजीलैंड ने बनाए 300 रन
बल्लेबाजी का न्योता मिलने के बाद न्यूजीलैंड ने डेरिल मिचेल (84), हेनरी निकोल्स (62) और डेवोन कॉनवे (56) के अर्धशतकों की मदद से आठ विकेट पर 300 रन बनाए. भारत के लिए तेज गेंदबाज हर्षित राणा, मोहम्मद सिराज और प्रसिद्ध कृष्णा ने दो-दो विकेट लिए जबकि स्पिनरों में कुलदीप यादव को एक विकेट मिला.
विराट शतक से चूके, लेकिन भारत की रोमांचक जीत
भारत ने कोहली (91 गेंद, आठ चौके, एक छक्का) की गिल (71 गेंद, तीन चौके, दो छक्के) के साथ दूसरे विकेट के लिए शतकीय और श्रेयस य्यर (49 रन) के साथ तीसरे विकेट के लिए 77 रन की साझेदारी से 49 ओवर में छह विकेट पर 306 रन बनाकर रोमांचक जीत दर्ज की.