Harshit Rana 29 runs in 23 balls: हर्षित राणा ने उड़ाया गगनचुंबी छक्का, ड्रेसिंग रूम में खड़े विराट-शुभमन का रिएक्शन देखने लायक था
Last Updated:
Harshit Rana SIX: हर्षित राणा जितने अच्छे गेंदबाज हैं, उतनी ही शानदार पावर हिटिंग भी जानते हैं, इसका मुजायरा उन्होंने न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में दिखाया. स्लोअर बॉल पर पूरी ताकत से खेले गए इस गगनचुंबी छक्के के देखकर विराट कोहली और शुभमन गिल भी खुशी से झूम उठे.
हर्षित राणा का छक्कावडोदरा: हर्षित राणा ने एक बार फिर साबित कर दिया कि हेड कोच गौतम गंभीर और टीम मैनेजमेंट का उन पर लगातार भरोसा जताना एक सही दांव है. न्यूजीलैंड के खिलाफ पहले वनडे में राणा ने पहले दो बड़े विकेट लेकर अपनी टीम की मैच में वापसी करवाई फिर जब बल्लेबाजी की बारी आई तो 23 गेंद में 29 रन की बेशकीमती पारी खेलकर भारत को हार के मुंह से निकाला और जीत की भूमिका में अहम किरदार निभाया. अपनी 29 रन की शानदार पारी के दौरान उन्होंने एक गगनचुंबी छक्का लगाया, जिसे देखकर विराट कोहली और शुभमन गिल भी अपनी आंखों पर विश्वास नहीं कर पाए.
45वें ओवर में राणा का दनदनाता छक्का
दरअसल, आसानी से 301 रन के लक्ष्य की ओर बढ़ती नजर आ रही टीम इंडिया को 40वें ओवर में विराट कोहली (93 रन), रवींद्र जडेजा और फिर 42वें ओवर में श्रेयस अय्यर के रूप में बैक टू बैक झटके लगे. टीम मुश्किल में नजर आ रही थी. यहां से हर्षित राणा और केएल राहुल ने संभलकर बल्लेबाजी शुरू की. राणा जब क्रीज पर सेट हो गए तो उन्होंने अपनी मसल्स पावर का मुजायरा किया. 45वें ओवर में क्रिस्टियन क्लार्क की स्लोअर बॉल पर मिडविकेट के ऊपर से दनदनाता छक्का लगाया. बस फिर क्या था ड्रेसिंग रूम का तनाव पल भर में छू-मंतर हो गया. कैमरा में कैद हुए विराट कोहली और शुभमन गिल के चेहरे पर बड़ी सी मुस्कुराहट थी. राणा दो ओवर बाद क्लार्क की ही गेंद पर आउट हुए. मगर अंत में केएल राहुल (21 गेंद में 29 रन) 49वें ओवर की आखिरी तीन गेंद पर दो चौके और एक छक्के के साथ भारत की जीत तय कर दी.
दो बडे़ विकेट लेकर भारत की कराई मैच में वापसी
हर्षित राणा ने 22वें ओवर में कॉनवे और निकोल्स के बीच शतकीय साझेदारी का अंत किया। उनकी ऑफ-कटर गेंद निकोल्स से दूर जा रही थी लेकिन बल्लेबाज ने आगे बढ़कर इसे खेलने की कोशिश की और गेंद बल्ले का किनारा लेकर विकेटकीपर के हाथों में चली गई, जिससे भारत को पहली सफलता मिली. राणा ने न्यूजीलैंड के बल्लेबाजों को चकमा देने के लिए धीमी गेंदों के साथ कुछ तेज रफ्तार की गेंद भी डालीं, लेकिन 24वें ओवर की आखिरी गेंद कॉनवे के बल्ले का अंदरूनी किनारा लेकर विकेटों पर लग गई. अगर कुलदीप यादव ने पांचवें ओवर में थर्ड मैन पर एक आसान कैच पकड़ लिया होता तो भारत को पहले विकेट के लिए इंतजार नहीं करना पड़ता, तब निकोल्स पांच रन पर थे.
About the Author
अंशुल तलमले फरवरी 2025 से नेटवर्क18 ग्रुप में डिप्टी न्यूज एडिटर की जर्सी पहनकर स्पोर्ट्स डेस्क की कप्तानी कर रहे हैं. जबरदस्त स्ट्राइक रेट के साथ पिछले एक दशक से उनकी नाबाद पारी जारी है. अपनी ऑलराउंड क्षमता के…और पढ़ें