LOC के पास मंडरा रहे ‘पाकिस्तानी ड्रोन’, बॉर्डर पर हाईअलर्ट, कोना-कोना छान रही आर्मी
Last Updated:
Pakistani Drones: श्रीनगर में पाकिस्तान से आए संदिग्ध ड्रोन सांबा, राजौरी, पुंछ में देखे गए. सेना ने फायरिंग कर सर्च ऑपरेशन शुरू किया है. पाकिस्तानी ड्रोन्स को देखते हुए सीमा पर हाईअलर्ट जारी कर दिया गया है. सुरक्षा एजेंसियां सतर्क हैं. पाकिस्तान अक्सर ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स भेजने की फिराक में रहता है.
पाक ड्रोन दिखने के बाद सेना पूरे इलाके में सर्च ऑपरेशन चला रही है.श्रीनगर. पाकिस्तान क्या फिर कोई नापाक हरकत करने की कोशिश कर रहा है. क्योंकि इंटरनेशनल बॉर्डर और लाइन ऑफ कंट्रोल (एलओसी) के आसपास कुछ संदिग्ध ड्रोन मंडराते हुए देखे गए हैं. हलचल देखकर सेना के जवानों ने उनपर फायरिंग भी की है. पूरे इलाके में हाईअलर्ट कर दिया गया है. पाकिस्तान से लगी सीमा चौकियों पर जवानों को पूरी तरह से मुस्तैद रहने को कहा गया है. ‘ऑपरेशन सिंदूर’ के बाद शायद ये पहल मौका है, जब एलओसी और इंटरनेशनल बॉर्डर के पास संदिग्ध ड्रोन देखे जाने की बात सामने आई है. इसलिए एजेंसियां पूरी तरह एक्शन मोड में आ गई हैं. इलाके का कोना-कोना छाना जा रहा है.
जम्मू-कश्मीर में पाकिस्तान अपनी हरकतों से बाज नहीं आ रहा है. सांबा, राजौरी और पुंछ के इलाकों में आसमान में ये ड्रोन काफी देर तक मंडराते रहे. सुरक्षा एजेंसियों के मुताबिक ये ड्रोन पाकिस्तान की तरफ से भारतीय सीमा में आए थे. कुछ मिनट तक हवा में रहने के बाद ये वापस लौट गए. इस घटना के बाद सेना और सुरक्षा बल हाई अलर्ट पर हैं. जवानों ने तुरंत मोर्चा संभाला और ड्रोन को देखते ही फायरिंग भी की. अब पूरे इलाके में बड़े पैमाने पर सर्च ऑपरेशन चलाया जा रहा है. पाकिस्तान की इस नई घुसपैठ ने सुरक्षा एजेंसियों की चिंता बढ़ा दी है.
नौशेरा में सेना ने की ताबड़तोड़ फायरिंग, सर्च ऑपरेशन जारी
राजौरी के नौशेरा सेक्टर में हालात उस वक्त तनावपूर्ण हो गए जब गनिया-कलसियां गांव के ऊपर ड्रोन दिखा. वहां तैनात मुस्तैद जवानों ने बिना देरी किए मीडियम और लाइट मशीन गन से फायरिंग शुरू कर दी. गोलियों की तड़तड़ाहट से पाकिस्तान के मंसूबे नाकाम हो गए. ड्रोन की मूवमेंट देखते ही सेना ने जमीनी स्तर पर सर्च ऑपरेशन शुरू कर दिया है. पूरे इलाके का चप्पा-चप्पा छाना जा रहा है. सेना यह पक्का कर रही है कि कहीं ड्रोन से कोई संदिग्ध चीज तो नहीं गिराई गई.
सांबा और पुंछ के आसमान में भी दिखी लाल बत्ती
सिर्फ राजौरी ही नहीं, कई और जगह भी घुसपैठ की कोशिश हुई है. राजौरी के तेरयाथ इलाके में खब्बर गांव के पास ब्लिंकिंग लाइट वाला ड्रोन देखा गया. यह धर्मसाल गांव की तरफ से आया और भराख की ओर चला गया. वहीं सांबा के रामगढ़ सेक्टर में भी एक ड्रोन जैसी चीज काफी देर तक उड़ती रही. पुंछ के मंकोट सेक्टर में भी एलओसी के पास हलचल देखी गई. सांबा के चक बबराल गांव के ऊपर ड्रोन मंडराते देखा गया. पुंछ में तैन और तोपा के बीच भी संदिग्ध गतिविधि दिखी.
पहले भी गिराए थे हथियार, साजिश का हुआ था पर्दाफाश
पाकिस्तान अक्सर ड्रोन के जरिए हथियार और ड्रग्स भेजने की फिराक में रहता है. हाल ही में सांबा के घगवाल इलाके में एक बड़ी साजिश नाकाम की गई थी. वहां पालोरा गांव के पास एक ड्रोन के जरिए हथियारों का जखीरा गिराया गया था. उस समय सुरक्षा बलों ने दो पिस्तौल और एक ग्रेनेड बरामद किया था. इसके साथ 3 मैगजीन और 16 राउंड गोलियां भी मिली थीं. एजेंसियां अब पुरानी और नई घटनाओं को जोड़कर जांच कर रही हैं. सीमा पर निगरानी बेहद कड़ी कर दी गई है.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें