भुना या भिगोया.. कौन-सा चना सेहत के लिए ज्यादा फायदेमंद? ठंड में थकान और सुस्ती गायब, eat Roasted Gram Health Benefits during winter,
Last Updated:
Roasted Gram Health Benefits: क्या आप ठंड में दिनभर आलस और थकान महसूस करते हैं? आयुर्वेद के अनुसार भुना चना वात और कफ को संतुलित कर शरीर को प्राकृतिक ऊर्जा प्रदान करता है. आइए जानते हैं कि भुना चना खाने के क्या-क्या फायदे हैं और क्या भिगोए चने से यह ज्यादा फायदेमंद है.

ठंड का मौसम आते ही हमारे शरीर को ऊर्जा की आवश्यकता बढ़ जाती है. ठंडी हवाओं और गिरते तापमान के कारण अक्सर हम सुस्ती, आलस और थकान महसूस करने लगते हैं. आयुर्वेद डॉ. रिद्धि पांडेय के अनुसार, इस मौसम में शरीर में प्राकृतिक रूप से वात और कफ दोष बढ़ने लगते हैं. ऐसे में आपकी रसोई में मौजूद एक छोटा और सस्ता स्नैक आपकी पूरी सेहत बदल सकता है. हम बात कर रहे हैं भुने चने की, जिसे प्रोटीन और ऊर्जा का पावरहाउस कहा जाता है.

गर्मियों में चना शरीर को ठंडक पहुंचाता है, लेकिन सर्दियों में इसका प्रभाव बिल्कुल उलट होता है. भुना चना शरीर को आवश्यक उष्णता (गर्मी) प्रदान करता है. आयुर्वेद का मानना है कि सर्दियों में हमारी जठराग्नि (पाचन शक्ति) गर्मियों की तुलना में अधिक प्रबल होती है. इस समय शरीर भारी और पोषक तत्वों से भरपूर भोजन को आसानी से पचा सकता है. भुने चने के सेवन से पेट को इसे पचाने में अधिक मेहनत नहीं करनी पड़ती और शरीर को तुरंत प्रोटीन व फाइबर मिल जाता है.

ठंड में शरीर में वात और कफ दोष तेजी से बढ़ते हैं, जो जोड़ों के दर्द, जकड़न और श्वसन संबंधी समस्याओं का कारण बनते हैं. भुना चना इन दोनों दोषों को संतुलित करने की क्षमता रखता है. यदि आप अक्सर कमजोरी महसूस करते हैं या आपकी मांसपेशियां ढीली पड़ रही हैं, तो भुने चने का सेवन मांसपेशियों को मजबूती प्रदान करता है और शरीर को दिनभर के लिए सक्रिय रखता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

ठंड के मौसम में अक्सर लोगों को बार-बार भूख लगती है और तला-भुना खाने की इच्छा होती है, जिससे वजन तेजी से बढ़ने लगता है. भुना चना सेवन में भारी होता है और इसमें फाइबर की उच्च मात्रा होती है. इसे खाने के बाद करीब 3 से 4 घंटों तक भूख का अहसास नहीं होता. यह न केवल आपके ‘क्रेविंग्स’ को रोकता है, बल्कि वजन घटाने की प्रक्रिया में भी मददगार साबित होता है.

सुबह खाली पेट भुने चने को गुड़ के साथ खाएं. यह कॉम्बिनेशन शरीर में आयरन के अवशोषण को बढ़ाता है, जिससे एनीमिया (खून की कमी) की समस्या दूर होती है और चेहरे पर प्राकृतिक चमक आती है. वहीं, शाम की चाय के साथ बिस्किट के बजाय भुने चने लें. इसमें थोड़ा सेंधा नमक और अजवाइन मिलाएं. यह न केवल स्वाद बढ़ाता है, बल्कि आपकी पाचन शक्ति को भी दुरुस्त करता है.

कई लोग चने को रात में भिगोकर सुबह खाना पसंद करते हैं. यह तरीका उन लोगों के लिए बेहतरीन है, जिन्हें कब्ज की शिकायत रहती है, क्योंकि भिगोने के बाद इसके फाइबर और अधिक सक्रिय हो जाते हैं.

भुना चना एक प्राकृतिक सप्लीमेंट है. इसमें मौजूद कार्बोहाइड्रेट और प्रोटीन का सही संतुलन आपको वर्कआउट के बाद भी ऊर्जा देने में सक्षम है. हालांकि, इसका अधिक मात्रा में सेवन करने से बचें और साथ में पर्याप्त पानी पीते रहें. इस सर्दी अपनी डाइट में इस सस्ते और प्रभावी सुपरफूड को शामिल करें और दवाओं से दूरी बनाएं.