साड़ी पहनकर ही कोई महिला PM बनेगी, ‘हिजाब वाली पीएम’ पर संग्राम, ओवैसी के सपने पर संतों और हिमंता का प्रहार
Last Updated:
Hijab Woman PM Controversy: असदुद्दीन ओवैसी के हिजाब वाली पीएम बयान पर रामभद्राचार्य, हिमंता बिस्वा शर्मा और देवकीनंदन ठाकुर ने कड़ा विरोध जताया है. जबकि कांग्रेस ने बीजेपी और ओवैसी को एक जैसा बताया. ओवैसी ने कहा था कि शायद वह इसे देखने के लिए जीवित न रहें लेकिन भविष्य में ऐसा समय जरूर आएगा जब हिजाब पहनने वाली महिला भारत की प्रधानमंत्री पद की शपथ लेगी.
ओवैसी के बयान ‘हिजाब पहनने वाली महिला प्रधानमंत्री बनेगी’ से विवाद खड़ा हो गया है. (फाइल फोटो)नई दिल्ली. एआईएमआईएम चीफ असदुद्दीन ओवैसी की भविष्यवाणी ने देश की सियासत में आग लगा दी है. ओवैसी ने कहा था कि एक दिन हिजाब पहनने वाली महिला भारत की प्रधानमंत्री बनेगी. इस पर अब संतों और बीजेपी नेताओं ने मोर्चा खोल दिया है. जगतगुरु रामभद्राचार्य ने साफ कहा कि पीएम तो साड़ी वाली ही बनेगी. वहीं असम के सीएम हिमंता बिस्वा शर्मा ने भारत को हिंदू राष्ट्र बताते हुए ओवैसी के सपने को खारिज कर दिया है. कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने तो पाकिस्तान और बांग्लादेश में भी भगवा राज का सपना देख लिया है. इस जुबानी जंग में कांग्रेस ने बीजेपी और ओवैसी दोनों को एक ही सिक्के का पहलू बताया है. यह विवाद थमता नजर नहीं आ रहा है.
साड़ी वाली ही बनेगी देश की पीएम, रामभद्राचार्य की ओवैसी को दो टूक
ओवैसी के बयान पर जगतगुरु रामभद्राचार्य ने तीखा पलटवार किया है. उन्होंने ओवैसी के दावे को सिरे से खारिज कर दिया. रामभद्राचार्य ने कहा कि भारत में हिजाब वाली नहीं बल्कि साड़ी पहनने वाली महिला ही प्रधानमंत्री बनेगी. उनका इशारा भारतीय संस्कृति और परंपरा की ओर था. संतों की नाराजगी साफ बता रही है कि यह मुद्दा धार्मिक रंग ले चुका है. ओवैसी की टिप्पणी को संतों ने भारतीय संस्कृति के खिलाफ बताया है.
तिलकधारी पाक-बांग्लादेश पर भी करेगा राज, देवकीनंदन ठाकुर का बड़ा दावा
मशहूर कथावाचक देवकीनंदन ठाकुर ने ओवैसी के बयान के जवाब में एक अलग ही सपना देश के सामने रखा है. उन्होंने कहा कि हमारा ड्रीम सिर्फ भारत तक सीमित नहीं है. हम चाहते हैं कि एक तिलकधारी और भगवाधारी शख्स बांग्लादेश और पाकिस्तान में भी रूल करे. उनका यह बयान सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है. हिंदूवादी संगठन इसे ओवैसी को कड़ा जवाब मान रहे हैं. देवकीनंदन ने साफ कर दिया कि सनातन की सोच सीमाओं में नहीं बंधी है.
भारत हिंदू राष्ट्र है और हिंदू ही पीएम रहेगा, हिमंता का सीधा वार
असम के मुख्यमंत्री हिमंता बिस्वा शर्मा ने भी इस बहस में एंट्री मारी है. उन्होंने संवैधानिक और व्यावहारिक दोनों पहलुओं पर बात की. हिमंता ने कहा कि संविधान के हिसाब से कोई रोक नहीं है. कोई भी भारतीय पीएम बन सकता है. लेकिन उन्होंने जोर देकर कहा कि भारत एक हिंदू राष्ट्र है. इसलिए उनका मानना है कि इस देश में हमेशा एक हिंदू ही प्रधानमंत्री रहेगा. हिमंता के इस बयान ने ओवैसी के समर्थकों को मिर्ची लगा दी है.
बीजेपी और ओवैसी मिले हुए हैं, जनता को बना रहे बेवकूफ
इस पूरे विवाद पर कांग्रेस ने बीजेपी और एआईएमआईएम दोनों को लपेटे में लिया है. कांग्रेस नेता नाना पटोले ने कहा कि ये दोनों पार्टियां एक जैसी हैं. एक हिंदुओं की बात करती है और दूसरी मुसलमानों की. पटोले का कहना है कि ये सिर्फ नफरत फैलाकर लोगों को बेवकूफ बना रहे हैं. उनका मकसद असल मुद्दों से जनता का ध्यान भटकाना है. कांग्रेस का आरोप है कि चुनाव आते ही ऐसे मुद्दे जानबूझकर उठाए जाते हैं.
‘भविष्य में हिजाब पहनने वाली महिला देश की प्रधानमंत्री बनेगी’
एआईएमआईएम प्रमुख असदुद्दीन ओवैसी ने बीते 9 जनवरी को कहा था कि एक दिन हिजाब पहनने वाली महिला भारत की प्रधानमंत्री बनेगी. उन्होंने कहा कि भारत का संविधान सभी समुदायों के लोगों को समान दर्जा देता है, जबकि पाकिस्तान का संविधान शीर्ष संवैधानिक पदों के लिए केवल एक ही समुदाय तक सीमित है. ओवैसी ने 15 जनवरी को होने वाले नगर निकाय चुनावों से पहले महाराष्ट्र के सोलापुर में एक जनसभा को संबोधित करते हुए कहा, ‘भारत का संविधान सभी को बराबरी का अधिकार देता है, पाकिस्तान के संविधान की तरह नहीं जो शीर्ष संवैधानिक पदों के लिए केवल एक ही समुदाय तक सीमित है.’ उन्होंने कहा कि शायद वह इसे देखने के लिए जीवित न रहें लेकिन भविष्य में ऐसा समय जरूर आएगा जब हिजाब पहनने वाली महिला भारत की प्रधानमंत्री पद की शपथ लेगी.
About the Author
राकेश रंजन कुमार को डिजिटल पत्रकारिता में 10 साल से अधिक का अनुभव है. न्यूज़18 के साथ जुड़ने से पहले उन्होंने लाइव हिन्दुस्तान, दैनिक जागरण, ज़ी न्यूज़, जनसत्ता और दैनिक भास्कर में काम किया है. वर्तमान में वह h…और पढ़ें