टैंकर माफिया का अंत, आधे दाम पर महिलाओं का सफर और… ठाकरे भाइयों की ‘शिवशक्ति’ के खिलाफ फडणवीस-शिंदे का ऐलान
Last Updated:
महायुति ने BMC चुनाव के लिए अपना घोषणापत्र जारी किया जिसमें महिलाओं को BEST में 50 प्रतिशत छूट, 24 घंटे पानी, हाई-टेक बसें और AI Labs जैसी योजनाएं शामिल हैं.
सीएम फडणवीस और डिप्टी सीएम एकनाथ शिंदे ने बीएमसी चुनाव के लिए महायुति के लिए घोषणा पत्र जारी किया. (@mieknathshinde)BMC Election: मुंबई नगर निकाय चुनाव के मतदान में अब महज कुछ ही दिन शेष हैं, ऐसे में सियासी पारा सातवें आसमान पर पहुंच गया है. उद्धव और राज ठाकरे की ‘शिवशक्ति’ गठबंधन द्वारा अपना वचननामा पेश किए जाने के बाद, आज सत्तारूढ़ महायुति (एकनाथ शिंदे गुट, भाजपा और रामदास आठवले की आरपीआई) ने अपना बहुप्रतीक्षित चुनावी घोषणापत्र जारी कर दिया है. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे और उपमुख्यमंत्री देवेंद्र फडणवीस की मौजूदगी में जारी इस ‘विज़न डॉक्यूमेंट’ में मुंबईकरों के लिए वादों की झड़ी लगा दी गई है.
2.65 लाख मुंबईकरों की राय से महायुति का बीएमसी चुनाव के लिए ‘महा-प्लान’ बना है. भाजपा के मुंबई अध्यक्ष अमित साटम ने बताया कि यह घोषणापत्र हवा में नहीं बनाया गया है, बल्कि इसके लिए मुंबई के 2 लाख 65 हजार नागरिकों से सुझाव लिए गए थे. मुख्यमंत्री एकनाथ शिंदे ने घोषणापत्र जारी करते हुए भावुक कार्ड खेला और कहा कि पिछले साढे तीन वर्षों में हमने मुंबई को देश का ‘ग्रोथ इंजन’ बनाने के लिए दिन-रात काम किया है. उन्होंने वादा किया कि काम के अभाव में मुंबई से बाहर गए मराठी मानुस को ससम्मान वापस लाया जाएगा.
महिलाओं को 50% छूट
घोषणापत्र में सबसे बड़ा दांव महिलाओं और यात्रियों पर लगाया गया है:-
- बेस्ट (BEST) में छूट: मुंबई की लाइफलाइन कही जाने वाली ‘बेस्ट’ बसों में महिलाओं को अब 50 प्रतिशत की छूट मिलेगी.
- हाई-टेक बसें: 2029 तक बेस्ट के बेड़े की सभी बसें इलेक्ट्रिक (EV) होंगी. बसों में वाई-फाई, सीसीटीवी और डिजिटल डिस्प्ले जैसी सुविधाएं दी जाएंगी.
गड्ढा मुक्त सड़क
मुंबई की सड़कों को बार-बार खोदने से बचाने के लिए 17 सेवाओं के लिए ‘यूटिलिटी टनल’ और डक्ट्स बनाए जाएंगे. 9 मीटर से चौड़ी सभी सड़कों का कंक्रीटीकरण किया जाएगा. ठाणे-बोरिवली टनल अंडरग्राउंड मार्ग के जरिए ठाणे से बोरिवली का सफर महज 10-15 मिनट में सिमट जाएगा.
टैंकर माफिया का होगा सफाया
- मुंबई की पानी की समस्या को सुलझाने के लिए महायुति ने ’24 घंटे पानी’ का संकल्प लिया है:
- टैंकर माफिया मुक्त मुंबई: अवैध टैंकर राज को खत्म कर हर घर तक पाइप से पानी पहुँचाया जाएगा.
- समान वितरण: हर जोन में फ्लो मीटर लगाए जाएंगे ताकि पानी का समान वितरण हो सके.
- टैक्स में छूट: जो हाउसिंग सोसायटियां ‘रेन वॉटर हार्वेस्टिंग’ करेंगी, उन्हें प्रॉपर्टी टैक्स में विशेष छूट दी जाएगी.
शिक्षा, स्वास्थ्य और आवास
एआई लैब्स (AI Labs): बीएमसी के स्कूलों को हाई-टेक बनाते हुए वहां आर्टिफिशियल इंटेलिजेंस लैब स्थापित की जाएंगी. करीब 20 हजार इमारतों का अटका हुआ ऑक्यूपेशन सर्टिफिकेट (OC) तत्काल वितरित किया जाएगा. लघु उद्योगों के लिए 5 लाख रुपये तक का ब्याज मुक्त कर्ज दिया जाएगा. सफाईकर्मियों और पुलिसकर्मियों और सरकारी कर्मचारियों के लिए विशेष आवास योजनाएं लाई जाएंगी.
महायुति का मास्टरस्ट्रोक
कोलीवाड़ा और गावठानों के पुनर्विकास के लिए विशेष योजनाएं और फेरीवालों के लिए ‘हॉकिंग जोन’ का निर्माण भी महायुति की प्राथमिकताओं में शामिल है. 15 जनवरी को होने वाले मतदान से पहले महायुति का यह ‘मास्टरस्ट्रोक’ विपक्षी ‘शिवशक्ति’ गठबंधन के लिए बड़ी चुनौती माना जा रहा है.
About the Author
दीप राज दीपक 2022 में न्यूज़18 से जुड़े. वर्तमान में होम पेज पर कार्यरत. राजनीति और समसामयिक मामलों, सामाजिक, विज्ञान, शोध और वायरल खबरों में रुचि. क्रिकेट और मनोरंजन जगत की खबरों में भी दिलचस्पी. बनारस हिंदू व…और पढ़ें