एक बीवी के दो-दो पति, दोनों ही अनजान, फिर हुआ आमना-सामना तो घर बन गया अखाड़ा
Last Updated:
Unnao Crime News: उत्तर प्रदेश के उन्नाव से एक अजीबो-गरीब मामला सामने आया है, जिसे सुनकर आप भी अपना सिर पकड़ लेंगे. यहां एक महिला ने एक नहीं, दो-दो शादी की है. दोनों ही युवकों को इस बात का अंदाजा तक नहीं था. जब आमने-सामने आए तो दोनों ही आपा खो बैठे और आपस में मारपीट कर ली.
एक बीवी के दो-दो पति.उन्नाव: उत्तर प्रदेश के उन्नाव से बड़ा ही अजब गजब और हैरान करने वाला मामला सामने आया है. यहां एक युवती को दो लोग अपनी बीवी बता रहे हैं. इसी को लेकर दो युवकों के बीच विवाद इतना बढ़ गया कि बात हिंसक हमले तक पहुंच गई. घटना में एक युवक गंभीर रूप से घायल हो गया, जिसे इलाज के लिए अस्पताल में भर्ती कराया गया. पुलिस पूरे मामले की जांच-पड़ताल में जुटी हुई है.
मामला बांगरमऊ कोतवाली क्षेत्र का है. यहां युवती के घर अंकुश नाम का युवक पहुंचा. तभी वहां मौजूद दूसरे युवक राजू से उसकी बहस होने लगी. दोनों के बीच पहले कहासुनी हुई, जो कुछ ही देर में मारपीट में बदल गई. आरोप है कि इसी दौरान अंकुश ने गुस्से में राजू की गर्दन पर ब्लेड से हमला कर दिया, जिससे वह गंभीर रूप से घायल हो गया. घटना के बाद मौके पर अफरा-तफरी मच गई और स्थानीय लोगों ने पुलिस को सूचना दी.
घटना की सूचना मिलते ही बांगरमऊ कोतवाली पुलिस मौके पर पहुंची और मामले की छानबीन शुरू कर दी. पुलिस ने युवती से भी पूछताछ की है और दोनों युवकों के दावों की सत्यता जांचने का प्रयास किया जा रहा है. पुलिस यह भी पता लगा रही है कि युवती की वैवाहिक स्थिति क्या है और दोनों में से किससे उसका वैधानिक संबंध है. कोतवाली प्रभारी ने बताया कि मामले में सभी पहलुओं की गंभीरता से जांच की जा रही है. घायल युवक के बयान और मेडिकल रिपोर्ट के आधार पर आगे की कानूनी कार्रवाई की जाएगी.