‘साहब! मुझे 8 का पहाड़ा आता है…’ ठिठुरती रात में कूड़ा बीनने वाले मासूम की हिम्मत ने जीत लिया IPS का दिल
Last Updated:
Bulandshahr News: बुलंदशहर में कड़कड़ाती ठंड के बीच मानवता की एक खूबसूरत तस्वीर सामने आई है. एएसपी सिटी आईपीएस ऋजुल जब सड़कों पर जरूरतमंदों को कंबल बांटने निकले, तो एक मासूम बच्चे ने अपने आत्मविश्वास से सबका दिल जीत लिया. बच्चे ने निडर होकर आईपीएस अधिकारी के सामने 8 का पहाड़ा सुनाया, जिसकी प्रतिभा देख पुलिस अधिकारी भी दंग रह गए. पुलिस के इस मानवीय चेहरे और नन्हे हुनरबाज का वीडियो अब सोशल मीडिया पर खूब वायरल हो रहा है.

बुलंदशहर: कड़कड़ाती ठंड, सन्नाटी रात और सड़क किनारे ठिठुरता बचपन… अमूमन खाकी वर्दी को देखकर बच्चे सहम जाते हैं, लेकिन बुलंदशहर की सड़कों पर एक अलग ही नजारा देखने को मिला. यहां एक मासूम ने न केवल एएसपी सिटी की आंखों में आंखें डालकर बात की, बल्कि अपना ऐसा हुनर दिखाया कि खुद साहब भी दंग रह गए. सोशल मीडिया पर अब इस नन्हे हुनरबाज और बुलंदशहर पुलिस की संवेदनशीलता का वीडियो तेजी से वायरल हो रहा है.
मामला बुलंदशहर के नगर कोतवाली क्षेत्र का है, जहां एएसपी सिटी ऋजुल अपनी टीम के साथ देर रात जरूरतमंदों को कंबल बांटने निकले थे. इसी दौरान काला आम चौराहे के पास एक मासूम बच्चा अपने पिता के साथ मिला. पुलिस को अपने बीच पाकर बच्चा डरा नहीं, बल्कि पूरे आत्मविश्वास के साथ एएसपी ऋजुल के सामने खड़ा हो गया. बच्चे ने बिना रुके 8 का पहाड़ा (दोहरीकरण) सुनाना शुरू कर दिया. मासूम की साफ आवाज और बेबाक अंदाज देखकर वहां मौजूद पुलिसकर्मी और राहगीर दंग रह गए और तालियों से उसका उत्साहवर्धन किया.
क्लास-3, नाम आवेश
सोशल मीडिया पर जो वायरल वीडियो सामने आया है, उसमें एएसपी सिटी ऋजुल मासूम बच्चे से पूछते नजर आ रहे है कि आप पढ़ते हो. बच्चा इसपर जवाब देता है तीसरी क्लास में. इसके बाद एएसपी बच्चे से पूछते है क्या नाम है आपका. इस बच्चा बड़ी ही मासूमियत से अपना नाम आवेश बताता है. इस दौरान एएसपी सिटी के साथ खड़ा एक सिपाही आवेश से पूछता है कि 8+8 आवेश बोलता है 16. इसके बाद 16 और 16… जवाब देते आवेश कहता है 32.
हुनर को मिला सम्मान: ASP ने थपथपाई पीठ
बच्चे की प्रतिभा और उसके कॉन्फिडेंस को देख आईपीएस ऋजुल के चेहरे पर भी मुस्कान आ गई. उन्होंने न केवल बच्चे की हौसलाअफजाई की, बल्कि उसे और उसके पिता को कंबल भेंट कर सर्दी से सुरक्षा का उपहार (गिफ्ट) भी दिया. यह पल मौके पर मौजूद हर शख्स के लिए भावुक कर देने वाला था, जो पुलिस के मानवीय और संवेदनशील चेहरे को बयां कर रहा था.
आधी रात को मसीहा बनी बुलंदशहर पुलिस
भीषण शीतलहर को देखते हुए एएसपी सिटी ऋजुल ने नगर के काला आम चौराहा, रेलवे स्टेशन और झुग्गी-झोपड़ियों में जाकर खुद अपने हाथों से कंबल वितरित किए. इस अभियान के दौरान उन्होंने सड़क किनारे कूड़ा बीनने वाले बच्चों और रात भर मेहनत करने वाले ई-रिक्शा चालकों को भी कंबल ओढ़ाए. कंबल मिलते ही जरूरतमंदों के चेहरों पर जो सुकून दिखा, उसने पुलिस की इस मुहिम को सफल बना दिया.
‘सुरक्षा के साथ सेवा भी हमारा धर्म’
इस मौके पर आईपीएस ऋजुल ने जनता से अपील करते हुए कहा, ‘भीषण सर्दी में अपनी सेहत का ख्याल रखें और गर्म कपड़े पहनें. पुलिस प्रशासन अपनी सुरक्षा की ड्यूटी के साथ-साथ सामाजिक दायित्वों को निभाने के लिए भी प्रतिबद्ध है.’ उन्होंने लोगों से आग्रह किया कि वे भी अपने आसपास के जरूरतमंदों की मदद के लिए आगे आएं.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें