UP News Live: ताजनगरी में गलन वाली सर्दी, झांसी में इनामी बदमाश से मुठभेड़ और हरदोई में लापरवाही पर चला योगी का हंटर
Last Updated:
UP Breaking News Today Live: उत्तर प्रदेश के अलग-अलग जिलों से आज कई बड़ी खबरें सामने आई हैं. कहीं कोहरे की मार तो कहीं रफ्तार का कहर. झांसी में महिला ऑटो ड्राइवर के कातिल के साथ पुलिस की मुठभेड़, तो हरदोई में लापरवाही पर गिरी ‘जीरो टॉलरेंस’ की गाज. उत्तर प्रदेश की हर छोटी-बड़ी और सटीक खबर के लिए बने रहें हमारे साथ…

Agra News: गलन भरी सर्दी का सितम, अलाव बना सहारा
ताजनगरी आगरा इन दिनों कड़ाके की ठंड की चपेट में है. हालांकि, कोहरे से थोड़ी राहत जरूर मिली है, लेकिन गलन भरी सर्दी ने लोगों की मुश्किलें बढ़ा दी हैं. लोग खुद को बचाने के लिए गर्म कपड़ों और अलाव का सहारा ले रहे हैं. कड़ाके की ठंड का असर अब सड़कों पर भी दिखने लगा है, जिसके चलते मॉर्निंग वॉक पर निकलने वाले लोगों की संख्या में भारी कमी आई है.
Gonda News: सड़क पर ‘मौत’ का यू-टर्न, सीसीटीवी में कैद हुआ लाइव हादसा
गोंडा शहर कोतवाली क्षेत्र के स्टेशन रोड पर उस वक्त अफरा-तफरी मच गई, जब एक बेकाबू कार ने जमकर उत्पात मचाया. पूरी घटना पास में लगे सीसीटीवी कैमरे में कैद हो गई है. वीडियो में साफ दिख रहा है कि कार सवार ने पहले खड़ी बाइक को जोरदार टक्कर मारी और फिर बीच सड़क पर ही खतरनाक तरीके से यू-टर्न लिया. इसके बाद कार गोल-गोल घूमते हुए एक लोडिंग गाड़ी (मैजिक) से जा टकराई. इस हादसे में बाइक सवार बाल-बाल बचा, लेकिन गाड़ियां बुरी तरह क्षतिग्रस्त हो गई हैं. पुलिस ने मौके पर पहुंचकर जांच शुरू कर दी है.
Jhansi News: महिला ऑटो ड्राइवर का हत्यारा मुठभेड़ के बाद गिरफ्तार
झांसी की पहली महिला ऑटो ड्राइवर अनीता चौधरी हत्याकांड के मुख्य आरोपी मुकेश झा को पुलिस ने मुठभेड़ के दौरान गिरफ्तार कर लिया है. करगुवां रोड के पास हुई इस मुठभेड़ में 25 हजार के इनामी बदमाश मुकेश झा को नवाबाद पुलिस ने दबोचा. बता दें कि 31 दिसंबर की रात अनीता की हत्या की गई थी. पूछताछ में सामने आया कि ‘प्यार में धोखे’ की वजह से आरोपी ने इस वारदात को अंजाम दिया था. एसएसपी ने आरोपी की गिरफ्तारी पर इनाम घोषित किया था.
Hardoi News: लापरवाही पर ‘जीरो टॉलरेंस’, जिला समाज कल्याण अधिकारी सस्पेंड
योगी सरकार की भ्रष्टाचार के खिलाफ ‘जीरो टॉलरेंस’ नीति हरदोई में देखने को मिली है. समाज कल्याण राज्यमंत्री (स्वतंत्र प्रभार) असीम अरुण के निर्देश पर जिला समाज कल्याण अधिकारी रमाकान्त को तत्काल प्रभाव से निलंबित कर दिया गया है. रमाकान्त पर ‘जीरो पॉवर्टी योजना’ और ‘प्रधानमंत्री आदर्श ग्राम योजना’ में गंभीर लापरवाही बरतने के आरोप हैं. जांच में पता चला कि 1219 पात्र परिवारों में से केवल 116 को ही पेंशन दी गई. मामले की विस्तृत जांच अब उप निदेशक जे. राम को सौंपी गई है.
About the Author
राहुल गोयल न्यूज़ 18 हिंदी में हाइपरलोकल (यूपी, उत्तराखंड, हरियाणा और हिमाचल प्रदेश) के लिए काम कर रहे हैं. मीडिया इंडस्ट्री में उन्हें 16 साल से ज्यादा का अनुभव है, जिसमें उनका फोकस हमेशा न्यू मीडिया और उसके त…और पढ़ें