यूपी वालों को ठंड से मिलने वाली है राहत, लखनऊ से लेकर नोएडा तक ऐसा रहेगा मौसम, जानिए IMD का अपडेट
उत्तर प्रदेश में कोहरे और गलन का डबल अटैक झेल रहे लोगों के लिए राहत भरी खबर सामने आई है. भारतीय मौसम विभाग के ताजा अपडेट के अनुसार अगले दो दिनों तक प्रदेश के अलग-अलग शहरों में अधिकतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा. वहीं न्यूनतम तापमान में भी थोड़ी तेजी देखने को मिलेगी. हालांकि अगले दो दिनों बाद फिर यूपी में मौसम का यूटर्न दिखाई देगा. जिसके बाद बर्फीली हवाएं लोगो को कंपकपायेगी.
इन जिलों में रहेगा आसमान साफ
पूर्वानुमान है कि शनिवार को अयोध्या, अमेठी, गोरखपुर, वाराणसी, प्रयागराज, प्रतापगढ़, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही, कुशीनगर, श्रावस्ती, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, आगरा, मथुरा, अलीगढ़, मैनपुरी, झांसी, इटावा, ललितपुर, सहारनपुर, मुजफ्फरनगर, बरेली, रामपुर, सीतापुर, लखीमपुर खीरी, मुरादाबाद और बहराइच सहित आस पास के जिलों में आसमान साफ होगा और दिन चढ़ने के साथ धूप भी खिलेगी.
राजधानी लखनऊ में शनिवार को धूप खिली रहेगी. आज सुबह हल्का कोहरे लखनऊ में नजर आएगा. आज यहां न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम तापमान 21 डिग्री सेल्सियस रहेगा. हालांकि अगले 24 घंटे बाद इसमें गिरावट देखी जाएगी. वहीं बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें आज वहां भी गलन लोगों को परेशान करेगी. नोएडा में आज न्यूनतम तापमान 9 और अधिकतम 16 डिग्री सेल्सियस रहेगा. उधर गाजियाबाद में भी मौसम ऐसा ही रहने का पूर्वानुमान जताया गया है.
ठंड से मिलेगी राहत
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले दो में प्रदेश के अधिकतम और न्यूनतम तापमान में 2 से 4 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा.उसके बाद फिर इसमें 2 से 4 डिग्री सेल्सियस की क्रमिक गिरावट देखने को मिलेगी.बताते चलें कि,बीते 24 घण्टे में अलीगढ़ की रात प्रदेश की सबसे सर्द रात रही. यहां न्यूनतम तापमान 3.4 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ. इसके अलावा करीब 10 से ज्यादा जिलों में न्यूनतम तापमान 5 डिग्री सेल्सियस के करीब रहा.