Chitrakoot News : प्रयागराज में फैलाया खौफ, चित्रकूट में जीतेगा दिल, संगम नगरी से आदमखोर पकड़ लाया वन विभाग
Last Updated:
Ranipur Tiger Reserve : प्रयागराज से एक वयस्क तेंदुए को रानीपुर टाइगर रिजर्व में छोड़ा गया है. यह वही तेंदुआ है, जिसने कई महीनों से प्रयागराज के चार थानों में खूब आतंक मचाया. हमले करता और लापता हो जाता. लगातार हमलों के चलते इसे आदमखोर घोषित करना पड़ा. बड़ी मुश्किल से इसे एक कमरे से पकड़ा गया. अब साल के पहले सप्ताह में रानीपुर टाइगर रिजर्व में मेहमान बनकर आया है. प्रदेश के चौथे टाइगर रिजर्व में इसकी आमद से पर्यटकों की भीड़ बढ़ने के आसार हैं.
चित्रकूट. यूपी के चित्रकूट जिले का रानीपुर टाइगर रिजर्व अब धीरे-धीरे अपनी पहचान मजबूत करता नजर आ रहा है. प्रदेश का चौथा टाइगर रिजर्व बनने के बाद यहां न सिर्फ वन्यजीवों की हलचल बढ़ी है, बल्कि प्रकृति प्रेमियों और पर्यटकों की आवाजाही भी लगातार देखने को मिल रही है. जंगल की खामोशी में अब फिर से दहाड़, चिंघाड़ और पत्तों की सरसराहट सुनाई देने लगी है. इसी कड़ी में साल के पहले सप्ताह में रानीपुर टाइगर रिजर्व को एक नया मेहमान मिला है, जिसने वन विभाग के साथ-साथ स्थानीय लोगों का भी ध्यान खींचा है. प्रयागराज से एक वयस्क तेंदुए को रानीपुर टाइगर रिजर्व में छोड़ा गया है. यह वही तेंदुआ है, जिसने कई महीनों से प्रयागराज के झूंसी सहित चार थाना क्षेत्रों में दहशत का माहौल बना रखा था. लगातार हमलों के चलते यह तेंदुआ आदमखोर घोषित कर दिया गया था. स्थिति तब और गंभीर हो गई, जब झूंसी के एक गांव में हमला करने के बाद तेंदुआ एक कमरे में जा घुसा. सूचना मिलते ही वन विभाग की टीम ने मौके पर पहुंचकर पूरी सतर्कता के साथ तेंदुए को बेहोश कर पकड़ लिया था.
क्या बोले वन अधिकारी
मानिकपुर क्षेत्रीय वन अधिकारी सुशील श्रीवास्तव ने बताया कि प्रयागराज के डिप्टी रेंजर एलके दुबे के नेतृत्व में इस वयस्क तेंदुए को विशेष सुरक्षा व्यवस्था के बीच चित्रकूट लाया गया था. आज तेंदुए को रानीपुर टाइगर रिजर्व के मानिकपुर प्रथम क्षेत्र में पहुंचाया गया, यहां मेरी देखरेख में वन दरोगा अजीत कुमार, देवेंद्र मिश्रा, राजू सोनकर और जीत सिंह की टीम ने तेंदुए को जंगल के बीहड़ कोर क्षेत्र में सुरक्षित रूप से छोड़ दिया गया है.
अभी यहां क्या-क्या
वन अधिकारी सुशीन श्रीवास्तव के मुताबिक, रानीपुर टाइगर रिजर्व का घना और विस्तृत जंगल इस तेंदुए के लिए उपयुक्त प्राकृतिक आवास साबित होगा. खास बात यह है कि रानीपुर टाइगर रिजर्व में तेंदुओं की संख्या लगातार बढ़ रही है, जो इस क्षेत्र के बेहतर संरक्षण व्यवस्था का संकेत है. इस टाइगर रिजर्व में बाघ, तेंदुआ, चीतल, भालू, नीलगाय, बारहसिंगा जैसे हिंसक और शाकाहारी वन्यजीवों की मौजूदगी भी तेजी से बढ़ी है, जो वन्यजीव संरक्षण का मजबूत केंद्र बनता जा रहा है और पर्यटक भी बड़ी संख्या में घूमने आ रहे हैं.
About the Author
Priyanshu has more than 10 years of experience in journalism. Before News 18 (Network 18 Group), he had worked with Rajsthan Patrika and Amar Ujala. He has Studied Journalism from Indian Institute of Mass Commu…और पढ़ें