‘मैं अपने होशोहवास में गुलफ्सां तुम्हें तीन तलाक देता हूं..’ पंचायत भी ना बचा पाई शादीशुदा जिंदगी, जानें शाहजहांपुर की ये कहानी
शाहजहांपुर : दहेज की मांग ने एक बार फिर एक शादीशुदा जिंदगी को बर्बाद कर दिया. तिलहर की एक महिला का आरोप है कि दहेज के लिए उसे ना केवल प्रताड़ित किया गया, बल्कि डेढ़ साल के मासूम बेटे के साथ घर से निकालकर उसे तीन तलाक दे दिया. हैरानी की बात यह रही कि यह पूरा वाकया परिवार के सामने हुआ और मोबाइल कैमरे में भी कैद हो गया. अब पीड़िता ने कोतवाली पहुंचकर इंसाफ की गुहार लगाई है.
तिलहर नगर के मोहल्ला मौजमपुर निवासी गुलफ्सां, पुत्री जमील अहमद, ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि करीब चार साल पहले उसकी शादी गांव डभौरा निवासी अब्दुल कलीम से मुस्लिम रीति रिवाज के अनुसार हुई थी. शादी में परिजनों ने अपनी हैसियत के मुताबिक दहेज दिया, लेकिन ससुराल वाले इससे संतुष्ट नहीं थे.
पीड़िता का आरोप है कि शादी के कुछ समय बाद ही पति अब्दुल कलीम, सास शाहीन, देवर अजीम और ननद कुलसुम व अलकमा बुलेट मोटरसाइकिल और एक लाख रुपये की मांग करने लगे. जब मायके वालों ने यह मांग पूरी करने से इनकार किया, तो उसके साथ मारपीट, गाली-गलौज और मानसिक प्रताड़ना शुरू हो गई.
गुलफ्सां ने बताया कि कई बार पंचायतों के जरिए मामला सुलझाने की कोशिश की गई, लेकिन हर बार समझौते के बाद भी ससुराल वालों का व्यवहार नहीं बदला. प्रताड़ना का सिलसिला लगातार चलता रहा.
सोमवार शाम करीब साढ़े 6 बजे आरोपियों ने एक बार फिर गुलफ्सां के साथ मारपीट की और उसे उसके डेढ़ साल के बेटे अब्दुल करीम के साथ घर से बाहर निकाल दिया. इसके बाद उसके पिता को फोन कर बेटी और नाती को ले जाने के लिए कहा गया.
सूचना मिलने पर गुलफ्सां के माता-पिता, भाई जुबेर अहमद और अन्य रिश्तेदार ससुराल पहुंचे. उन्होंने पति और ससुराल वालों को समझाने की कोशिश की, लेकिन सभी एकजुट होकर गाली-गलौज करने लगे. इसी दौरान सास, ननद और देवर ने पति से कहा कि इसे तीन तलाक देकर छुटकारा पा लो. आरोप है कि इसके बाद पति ने कहा कि मैं अपने होशोहवास में गुलफ्सां तुम्हें तलाक देता हूं, तलाक देता हूं, तलाक देता हूं. इस पूरी घटना का वीडियो गुलफ्सां के भाई ने मोबाइल में रिकॉर्ड कर लिया.