उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड, नोएडा-गाजियाबाद में बारिश से गिरा तापमान, चल रही सर्द हवाएं, जानें आज कैसा रहेगा मौसम
UP Weather Today : उत्तर प्रदेश में ठंड का प्रकोप जारी है. बर्फीली हवाओं ने रात के साथ दिन का चैन भी छीन लिया है. उत्तर प्रदेश में कड़ाके की ठंड पड़ रही है. नोएडा-ग्रेटर नोएडा, गाजियाबाद सुबह सुबह बारिश हुई. जिसके चलते बहुत तेज ठंडी हवा चल रही है. तापमान में भारी गिरावट देखने को मिल रही है. गुरुवार की शाम को यूपी के कई जिलों में न्यूनतम तापमान 14 डिग्री सेल्सियस रिकॉर्ड हुआ, ऐसे में वाराणसी, आजमगढ़, प्रयागराज और दूसरे शहरों में पहाड़ों जैसी ठंड से दिन के वक्त ही लोग कांपते दिखे. सड़कों पर भी ठंड के कारण लोग अलाव का सहारा लेते नजर आए. हालांकि मौसम विभाग का अनुमान है कि अगले 24 घंटे में अधिकतम तापमान में थोड़ा उछाल आ सकता है. जिससे लोगों को इस भयंकर ठंड से थोड़ी राहत भी मिलेगी.
लखनऊ स्थित आंचलिक मौसम केंद्र की ओर से जारी बुलेटिन के मुताबिक 9 जनवरी को भी पश्चिमी यूपी में आसमान साफ होगा, लेकिन पूर्वी यूपी में लोगों को कोहरे के साथ गलन का डबल अटैक झेलना पड़ेगा. पूर्वानुमान है कि शुक्रवार को वाराणसी, प्रयागराज, सोनभद्र, मिर्जापुर, चंदौली, भदोही, कुशीनगर, महाराजगंज, सिद्धार्थनगर, बस्ती, बलरामपुर, श्रावस्ती और अन्य आस-पास के जिलों में घना कोहरा नजर आ सकता है. इसको लेकर मौसम विभाग ने येलो अलर्ट जारी किया है. इन जिलों में 200 से 500 मीटर की दृश्यता वाला कोहरा नजर आ सकता है. इसके साथ ही इन जिलों में कोल्ड डे जैसे हालात होंगे.
लखनऊ वालों को कोहरे से राहत
राजधानी लखनऊ वालों को आज कोहरे से राहत मिलेगी. लेकिन बर्फीली हवाएं ठंड सुबह और शाम के वक्त गलन का अहसास कराएगी.मौसम विभाग का अनुमान है आज लखनऊ में न्यूनतम तापमान 10 और अधिकतम 19 डिग्री सेल्सियस होगा. दो दिन बाद फिर इसमें गिरावट हो सकती है.
नोएडा-गाजियाबाद में ठंड से राहत नहीं
दिल्ली से सटे नोएडा वालों को ठंड से राहत के आसार नहीं है.ये जरूर है कि नोएडा में आज सुबह के वक्त छिछला कोहरा नजर आएगा.लेकिन पूरे दिन लोग गलन से कंपकपाते भी रहेंगे.आज नोएडा में न्यूनतम तापमान 9 और अधिकतम 17 डिग्री सेल्सियस होगा. वहीं बात गाजियाबाद की करें तो भी तापमान इसी के आस पास रहने की उम्मीद है. फिलहाल आने वाले कुछ दिनों तक एनसीआर वालो को ठंड से राहत की उम्मीद नहीं है. मौसम विभाग की ओर से मिले आकंड़े के मुताबिक, बीते 24 घंटे में 15 से ज्यादा जिलों में न्यूनतम तापमान 5 से 7 डिग्री सेल्सियस के करीब रिकॉर्ड किया गया है. इसमें वाराणसी, बरेली, नोएडा, सुल्तानपुर, झांसी, कानपुर, आजमगढ़, आगरा समेत कई जिले शामिल हैं. मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 24 से 48 घंटे में अधिकतम और न्यूनतम तापमान में थोड़ा उछाल देखने को मिलेगा, लेकिन उसके बाद फिर इसमें गिरावट होगी.