केवड़ा-इलायची की सुगंध से बनी कन्नौज की स्पेशल चिक्की, हर किसी की बनी पसंद, जानिए कैसे होती है तैयार – Uttar Pradesh News
Last Updated:
Chikki Health Benefits in Winter: कन्नौज की खास सुगंधित चिक्की, जो मूंगफली और गुड़ से बनती है, सर्दियों में लोगों की पहली पसंद बन गई है. इसकी अनोखी खुशबू और कुरकुरी बनावट दूर-दूर से मिठास प्रेमियों को आकर्षित करती है. जानें कैसे तैयार होती है यह पारंपरिक चिक्की और क्यों यह कन्नौज की मिठाई संस्कृति का अहम हिस्सा बन चुकी है.
कन्नौज: सर्दियों का मौसम आते ही कन्नौज शहर और इसके आसपास के इलाके मिठाइयों की खुशबू से महक उठते हैं. लड्डू, गजक और रेवड़ी की धूम के बीच, एक खास मिठास ऐसी भी है जो अपने स्वाद और खुशबू के कारण लोगों के बीच खास पहचान बना चुकी है. यह मिठास है कन्नौज की प्रसिद्ध चिक्की, जिसे मूंगफली और गुड़ से तैयार किया जाता है. कन्नौज की इस चिक्की की सबसे बड़ी खासियत यह है कि इसमें इलायची और केवड़ा इत्र की खुशबू मिलाई जाती है, जो इसे और भी खास और यादगार बना देती है.
कन्नौज जिले के बाड़ा बाजार में स्थित कलावती गट्टा भंडार लगभग सौ साल पुरानी दुकान है, जो आज भी अपनी मिठास के लिए प्रसिद्ध है. जानकार बताते हैं कि चिक्की बनाने की शुरुआत सबसे पहले शुद्ध गुड़ को तय मानक पर पकाकर चासनी तैयार करने से होती है. जब चासनी सही गाढ़ी और चिकनी बन जाती है, तब इसमें इलायची और केवड़ा इत्र मिलाया जाता है. इसके बाद जितनी मात्रा में चासनी तैयार होती है, उतनी ही मूंगफली के दाने उसमें मिलाए जाते हैं.
इस मिश्रण को बड़े तवे या पटरे पर फैलाया जाता है और बेलन से अच्छी तरह दबाया जाता है, ताकि चिक्की मजबूत और कुरकुरी बन सके. इसके बाद इसे ग्राहकों की मांग के अनुसार हाथ से काटकर अलग-अलग आकार दिए जाते हैं. इस पारंपरिक प्रक्रिया से तैयार होने वाली चिक्की न केवल स्वाद में लाजवाब होती है, बल्कि इसकी खुशबू भी लोगों को अपनी ओर खींचती है.
दुकानदार का अनुभव
स्थानीय दुकानदार सक्षम वैश्य बताते हैं कि सर्दियों में लोग सामान्य मिठाइयों की बजाय इस खास चिक्की को ज्यादा पसंद करते हैं. गुड़ के कारण इसका स्वाद मीठा और प्राकृतिक लगता है, और इसे खाने से शरीर में अंदर तक गर्माहट महसूस होती है. यही कारण है कि दूर-दूर से लोग कन्नौज आकर इस विशेष चिक्की को खरीदते हैं.
कई परिवार इसे पूरे सर्दियों के मौसम के लिए स्टोर भी कर लेते हैं. कीमत की बात करें तो कन्नौज की यह सुगंधित चिक्की 120 रुपये प्रति किलो से शुरू होकर 160 रुपये प्रति किलो तक मिलती है. दुकानदार बताते हैं कि बीते कुछ वर्षों में इसकी लोकप्रियता लगातार बढ़ी है और सर्दियों में इसकी बिक्री चरम पर रहती है. पारंपरिक तरीके से तैयार होने वाली यह चिक्की न केवल स्वादिष्ट है, बल्कि कन्नौज की सुगंध और सांस्कृतिक पहचान को भी अपने साथ समेटे हुए है. यह मिठाई शहर की परंपराओं और सर्दियों की मिठास का प्रतीक बन चुकी है.
About the Author
सीमा नाथ पांच साल से मीडिया के क्षेत्र में काम कर रही हैं. शाह टाइम्स, उत्तरांचल दीप, न्यूज अपडेट भारत के साथ ही लोकल 18 (नेटवर्क18) में काम किया है. वर्तमान में मैं News18 (नेटवर्क18) के साथ जुड़ी हूं, जहां मै…और पढ़ें