नया घर-गाड़ी लेने का है प्लान, तो खरमास में बचे हैं चंद दिन, जानें खरीदारी और गृह प्रवेश का शुभ मुहूर्त – Jharkhand News
Last Updated:
14 जनवरी को मकर संक्रांति के साथ ही खरमास समाप्त हो जाएगा और सभी शुभ कार्य पुनः शुरू होंगे. खरीदारी और गृह प्रवेश के लिए 23 जनवरी (सरस्वती पूजा) का दिन ‘अबूझ मुहूर्त’ होने के कारण सर्वश्रेष्ठ है. इस दिन बिना पंचांग देखे नया घर या वाहन लेना अत्यंत शुभ रहेगा.
देवघर: यदि आप नया घर खरीदने, गृह प्रवेश करने या नई गाड़ी घर लाने की योजना बना रहे हैं, तो आपके लिए अच्छी खबर है. सनातन धर्म में वर्जित माना जाने वाला खरमास अब अपने अंतिम पड़ाव पर है. देवघर के प्रसिद्ध ज्योतिषाचार्य पंडित नंद किशोर मुदगल के अनुसार, मकर संक्रांति के साथ ही शुभ कार्यों पर लगा ग्रहण हट जाएगा और मांगलिक कार्यों की शुरुआत हो जाएगी.
मकर संक्रांति से खुलेगा खुशियों का द्वार
हिंदू धर्म में शुभ मुहूर्त का विशेष महत्व है, क्योंकि मान्यता है कि सही समय पर शुरू किया गया कार्य सुख और समृद्धि लाता है. वर्तमान में सूर्य के धनु राशि में होने के कारण खरमास चल रहा है, जिसमें विवाह, मुंडन, और बड़े निवेश जैसे कार्य वर्जित होते हैं. ज्योतिषाचार्य ने बताया कि 14 जनवरी को जब सूर्य मकर राशि में प्रवेश करेंगे (मकर संक्रांति), तब सूर्य उत्तरायण हो जाएंगे. इसी दिन से खरमास समाप्त हो जाएगा और लोग अपने रुके हुए शुभ कार्यों को फिर से शुरू कर सकेंगे.
23 जनवरी: खरीदारी के लिए साल का सबसे बड़ा ‘अबूझ मुहूर्त’
मकर संक्रांति के बाद खरीदारी का सबसे विशेष अवसर 23 जनवरी को आ रहा है. इस दिन सरस्वती पूजा (बसंत पंचमी) का महापर्व है, जिसे ज्योतिष शास्त्र में ‘अबूझ मुहूर्त’ माना जाता है. अबूझ मुहूर्त की विशेषता यह है कि इस दिन किसी भी शुभ कार्य को करने के लिए पंचांग देखने या विशेष मुहूर्त निकालने की आवश्यकता नहीं होती; पूरा दिन ही अत्यंत पवित्र और दोषमुक्त रहता है.
पंडित नंद किशोर मुदगल के अनुसार, जो लोग नया मकान लेना चाहते हैं, भूमि पूजन या गृह प्रवेश करना चाहते हैं, उनके लिए 23 जनवरी का दिन सर्वश्रेष्ठ है. इसके अलावा, नया वाहन खरीदने या नए व्यापार की शुरुआत करने के लिए भी यह तिथि अत्यंत शुभ फलदायी मानी गई है. सरस्वती पूजा के दिन नई शुरुआत करने से मां सरस्वती की कृपा बनी रहती है और कार्यों में सफलता प्राप्त होती है. अतः अगर आप भी किसी बड़ी खरीदारी की योजना बना रहे हैं, तो 14 जनवरी के बाद से अपनी तैयारियां तेज कर सकते हैं.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.