कच्ची हल्दी से बनती है ये देसी सब्जी, स्वाद में लाजवाब और सेहत में गुणकारी; सालभर रहता इंतजार – Jharkhand News
Last Updated:
Haldi Sabji Recipe: ठंड के मौसम में कुछ लोगों को हल्दी की सब्जी काफी टेस्टी लगती है और वे बड़े चाव के साथ इसे बनाते हैं. यह खाने में तो जबरदस्त टेस्टी होती ही है साथ ही सेहत के लिए भी किसी वरदान से कम नहीं. इसे खासकर तीव्र सर्दियों में बनाया जाता है. लोग सालभर इस समय का इंतजार करते हैं कि कब कर्कश ठंड आए और हल्दी की सब्जी बनाई जाए. ऐसे में आप घर पर ही एकदम आसान तरीके से हल्दी की सब्जी बना सकते हैं.

रांची की जाने वाली कुकिंग एक्सपर्ट शालिनी बताती हैं, इसके लिए सबसे पहले आपको कच्ची हल्दी लेनी होगी, जो बिल्कुल अदरक के शेप में आती है. उसे अच्छे से धोकर कद्दूकस कर लीजिए. इसके बाद कढ़ाई में कम से कम पांच बड़े चम्मच घी डालें और कद्दूकस की हुई हल्दी को अच्छे से फ्राई करें.

जब हल्दी अच्छी तरह फ्राई हो जाए, तो इसे निकालकर अलग रख दें. अब एक कढ़ाई लें और उसमें चार चम्मच रिफाइन तेल डालें. इसके बाद इसमें जीरे का फौरन, तेज पत्ता, सारे खड़े मसाले, थोड़ा सा काजू, थोड़ा सा किशमिश, धनिया पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर हल्का फ्राई कर लें.

फिर इसमें कटे हुए दो से तीन प्याज डालें और जब प्याज गोल्डन फ्राई हो जाए, तो थोड़ा सा बारीक कटा हुआ पत्तागोभी और एक कटोरी भर मटर डालकर फिर से फ्राई करें.जब ये सभी चीजें अच्छे से फ्राई हो जाएं, तो अब जो फ्राई की हुई हल्दी आपने अलग रखी थी, उसे इसमें डाल दीजिए.
Add News18 as
Preferred Source on Google

दो से तीन मिनट तक इसे अच्छे से भूनें. ध्यान रहे, इसमें पानी बिल्कुल नहीं डालना है. अगर सब्जी थोड़ी सूखी लगे, तो ऊपर से एक या दो चम्मच घी और डाल सकते हैं, स्वाद अनुसार नमक भी मिला लें. इसके बाद घर की फ्रेश मलाई अगर मिल जाए तो और भी अच्छा रहेगा.

एक कटोरी भर मलाई लें और सब्जी में डाल दें. करीब दो मिनट तक पकाकर गैस बंद कर दें. लीजिए, आपकी गरमा-गरम हल्दी की सब्जी बनकर तैयार है. यह सब्जी खाने में तो स्वादिष्ट लगती ही है, साथ ही ठंड के मौसम में सेहत के नजरिये से भी औषधि का काम करती है.