ठंड में शरीर का अंदरूनी हीटर है बाजरा, खिचड़ी-रोटी ही नहीं इससे बनाएं ये स्वीट डिश, मिलेट की मिठास, फायदे बेहिसाब – Jharkhand News
Last Updated:
Bajra Pua Winter Recipe: ठंड के मौसम में शरीर को गर्म रखने के लिए बाजरा बेहतरीन विकल्प होता है. इससे बहुत से आइटम बनते हैं और इन्हीं में से एक है बाजरे का पुआ. स्वाद और सेहत से भरपूर इस खास रेसिपी को आप आसानी से घर पर बना सकते हैं. ना बहुत समय लगता है और ना मेहनत, जानिए रेसिपी.

ठंड के मौसम में खानपान का खास ध्यान रखना बेहद जरूरी होता है. इस समय ऐसी चीजों का सेवन करना चाहिए जो शरीर को अंदर से गर्म रखें और ऊर्जा प्रदान करें. बाजरा इन्हीं अनाजों में से एक है जो सर्दियों में सेहत के लिए किसी वरदान से कम नहीं माना जाता. इसमें मौजूद फाइबर, आयरन और मिनरल्स शरीर को ताकत देते हैं और ठंड से बचाने में मदद करते हैं.

आमतौर पर लोग सर्दियों में बाजरे की रोटी और साग खाना पसंद करते हैं. लेकिन अगर आप स्वाद में कुछ नया ट्राई करना चाहते हैं तो मकर संक्रांति के मौके पर बाजरे का पुआ एक बेहतरीन विकल्प है. यह पारंपरिक स्वाद के साथ-साथ सेहत का भी पूरा ख्याल रखता है. खास बात यह है कि इसे बनाना बहुत आसान होता है और ज्यादा समय भी नहीं लगता.

अगर आप शाम की चाय के साथ कुछ खास और अलग नाश्ता बनाना चाहते हैं, तो बाजरे के पुए आपकी चाय की शान बढ़ा देंगे. इनका स्वाद बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी को पसंद आता है. कम सामग्री में बनने वाला यह स्नैक त्योहारों और खास मौकों के लिए भी परफेक्ट रहता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

गृहणी मनोरमा देवी बताती हैं कि बाजरे का पुआ बनाने के लिए ज्यादा सामग्री की जरूरत नहीं पड़ती. इसके लिए आपको बाजरे का आटा, गुड़, घी या तेल, सफेद तिल और थोड़ा सा पानी चाहिए. ये सभी चीजें आसानी से घर पर मिल जाती हैं, जिससे यह रेसिपी और भी खास बन जाती है.

सबसे पहले गुड़ में थोड़ा पानी डालकर उसे धीमी आंच पर पकाएं और हल्की चाशनी तैयार कर लें. ध्यान रखें कि चाशनी ज्यादा गाढ़ी न हो, क्योंकि इससे पुए सख्त हो सकते हैं और स्वाद बिगड़ सकता है. चाशनी बस इतनी हो कि आटे में अच्छे से मिल जाए.

अब एक परात में बाजरे का आटा लें और उसमें सफेद तिल मिला दें. इसके बाद गुड़ के पानी से आटे को धीरे-धीरे गूंथें. आटा न ज्यादा ढीला हो और न ही बहुत सख्त. गूंथते वक्त आटे को हाथों से मसल-मसल कर डो बनाएं, इससे आटा चिपकता नहीं है. अंत में ऊपर से थोड़ा तेल लगा दें.

तैयार आटे से छोटी-छोटी टिक्कियां बना लें. टिक्कियां न ज्यादा मोटी रखें और न ही बहुत पतली, ताकि वे अच्छी तरह पक सकें. अब कड़ाही में तेल गरम करें और टिक्कियों को डीप फ्राई करें. जब पुए डार्क ब्राउन हो जाएं, तब उन्हें निकाल लें.

गरम-गरम बाजरे के पुए चाय के साथ परोसें और सर्दियों के स्वाद का आनंद लें. चाहें तो इन्हें टमाटर कैचअप या अचार के साथ भी खाया जा सकता है. सेहत और स्वाद का यह अनोखा मेल ठंड के दिनों में जरूर ट्राई करें.