Lord Ganesha stories for kids। बच्चों के लिए गणेश जी की प्रेरणादायक कहानियां

Share to your loved once


Ganesh Ji Stories With Moral: भगवान गणेश बच्चों के सबसे पसंदीदा देवताओं में से एक हैं. उनका प्यारा सा रूप, हाथी जैसा मुख, बड़ा पेट और छोटा सा चूहा, बच्चों को बहुत आकर्षित करता है. कई बच्चे तो गणेश जी को अपना दोस्त मानते हैं और उनसे दिल की बातें भी करते हैं. गणेश उत्सव के समय घरों और पंडालों में जो खुशी और उत्साह देखने को मिलता है, उसमें बच्चों की भागीदारी सबसे ज्यादा होती है. उन्हें गणेश जी की मूर्ति सजाना, मोदक चढ़ाना और आरती में शामिल होना बेहद पसंद होता है. बच्चे बातें कम और कहानियां ज्यादा समझते हैं. जब उन्हें किसी सीख को कहानी के जरिए बताया जाता है, तो वह बात उनके मन में लंबे समय तक बैठ जाती है. भगवान गणेश से जुड़ी कहानियां सिर्फ धार्मिक नहीं होतीं, बल्कि इनमें जीवन की गहरी सीख छुपी होती है. ये कहानियां बच्चों को माता-पिता का सम्मान करना, घमंड से दूर रहना, समझदारी से फैसले लेना और दूसरों का मजाक न उड़ाना सिखाती हैं. आज के समय में जब बच्चे मोबाइल और टीवी में ज्यादा उलझे रहते हैं, तब ऐसी कहानियां उन्हें अच्छे संस्कारों से जोड़ने का काम करती हैं. सोने से पहले या त्योहार के मौके पर अगर माता-पिता अपने बच्चों को भगवान गणेश की कहानियां सुनाएं, तो यह उनके व्यक्तित्व को मजबूत बनाने में मदद कर सकता है. आइए जानते हैं भगवान गणेश से जुड़ी तीन ऐसी प्रेरणादायक कहानियां, जो हर बच्चे को जरूर सुनानी चाहिए.

1. कैसे बने भगवान गणेश?
एक दिन मां पार्वती स्नान करने जा रही थीं, लेकिन घर के बाहर पहरा देने के लिए कोई नहीं था. उन्होंने अपनी शक्ति से एक बालक की रचना की और उससे कहा कि जब तक वह स्नान करके बाहर न आएं, तब तक किसी को भी अंदर न आने देना. उस बालक का नाम उन्होंने गणेश रखा. कुछ समय बाद भगवान शिव वहां पहुंचे. गणेश ने उन्हें भी अंदर जाने से रोक दिया. शिव जी को यह बात पसंद नहीं आई. उन्होंने अपने वाहन नंदी को आगे भेजा, लेकिन गणेश ने नंदी को भी रोक दिया. क्रोध में आकर शिव जी ने गणेश का सिर काट दिया. जब मां पार्वती बाहर आईं और यह देखा, तो उन्हें गहरा दुख हुआ. उन्होंने शिव जी से अपने बेटे को वापस जीवित करने की मांग की. शिव जी ने नंदी को आदेश दिया कि वह ऐसे जीव का सिर लेकर आए, जो अपनी मां से उलटी दिशा में सो रहा हो. नंदी को एक हाथी का बच्चा मिला और वह उसका सिर ले आए. शिव जी ने वही सिर गणेश को लगा दिया और उन्हें जीवनदान दिया.

सीख: यह कहानी बच्चों को सिखाती है कि माता-पिता का प्रेम अनमोल होता है और हर गलती को सुधारा जा सकता है.

2. ब्रह्मांड की परिक्रमा
एक दिन भगवान शिव और मां पार्वती ने अपने दोनों बेटों गणेश और कार्तिकेय की परीक्षा लेने का फैसला किया. उन्होंने कहा कि जो पहले पूरे ब्रह्मांड की परिक्रमा करके आएगा, वही सबसे श्रेष्ठ माना जाएगा.
कार्तिकेय तुरंत अपने मोर पर सवार होकर निकल पड़े. उन्होंने पहाड़, समुद्र, धरती और आकाश सब पार कर लिए. उन्हें पूरा भरोसा था कि गणेश उनसे मुकाबला नहीं कर पाएंगे. उधर गणेश शांति से बैठे रहे. कुछ देर बाद उन्होंने उठकर अपने माता-पिता के चारों ओर तीन चक्कर लगाए और वापस आकर बैठ गए.
जब कार्तिकेय लौटे तो यह देखकर हैरान रह गए. गणेश ने कहा कि उनके लिए माता-पिता ही पूरा ब्रह्मांड हैं. शिव जी गणेश की समझदारी से बहुत खुश हुए और उन्हें सबसे पहले पूजे जाने का वरदान दिया.

सीख: यह कहानी बच्चों को सिखाती है कि ताकत से ज्यादा समझदारी काम आती है.

सेहत, रिलेशनशिप, लाइफ या धर्म-ज्योतिष से जुड़ी है कोई निजी उलझन तो हमें करें WhatsApp, आपका नाम गोपनीय रखकर देंगे जानकारी.

3. चंद्रमा को मिला श्राप
जब भगवान गणेश को हाथी का मुख मिला और उन्हें सबसे पहले पूजा जाने लगा, तब सभी देवताओं ने उनकी प्रशंसा की, लेकिन चंद्रमा अपने रूप पर घमंड करते हुए मंद-मंद मुस्कुरा रहा था. गणेश जी समझ गए कि चंद्रमा उनका मजाक उड़ा रहा है. क्रोध में आकर गणेश जी ने चंद्रमा को श्राप दे दिया कि वह काला हो जाएगा. चंद्रमा को अपनी गलती का एहसास हुआ और उसने माफी मांगी. तब गणेश जी ने श्राप को थोड़ा हल्का कर दिया और कहा कि सूर्य की रोशनी से वह धीरे-धीरे फिर चमकने लगेगा, लेकिन गणेश चतुर्थी के दिन उसका दर्शन नहीं करना चाहिए.

सीख: यह कहानी बच्चों को बताती है कि किसी का मजाक उड़ाना गलत है और घमंड इंसान को नीचे गिरा देता है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP