Aloo Bathua Kachori Recipe। आलू बथुआ की कचौड़ी
Aloo Bathua Kachoi Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही खाना बनाने का मजा और बढ़ जाता है. ठंडी हवाओं में गरमा-गरम खाने का मन हर किसी को करता है, और ऐसे में अगर बात हो कचौड़ी की तो कोई भी इसे नकार नहीं सकता, लेकिन सर्दियों में कुछ नया और हेल्दी ट्राई करने का मन हो तो आप आलू-बथुआ की कचौड़ी बना सकते हैं. बथुआ के पत्तों में ठंड के मौसम में खूब स्वाद और पौष्टिकता होती है. ये पत्ते हल्के कड़वे होते हैं और इनके साथ आलू मिलाकर अगर आप कचौड़ी बनाते हैं तो इसका स्वाद बेहद खास और लाजवाब बन जाता है. आलू-बथुआ की कचौड़ी सिर्फ स्वाद में ही बढ़िया नहीं होती, बल्कि इसे खाने से शरीर को जरूरी पोषक तत्व भी मिलते हैं. बथुआ के पत्तों में आयरन, कैल्शियम और विटामिन्स भरपूर मात्रा में होते हैं.
आलू के साथ इसका कॉम्बिनेशन बच्चों और बड़ों दोनों को पसंद आता है. आप इसे अपने नाश्ते में, शाम की चाय के साथ या फिर त्योहारों और खास मौकों पर बना सकते हैं. इसमें ना केवल स्वाद है, बल्कि यह सेहत के लिए भी फायदेमंद है. आइए जानते हैं स्टेप-बाय-स्टेप तरीका कि कैसे आप घर पर आसानी से आलू-बथुआ की कचौड़ी बना सकते हैं.
आवश्यक सामग्री
-मैदा -2 कप
-आलू -2-3 उबले हुए
-हरी मिर्च -1 बारीक कटी हुई
-जीरा -1 छोटा चम्मच
-बथुआ के पत्ते -1 कप
-अदरक-लहसुन पेस्ट -1 चम्मच
-धनिया पाउडर -1 चम्मच
-अमचूर पाउडर -आधा चम्मच
-लाल मिर्च पाउडर -आधा चम्मच
-नमक -स्वादानुसार
-धनिया पत्ती -2 चम्मच बारीक कटी हुई
-तेल -जरूरत के अनुसार
आलू-बथुआ की कचौड़ी बनाने की विधि
1. सबसे पहले बथुआ के पत्तों को अच्छे से धोकर उबाल लें. फिर इन्हें पीसकर अलग रख दें.
2. एक कड़ाही में तेल गर्म करें और उसमें जीरा डालें. जीरा चटकने लगे तो हरी मिर्च और अदरक-लहसुन पेस्ट डालकर हल्का भूनें.
3. अब इसमें बथुआ का पेस्ट डालें और थोड़ी देर पकाएं. इसके बाद धनिया पाउडर, अमचूर पाउडर और लाल मिर्च पाउडर डालकर मिक्स करें.
4. मैश किए हुए आलू डालकर अच्छे से मिलाएं और स्वादानुसार नमक डालकर हल्का पकाएं. आखिर में कटी हुई धनिया पत्ती डालें.
5. अब मैदा में नमक और 2 बड़े चम्मच तेल मिलाकर अच्छी तरह गूंथ लें. धीरे-धीरे पानी डालकर नरम आटा तैयार करें. आटे को ढककर 10-15 मिनट के लिए रख दें.
6. आटे से छोटी-छोटी लोई बनाएं और हर लोई को बेलें. इसमें 1 चम्मच आलू-बथुआ का मिश्रण रखें और किनारों को बंद करके गोल आकार दें. हाथ से हल्का दबाकर कचौड़ी का आकार बनाएं.
7. कड़ाही में तेल गर्म करें और कचौड़ी को सुनहरा होने तक फ्राई करें. इसी तरह सारी कचौड़ी तैयार कर लें.
परोसने का तरीका
आलू-बथुआ की कचौड़ी को आप हरी चटनी, टमाटर की चटनी या अपनी पसंद की सब्जी के साथ सर्व कर सकते हैं. ठंडी सर्दियों में गरमा-गरम चाय के साथ यह एकदम परफेक्ट स्नैक साबित होती है.