कम सामग्री में बनाएं लाजवाब कबाब, बच्चों और बड़ों की फेवरेट, जानिए आसान रेसिपी
Last Updated:
सीख कबाब, शामी कबाब, हरा-भरा कबाब और गलौटी कबाब… स्वाद के ये चारों सितारे हर खाने को खास बना देते हैं. घर पर आसानी से उपलब्ध सामग्री से बने ये कबाब बच्चों से लेकर बड़ों तक सभी के फेवरेट हैं. चटनी, पराठे या रूमाली रोटी के साथ इनका आनंद दोगुना हो जाता है. आइए जानते है इसकी आसान रेसिपी…

सीख कबाब एक बेहद टेस्टी और लोगों की पसंदीदा रेसिपी है. इसे घर पर बनाना भी बहुत आसान है. इसके लिए आपको सिर्फ कुछ बेसिक मसाले और कीमा चाहिए. जब इसे चारों तरफ सुनहरा होने तक सेंका जाता है, तो ये कबाब लाजवाब लगते हैं.

सीख कबाब बनाने के लिए 500 ग्राम कीमा लें और उसमें 1 बारीक कटा प्याज, 1 टेबलस्पून अदरक-लहसुन पेस्ट, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 टीस्पून गरम मसाला, 1 टीस्पून लाल मिर्च पाउडर, स्वादानुसार नमक और 2 टेबलस्पून हरा धनिया मिलाएं. इस मिश्रण से छोटे-छोटे कबाब तैयार करें और उन्हें तेल में सुनहरा और क्रिस्पी होने तक सेकें. तैयार कबाब को गरमा-गरम हरी चटनी के साथ परोसें, जो इसे और भी स्वादिष्ट बना देता है.

शामी कबाब स्वाद में बेहद बढ़िया और खाने में हल्का होता है. इसे बच्चे-बड़े सभी पसंद करते हैं. दाल और कीमे का यह कॉम्बिनेशन इसे खास बनाता है. घर पर इसे फ्राय करना आसान है और यह जल्दी तैयार भी हो जाता है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

शामी कबाब बनाने के लिए 1 कप उबली हुई चना दाल और 1 इंच अदरक को मिक्सी में पीस लें. इसमें 300 ग्राम उबला कीमा, 1 बारीक कटा प्याज, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 टीस्पून गरम मसाला और स्वादानुसार नमक मिलाएं. यदि चाहें तो 1 अंडा भी डाल सकते हैं. इस मिश्रण से टिक्की बनाकर पैन में तेल गर्म करके सुनहरा और क्रिस्पी होने तक फ्राय करें. तैयार शामी कबाब को गरमा-गरम हरी चटनी या सॉस के साथ परोसें.

हरा-भरा कबाब स्वाद में मजेदार और सेहतमंद होता है. यह पालक, मटर और आलू से तैयार किया जाता है और बच्चों को भी बेहद पसंद आता है. इसे तवे पर या हल्के तेल में फ्राय करके गरमा-गरम परोसा जा सकता है.

हरा-भरा कबाब बनाने के लिए 1 कप उबली हुई पालक, ½ कप उबली मटर और 2 उबले आलू को मिलाएं. इसमें ½ कप ब्रेड क्रम्ब्स, 2 बारीक कटी हरी मिर्च, 1 टीस्पून चाट मसाला और स्वादानुसार नमक डालकर गाढ़ा मिश्रण तैयार करें. इस मिश्रण से टिक्की बनाएं और हल्के तेल में सुनहरा होने तक तलें. तैयार कबाब को ऊपर से काजू सजाकर गरमा-गरम परोसें.

गलौटी कबाब बहुत ही नरम और स्वाद में लाजवाब होता है. इसका मसालेदार स्वाद खाने वालों को बेहद पसंद आता है. इसे रूमाली रोटी या पराठे के साथ परोसना सबसे बढ़िया विकल्प माना जाता है.

गलौटी कबाब बनाने के लिए 500 ग्राम बहुत बारीक कीमा लें और इसमें 2 टेबलस्पून कच्चा पपीता पेस्ट, 2 टेबलस्पून तली हुई प्याज का पेस्ट, 1 टीस्पून गरम मसाला, ½ टीस्पून इलायची पाउडर और स्वादानुसार नमक मिलाएं. इस मिश्रण से कबाब का आकार दें और घी में हल्के हाथ से सेकें. तैयार गलौटी कबाब को गरमा-गरम रूमाली रोटी या पराठे के साथ परोसें.