Winter Gardening Tips : कम देखभाल में पनपेंगे ये इनडोर पौधे, हवा भी होगी शुद्ध – Uttar Pradesh News
Last Updated:
Winter Gardening Tips : सर्दियों का मौसम इनडोर गार्डनिंग के लिए बेहद अनुकूल माना जाता है. इस दौरान स्नेक प्लांट, मनी प्लांट, स्पाइडर प्लांट और पीस लिली जैसे पौधे कम धूप और कम पानी में भी अच्छी तरह पनपते हैं. ये पौधे घर की सुंदरता बढ़ाने के साथ हवा को शुद्ध रखने में भी मदद करते हैं, जिससे शहरी घरों में सेहतमंद वातावरण बना रहता है.
गाजियाबाद : सर्दियों का मौसम घरों में हरियाली लाने के लिए बेहद अनुकूल माना जाता है. इस मौसम में ऐसे पौधे लगाना बेहतर रहता है जिनकी देखभाल आसान हो और जो कम धूप में भी अच्छी तरह पनप सकें. खासकर शहरी इलाकों और हाईराइज सोसाइटी में रहने वाले लोगों के लिए इनडोर पौधे एक बेहतरीन विकल्प हैं. ये न सिर्फ घर की सुंदरता बढ़ाते हैं बल्कि हवा को भी साफ रखने में मदद करते हैं.
गाजियाबाद की जिला उद्यान अधिकारी निधि सिंह ने बताया कि सर्दियों में स्नेक प्लांट, मनी प्लांट, स्पाइडर प्लांट, पीस लिली और एलोवेरा जैसे पौधे घर के अंदर लगाने के लिए सबसे उपयुक्त होते हैं. ये पौधे कम रोशनी में भी आसानी से बढ़ते हैं और इन्हें ज्यादा पानी की जरूरत नहीं होती. लगभग 15 से 20 दिन में एक बार पानी देना इनके लिए पर्याप्त रहता है. यही कारण है कि इन्हें लो-मेंटेनेंस पौधे कहा जाता है. एनसीआर क्षेत्र में प्रदूषण लगातार बढ़ रहा है और गाजियाबाद में ऊंची इमारतों की संख्या भी अधिक है जहां घरों में जगह सीमित होती है.ऐसे में बालकनी और इनडोर पौधे न सिर्फ ऑक्सीजन बढ़ाते हैं बल्कि वातावरण को भी स्वच्छ बनाते हैं. एरेका पाम और जेड प्लांट जैसे पौधे भी इनडोर के लिए अच्छे विकल्प माने जाते हैं क्योंकि ये लंबे समय तक हरे-भरे रहते हैं.
सब्जियों के पौधे लगाना भी फायदेमंद
सर्दियों के मौसम में सिर्फ इनडोर ही नहीं बल्कि सीजनल फूल और सब्जियों के पौधे लगाना भी फायदेमंद रहता है. फूलों के पौधों में पिटूनिया, हॉलीहॉक, आइस प्लांट, कॉसमॉस, गेंदा (मैरीगोल्ड) और डहेलिया शामिल हैं. इन पौधों को अच्छी धूप की जरूरत होती है इसलिए इन्हें बालकनी या छत पर रखना चाहिए .पालक, सलाद पत्ता, पुदीना, धनिया और मेथी जैसी हरी पत्तेदार सब्जियां कम जगह में गमले या ग्रो बैग में आसानी से उगाई जा सकती हैं.
बेहद जरूरी है पौधों की सही देखभाल
सर्दियों में अधिक पानी और ठंडी हवा से पौधों को बचाना चाहिए. रात के समय ठंडी हवा से सुरक्षा के लिए पौधों को सुरक्षित जगह पर रखें. पत्तों पर जमी धूल-मिट्टी को हफ्ते में एक बार साफ करना चाहिए जिससे पौधे स्वस्थ रहते हैं .इसके लिए पानी में नीम का हल्का घोल मिलाकर पत्तों की सफाई करना लाभकारी माना जाता है. सर्दियों में थोड़ी सी सावधानी और सही जानकारी के साथ घर में हरियाली बनाए रखना आसान है. इनडोर पौधे न सिर्फ घर को खूबसूरत बनाते हैं बल्कि सेहत के लिए भी फायदेमंद साबित होते हैं.
About the Author
मीडिया क्षेत्र में पांच वर्ष से अधिक समय से सक्रिय हूं और वर्तमान में News-18 हिंदी से जुड़ा हूं. मैने पत्रकारिता की शुरुआत 2020 के बिहार विधानसभा चुनाव से की. इसके बाद उत्तर प्रदेश, उत्तराखंड चुनाव में ग्राउंड…और पढ़ें