इनेलो नेता के भाई जयदीप राठी हत्याकांड में एक और आरोपी गिरफ्तार, पुलिस को अब भी शव की तलाश

Share to your loved once


पानीपत. हरियाणा के पानीपत जिले में इनेलो नेता के भाई जयदीप राठी अपहरण और हत्याकांड में पुलिस को अहम सफलता हाथ लगी है. पुलिस अधीक्षक (SP) भूपेंद्र सिंह ने मामले में की गई कार्रवाई और अब तक की प्रगति को लेकर विस्तृत बयान दिया. उन्होंने बताया कि इस सनसनीखेज मामले में जिला पुलिस, एसटीएफ और क्राइम ब्रांच की टीमें लगातार संयुक्त रूप से काम कर रही हैं.

एसपी भूपेंद्र सिंह ने जानकारी दी कि वीडियो फुटेज में साथ दिखाई दे रहे एक आरोपी को पुलिस ने गिरफ्तार कर लिया है. वहीं, देर रात उसके एक और साथी के साथ पुलिस की मुठभेड़ हुई, जिसमें वह घायल हो गया और फिलहाल अस्पताल में भर्ती है. उसके स्वस्थ होते ही औपचारिक गिरफ्तारी की जाएगी.पहले गिरफ्तार किए गए आरोपी जसवीर उर्फ जसवंत उर्फ जस्सी से की गई पूछताछ में कई महत्वपूर्ण जानकारियाँ सामने आई हैं. पुलिस ने उसे कोर्ट में पेश कर 8 दिन की पुलिस रिमांड हासिल की है.

एसपी ने कहा कि इन 8 दिनों के दौरान पूरी वारदात को एक-एक करके रीक्रिएट किया जाएगा, ताकि यह स्पष्ट हो सके कि घटना कैसे हुई, इसमें कौन-कौन शामिल था, किस रूट का इस्तेमाल किया गया और कौन-कौन से वाहन प्रयोग में लाए गए.

पुलिस अधीक्षक ने यह भी बताया कि पूछताछ में आरोपियों ने जयदीप राठी की हत्या कर शव को ठिकाने लगाने की बात स्वीकार की है. हालांकि, यह दावा पूरी तरह सत्य है या नहीं, इसकी पुष्टि रिमांड अवधि के दौरान निशानदेही के आधार पर की जाएगी. शव को कहां ले जाया गया, कैसे ले जाया गया और किस तरह से उसे डिस्पोज़ किया गया—इन सभी बिंदुओं पर गहन जांच की जाएगी.इस पूरे ऑपरेशन में एफएसएल (फोरेंसिक साइंस लैब) की स्थानीय टीम भी शामिल रहेगी. आवश्यकता पड़ने पर आधुनिक वैज्ञानिक उपकरणों और तकनीकों की मदद लेकर जांच को और मजबूत किया जाएगा. सीआईए-1 और सीआईए-2 की टीमें भी लगातार जांच में जुटी हुई हैं.

कोई भी दोषी बख्शा नहीं जाएगाः एसपी

एसपी भूपेंद्र सिंह ने दो टूक कहा कि इस मामले में किसी भी दोषी को बख्शा नहीं जाएगा, चाहे वह कोई भी हो. अभी तक इस केस में छह आरोपी सामने आए हैं, लेकिन पूछताछ के दौरान यदि और नाम उजागर होते हैं, तो उन्हें भी जांच में शामिल किया जाएगा. फरार आरोपियों की तलाश तेज कर दी गई है और पुलिस का दावा है कि सभी को जल्द ही गिरफ्तार कर लिया जाएगा. पुलिस प्रशासन ने साफ किया है कि जयदीप राठी हत्याकांड का पूरा सच जल्द ही जनता के सामने लाया जाएगा और कानून के तहत कठोर कार्रवाई की जाएगी.

गौरतलब है कि इनेलो नेता के भाई जयदीप राठी 28 दिसंबर को लापता हो गए थे. वह फार्म हाउस जाने के लिए निकले थे. उनकी कार पंजाब के डेराबस्सी में मिली है. आरोपियों का कहना है कि उन्होंने हत्या के बाद शव को जला दिया था और अधजले शव को नहर में फेंक दिया था.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP