यूपी में कोहरा और शीतलहर बनेगी आफत! अगले 4 दिनों तक नहीं मिलेगी राहत, IMD ने जारी किया अलर्ट

Share to your loved once


वाराणसी: यूपी वालों को कोहरे की सफेद चादर से फिलहाल राहत मिलने के आसार नहीं है. भारतीय मौसम विभाग ने इसकी संभावना जताई है. अनुमान है अगले 3 से 4 दिनों तक प्रदेश में कोहरे का ये कहर जारी रहेगा. इस दौरान कहीं मध्यम तो कहीं घना कोहरा छाए रहने का अनुमान है. हालांकि राहत की बात ये है कि प्रदेश के अलग-अलग जिलों में अगले 48 घंटे में लोगों को हाड़ कंपाने वाली ठंड से थोड़ी राहत मिल सकती है. लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र से मिली जानकारी के मुताबिक 6 जनवरी को पूर्वी यूपी के साथ पश्चिमी यूपी के कई जिलों में सुबह सवेरे घना कोहरा नजर आएगा. इसको लेकर येलो अलर्ट भारतीय मौसम विभाग ने जारी किया है. मंगलवार को बरेली से देवरिया और वाराणसी से झांसी तक सुबह या देर रात के समय कोहरा नजर आएगा. हालांकि 25 से ज्यादा जिलों में आज धूप भी खिलेगी. लेकिन शाम होने के साथ वहां भी बर्फीली हवाएं कंपायेगी.

अयोध्या से झांसी तक कोहरे की सफेद चादर
पूर्वानुमान है आज बरेली, पीलीभीत, शाहजहांपुर, लखीमपुर खीरी, सीतापुर, बहराइच, गोंडा, श्रावस्ती, अयोध्या, अंबेडकर नगर, बस्ती, बलरामपुर, सिद्धार्थनगर, महराजगंज, गोरखपुर, देवरिया, कुशीनगर, प्रयागराज, चित्रकूट, वाराणसी, मिर्जापुर, जौनपुर, चंदौली, सोनभद्र, बांदा, झांसी, महोबा, हमीरपुर और ललितपुर में घने से घना कोहरा छाया रहेगा. इसके लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है. इस दौरान कुछ शहरों में 300 से 600 मीटर की दृश्यता वाला घना कोहरा भी नजर आ सकता है.

लखनऊ में भी दिखेगा कोहरा
मंगलवार को राजधानी लखनऊ में सुबह की शुरुआत कोहरे से होगी. इसको लेकर येलो अलर्ट जारी  हुआ है. आज यहां न्यूनतम तापमान 9 और अधिकतम 20 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. वहीं बात दिल्ली से सटे नोएडा की करें तो आज वहां भी सुबह के समय कहीं कहीं हल्का कोहरा नजर आ सकता है. हालांकि दिन चढ़ने के साथ यहां मौसम सामान्य होगा.

ठंड से मिलेगी राहत
बनारस हिन्दू यूनिवर्सिटी के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया कि अगले 48 घंटे में हाड़ कंपाने वाली ठंड से यूपी वालों को राहत मिलेगी.क्योंकि अनुमान है कि अगले 2 दिनों में अधिकतम तापमान में 4 से 5 डिग्री सेल्सियस तक का उछाल आएगा. हालांकि न्यूनतम तापमान में अगले 5 दिनों में कोई खास बदलाव के आसार नहीं हैं.

इटावा में सबसे कम तापमान
मौसम विभाग से मिले आकंड़े बताते चलें कि बीते 24 घंटे में यूपी में सबसे कम तापमान इटावा में रिकॉर्ड हुआ. यहां न्यूनतम तापमान 2.4 डिग्री सेल्सियस रहा. वहीं प्रदेश के कई जिलों में बीते शीत दिवस और जीरो विजिबिलिटी वाला कोहरा भी बीते 24 घंटे में छाया रहा.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP