एक ठेला, एक सीक्रेट मसाला और सैकड़ों ग्राहक! ठंड सीजन में रायपुर में छाया टेस्टी एग रोल – Chhattisgarh News
Food Story: रायपुर शहर में स्ट्रीट फूड का क्रेज लगातार बढ़ता जा रहा है और ठंड के मौसम में अंडे से बने व्यंजनों की मांग खास तौर पर देखने को मिलती है. इसी कड़ी में रायपुर के भांठागांव चौक के पास लगने वाला राहुल एग रोल सेंटर इन दिनों लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हो गया है. यहां रोजाना सैकड़ों लोग स्वादिष्ट और गरमागरम एग रोल का आनंद लेने पहुंच रहे हैं.
एग रोल की डिमांड सबसे ज्यादा
एग रोल सेंटर के संचालक राहुल ने बताया कि उनका यह ठेला प्रतिदिन शाम करीब 5 बजे भांठागांव चौक के पास लगाया जाता है और रात 1 बजे तक ग्राहकों की भीड़ बनी रहती है. राहुल के अनुसार, उनके ठेले पर एग रोल के अलावा अंडा भुर्जी, बॉयल अंडा, चाउमीन और कीमा चाप जैसे कई स्वादिष्ट व्यंजन भी मिलते हैं, लेकिन ठंड के दिनों में एग रोल की डिमांड सबसे ज्यादा बढ़ जाती है.
राहुल ने बताया कि उनके एग रोल की खासियत इसकी तैयारी और स्वाद में छुपी है. वे एग रोल के लिए मैदा की रोटी पहले से अपने घर पर ही तैयार करते हैं और फिर उसे अपने ठेले तक लेकर आते हैं. जब ग्राहक ऑर्डर देता है, तब उस रोटी को तेल में हल्का तलकर कुरकुरा बनाया जाता है. इसके बाद उसमें ताजा सब्जियां जैसे पत्ता गोभी, मिर्च, टमाटर और बारीक कटी हुई गाजर डाली जाती हैं, जिससे एग रोल का स्वाद और भी बढ़ जाता है.
एग रोल की सबसे खास बात राहुल का सीक्रेट मसाला है. राहुल बताते हैं कि जब वे अंडे को फेंटते हैं, तब उसमें अपना खास मसाला मिलाते हैं, जिसकी वजह से उनके एग रोल का स्वाद अन्य जगहों से अलग और लाजवाब होता है. यही कारण है कि एक बार जो ग्राहक यहां एग रोल खा लेता है, वह दोबारा जरूर आता है.
18 ट्रे अंडों की खपत
राहुल के अनुसार, केवल एग रोल बनाने में ही रोजाना करीब 18 ट्रे अंडों की खपत हो जाती है. एक ट्रे में 30 अंडे होते हैं, इस तरह प्रतिदिन लगभग 540 अंडे सिर्फ एग रोल में इस्तेमाल हो जाते हैं. इससे अंदाजा लगाया जा सकता है कि रायपुरवासी एग रोल को कितना पसंद कर रहे हैं.
कीमत की बात करें तो राहुल एग रोल सेंटर में सिंगल एग रोल मात्र 30 रुपए में उपलब्ध है, जबकि डबल एग रोल 40 रुपए में दिया जाता है. किफायती दाम और शानदार स्वाद के चलते यह ठेला युवाओं, छात्रों और कामकाजी लोगों के बीच खासा लोकप्रिय हो गया है. राहुल एग रोल सेंटर रायपुर में स्ट्रीट फूड की दुनिया में अपनी अलग पहचान बना चुका है और ठंड के मौसम में यह ठेला लोगों के लिए स्वाद और गर्माहट का बेहतरीन ठिकाना बन गया है.