खूब हुए शर्मसार, लेकिन अब और नहीं! टेस्ट क्रिकेट के लिए कप्तान शुभमन गिल का प्लान तैयार, BCCI से की खास डिमांड
Last Updated:
Shubman Gill red ball camp demand to BCCI before every test series: शुभमन गिल ने किसी भी टेस्ट सीरीज से पहले 15 दिन के कैंप की मांग की है. घर में बार-बार शर्मसार हो रही भारतीय टेस्ट टीम को लेकर कप्तान गिल ने भारतीय क्रिकेट कंट्रोल बोर्ड को यह सुझाव दिया. गिल ने कहा है कि अगर टेस्ट सीरीज से पहले 15 दिन के रेड-बॉल कैंप हों तो यह टीम के लिए सबसे अच्छा होगा.
शुभमन गिल ने BCCI से की डिमांडनई दिल्ली. घरेलू टेस्ट सीरीज में भारत को पिछले कुछ समय में दो बार शर्मसार होना पड़ा. पहले न्यूजीलैंड ने भारत में आकर मेजबानों का क्लीन स्वीप किया. इसके बाद हाल ही में साउथ अफ्रीका के खिलाफ भी भारत को 2-0 से करारी शिकस्त मिली. इस शर्मनाक हार के बाद हेड कोच गंभीर से लेकर सेलेक्टर्स तक की खूब आलोचना हुई. गंभीर के टीम को लेकर कुछ फैसलों पर खूब सवाल उठे. भारत की अगली टेस्ट सीरीज से पहले अब टीम के कप्तान शुभमन गिल एक्शन मोड में आ चुके हैं. गिल ने BCCI के सामने एक सुझाव रखते हुए खास डिमांड की है. दरअसल, गिल ने टेस्ट क्रिकेट में टीम की प्रैक्टिस के लिए एक नई रणनीति बनाई है.
टाइम्स ऑफ इंडिया की एक रिपोर्ट के अनुसार शुभमन गिल ने सेलेक्टर्स और BCCI अधिकारियों के साथ अनौपचारिक बातचीत में यह मुद्दा उठाया. बोर्ड के एक सूत्र के हवाले से कहा गया, ‘गिल इस बात को लेकर बिल्कुल साफ थे कि टेस्ट सीरीज से पहले टीम को बेहतर तैयारी की जरूरत है. इस सीजन में शेड्यूल ऐसा था कि टीम को तैयारी के लिए ज्यादा समय नहीं मिला. गिल ने बोर्ड को सुझाव दिया कि किसी भी टेस्ट सीरीज से पहले कम से कम 15 दिन का रेड-बॉल कैंप होना चाहिए.’
शुभमन गिल ने BCCI से की डिमांड
इस सीजन भारत का क्रिकेट कैलेंडर काफी व्यस्त रहा, जिससे अलग-अलग फॉर्मेट की तैयारी के लिए समय नहीं मिल पाया. टीम को 28 सितंबर 2025 को एशिया कप फाइनल खेलने के बाद वेस्टइंडीज के खिलाफ 2 अक्टूबर को शुरू होने वाले पहले टेस्ट के लिए सिर्फ 4 दिन मिले थे. ऐसा ही हाल साउथ अफ्रीका सीरीज से पहले भी रहा, जहां ऑस्ट्रेलिया के खिलाफ T20I सीरीज खत्म होने और 14 नवंबर को कोलकाता में पहले टेस्ट के बीच सिर्फ 6 दिन का अंतर था.
BCCI के एक सीनियर सूत्र ने रोहित शर्मा के बाद लीडरशिप अप्रोच में बदलाव की ओर भी इशारा किया. सूत्र ने कहा, ‘गिल अब आत्मविश्वास वाले गुण दिखा रहे हैं. वह सेलेक्टर्स और BCCI के सामने अपना विजन ज्यादा साफ तौर पर पेश कर रहे हैं. यह भारतीय क्रिकेट के लिए अच्छा संकेत है, क्योंकि टीम को एक मजबूत कप्तान की जरूरत है. टेस्ट और वनडे टीमें गिल की हैं और उनके लिए अपनी बात मजबूती से कहना जरूरी है.’
लक्ष्मण को सौंपी जा सकती है जिम्मेदारी
2026 में भी भारत का क्रिकेट शेड्यूल भी काफी व्यस्त रहने वाला है, जिसमें कई व्हाइट-बॉल सीरीज शामिल हैं. ऐसे में हर टेस्ट सीरीज से पहले 15 दिन का कैंप लगाना आसान काम नहीं होगा. यह भी कहा गया है कि BCCI इस तरह के कैंप आयोजित करने के लिए वीवीएस लक्ष्मण से संपर्क कर सकता है, क्योंकि मुख्य कोच गौतम गंभीर उस समय व्हाइट-बॉल टीमों के साथ व्यस्त रह सकते हैं. सूत्र ने कहा, ‘ऐसे मौके आ सकते हैं जब गौतम गंभीर व्हाइट-बॉल टीमों के साथ व्यस्त हों और उसी समय कोई टेस्ट सीरीज नजदीक हो. तब बोर्ड रेड-बॉल कैंप के आयोजन के लिए CoE (सेंटर ऑफ एक्सीलेंस) के क्रिकेट हेड वीवीएस लक्ष्मण की सेवाएं ले सकता है.’
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें