Vaibhav Suryavanshi Captaincy: वैभव सूर्यवंशी की कप्तानी में भारत की अंडर-19 टीम ने सीरीज की नाम, साउथ अफ्रीका को दूसरे वनडे में भी धोया
Last Updated:
IND U19 vs SA U19 2nd youth ODI Highlights: कप्तानी करते हुए अपनी पहली ही सीरीज में वैभव सूर्यवंशी ने भारत की अंडर-19 टीम को जीत दिलाई है. वैभव सूर्यवंशी ने शानदार कप्तानी के बाद तूफानी बैटिंग करते हुए साउथ अफ्रीका के खिलाफ दूसरे यूथ वनडे में भारत को 8 विकेट से जीत दिलाई. इससे भारत ने तीन मुकाबलों की इस सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली.
भारत की अंडर-19 टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज की नाम.नई दिल्ली. भारत की अंडर-19 टीम ने साउथ अफ्रीका को दूसरे यूथ वनडे मैच में भी धूल चटा दी है. बेनोनी के विलोमूरे पार्क में गेंदबाजों के कमाल के बाद वैभव सूर्यवंशी की 68 रन की तूफानी पारी ने भारत को आठ विकेट से जीत दिलाई, जिससे तीन मैचों की सीरीज में 2-0 से अजेय बढ़त बना ली. पहला मुकाबला भारत ने 25 रन से जीता था. बता दें कि आयुष म्हात्रे की गैरमौजूदगी में पहली बार वैभव सूर्यवंशी को अंडर-19 टीम की कमान मिली और उन्होंने बतौर कप्तान अपनी पहली ही सीरीज कमाल दिखाते हुए सीरीज पर कब्जा जमाया. सीरीज का आखिरी मुकाबला 7 जनवरी को इसी मैदान पर खेला जाएगा.
बारिश ने डाला खलल, लेकिन जीत गया भारत
टॉस जीतकर पहले बल्लेबाजी करते हुए साउथ अफ्रीकी टीम 245 रन पर ढेर हो गई. जेसन राउल्स ने 114 रन की शतकीय पारी खेलकर टीम को 200 के पार पहुंचाया. रन चेज करते हुए वैभव सूर्यवंशी की तूफानी पारी ने भारत की जीत के लिए नींव रखी. वैभव के आउट होने के बाद खराब मौसम और बारिश के चलते दो बार मुकाबला रोका गया. दूसरी बार मैच रोकने के बाद जब मुकाबला शुरू हुआ तो डकवर्थ लुइस नियम के तहत भारत को जीत के लिए 27 ओवर में 174 रन का टारगेट मिला, जिसे टीम ने आठ विकेट रहते 23.3 ओवर में 176 रन बनाकर हासिल कर लिया. वेदांत त्रिवेदी (31*) और अभिज्ञान कुंडू (48*) नाबाद रहे. अभिज्ञान ने छक्का लगाकर मैच जिताया.
भारत की अंडर-19 टीम ने साउथ अफ्रीका के खिलाफ सीरीज की नाम.
वैभव सूर्यवंशी का आया तूफान
लक्ष्य का पीछा करते हुए वैभव सूर्यवंशी ने भारत को तूफानी शुरुआती दिलाई. ओपनिंग करने आए वैभव ने अपना खाता ही छक्का लगाकर खोला. इसके बाद वह रुके नहीं और छक्कों की झड़ी लगाते हुए 19 गेंदों में फिफ्टी जड़ दी. हालांकि, वह 24 गेंदों में 68 रन की पारी खेलकर आउट हो गए. इस दौरान उन्होंने 10 छक्के और एक चौका लगाया. वैभव ने 283 के स्ट्राइक रेट से साउथ अफ्रीका की धज्जियां उड़ाईं. इस तूफानी पारी के लिए वैभव सूर्यवंशी को प्लेयर ऑफ द मैच चुना गया. उनके अलावा आरोन जॉर्ज ने 20 रन बनाए. ओपनर्स के आउट होने के बाद वेदांत और अभिज्ञान ने टीम को जीत दिला दी. वेदांत ने चार चौके लगाए. वहीं, अभिज्ञान ने तीन चौके और दो छक्के लगाए.
किशन कुमार ने गेंद से बरपाया कहर
भारत की गेंदबाजी भी शानदार रही. किशन कुमार सबसे सफल बॉलर रहे. उन्होंने नई गेंद से कहर बरपाया और मैच में चार विकेट लिए. आरएस अम्ब्रीश ने दो विकेट चटकाए, जबकि दीपेश देवेन्द्रन, कनिष्क चौहान और खिलन पटेल ने एक-एक सफलता हासिल की. किशन कुमार ने नई गेंद से कमाल की गेंदबाजी की और साउथ अफ्रीका के तीन विकेट 57 रन पर गिरा दिए. हालांकि, जेसन राउल्स के शतक से साउथ अफ्रीका का स्कोर किसी तरह 200 के पार पहुंचा. उनके अलावा डेनियल बॉसमन ने 31 रन और अदनान लगादियान ने 25 रन बनाए थे.
About the Author
नवंबर 2025 से नेटवर्क 18 ग्रुप में सब एडिटर के पद पर कार्यरत. पत्रकारिता में 3 साल का अनुभव. जी न्यूज से खेल पत्रकारिता में डेब्यू किया. क्रिकेट के साथ-साथ हॉकी और बैडमिंटन के बारे में भी लिखने में दिलचस्पी. मा…और पढ़ें