ऑथेंटिक सरसों का साग और देसी घी चुपड़ी मक्के की रोटी…लेना है मजा तो यहां आएं, बिलकुल पंजाब वाला स्वाद!
Last Updated:
Koderma Special Sarso Ka Saag Makke Ki Roti: कोडरमा के इस होटल में एकदम ऑथेंटिक सरसों का साग और मक्के की रोटी मिलती है. केवल सर्दियों में मिलने वाले इस व्यंजन की मांग आजकल खूब बढ़ी है. अगर आपको भी इस पंजाबी डिश का मजा लेना है तो यहां आएं.
कोडरमा. सर्दियों की ठिठुरन के बीच इन दिनों कोडरमा में देसी और पौष्टिक भोजन का अलग ही रंग देखने को मिल रहा है. ठंड बढ़ते ही लोगों की थाली में पंजाब की पारंपरिक मक्के की रोटी और सरसों के साग ने खास जगह बना ली है. गरमा-गरम मक्के की रोटी, ऊपर से देसी घी और साथ में पंजाबी स्टाइल में बना सरसों का साग. यह स्वाद लोगों को इतना भा रहा है कि सुबह से लेकर शाम तक खाने वालों की भीड़ जुट रही है.
शरीर को रखे गर्म और ताकत देने का भी करता है काम
झारखंड और बिहार की सीमा के बीच घाटी क्षेत्र में संचालित खालसा होटल इन दिनों इस खास व्यंजन के लिए चर्चा में है. यहां स्थानीय लोगों के साथ-साथ बाहर से आने वाले यात्री और पर्यटक भी पंजाबी स्वाद का जमकर लुत्फ उठा रहे हैं. ठंड के मौसम में यह भोजन न सिर्फ स्वादिष्ट है, बल्कि शरीर को गर्म रखने और ताकत देने वाला भी माना जाता है.
कीमत की बात करें तो यहां आधी प्लेट सरसों की साग 100 रुपये में उपलब्ध है, जबकि फुल हांडी सरसों की साग के लिए 200 रुपये लिए जाते हैं. वहीं घी में बनी मक्के की रोटी मात्र 25 रुपये प्रति पीस में परोसी जाती है.
पंजाब से मंगाए जाते हैं उन्नत मक्के के दाने, घी में तैयार होती है रोटी
खालसा होटल के प्रकाश पासवान ने बताया कि मक्के की रोटी और सरसों की साग खास तौर पर सिर्फ सर्दियों के मौसम में ही उपलब्ध कराया जाता है. उन्होंने बताया कि मक्के की रोटी के लिए उन्नत किस्म के पीले मक्के के दाने सीधे पंजाब से मंगवाए जाते हैं, ताकि असली पंजाबी स्वाद बरकरार रहे. वहीं सरसों का साग स्थानीय मंडी से ताजा लिया जाता है, जिससे स्वाद के साथ-साथ ताजगी और पौष्टिकता भी बनी रहती है.
दिलाता है पंजाब की याद
उन्होंने बताया कि होटल में पंजाबी स्टाइल में सरसों का साग तैयार किया जाता है, जिसमें सरसों के पत्तों के साथ पारंपरिक मसालों का खास मिश्रण होता है. इसे धीमी आंच पर पकाया जाता है, जिससे इसका स्वाद और खुशबू और भी बढ़ जाती है. वहीं मक्के की रोटी शुद्ध घी में तैयार की जाती है, जो खाने वालों को पंजाब की याद दिला देती है.
About the Author
बुंदेलखंड यूनिवर्सिटी से मास कम्यूनिकेशन एंड जर्नलिज़्म में मास्टर्स, गोल्ड मेडलिस्ट. पत्रकारिता का सफर दैनिक जागरण से शुरू हुआ, फिर प्रभात खबर और ABP न्यूज़ से होते हुए News18 Hindi तक पहुंचा. करियर और देश की …और पढ़ें