Beetroot Halwa Recipe। चुकंदर का हलवा रेसिपी
Beetroot Halwa Recipe: सर्दियों आते ही गरमा-गरम हलवे का मज़ा हर किसी को बहुत भाता है. ज्यादातर घरों में इस मौसम में गाजर का हलवा बनता है, लेकिन क्या आपने कभी चुकंदर का हलवा चखा है? ये सिर्फ स्वाद में लाजवाब नहीं, बल्कि सेहत के लिए भी बेहद फायदेमंद है. चुकंदर में आयरन और फाइबर भरपूर मात्रा में होते हैं, जो खून बढ़ाने और शरीर को एनर्जी देने में मदद करते हैं. कुकिंग एक्सपर्ट पूनम देवनानी ने इसे बनाने का एक आसान और अलग तरीका बताया है, जिससे हलवा जल्दी तैयार हो जाता है और खाने में भी बेहद स्वादिष्ट लगता है. चुकंदर का हलवा बनाने में खास बात यह है कि इसका स्वाद गाजर के हलवे से कम नहीं और सेहत के लिहाज से तो यह गाजर से भी आगे है. इसमें मलाईदार मावा, देसी घी की खुशबू और ड्राई फ्रूट्स का क्रंच हर किसी का दिल जीत लेता है.
खास बात यह है कि यह हलवा खून की कमी, थकान और कमजोरी जैसी समस्याओं में भी मदद करता है, अगर आप अपने परिवार के लिए कुछ अलग और हेल्दी डेजर्ट बनाना चाहते हैं, तो इस सर्दी में चुकंदर का हलवा ट्राय करना एकदम सही रहेगा. अब हम आपको स्टेप-बाय-स्टेप बताएंगे कि कैसे आसानी से और जल्दी से स्वाद और सेहत में बेमिसाल चुकंदर का हलवा बनाया जा सकता है.
चुकंदर की सही तैयारी
हलवा बनाने की शुरुआत चुकंदर को तैयार करने से होती है. सबसे पहले ताजे और गहरे लाल रंग के चुकंदर चुनें. इन्हें अच्छे से धोकर छील लें. इसके बाद इन्हें कद्दूकस करें. कुकिंग एक्सपर्ट पूनम देवनानी के अनुसार मोटे साइड से कद्दूकस करें ताकि हलवे में चुकंदर के लच्छे दिखाई दें और खाने में मज़ा आए, अगर आपको हलवा बहुत मुलायम पसंद है तो पतले साइड से भी घिस सकते हैं.
घी में भुनाई और ड्राई फ्रूट्स का तड़का
हलवे का असली स्वाद घी में भूनने से आता है. सबसे पहले पैन में शुद्ध देसी घी गरम करें. अपनी पसंद के ड्राई फ्रूट्स जैसे काजू, बादाम या पिस्ता हल्का सुनहरा होने तक भूनकर अलग निकाल लें. अब उसी बचे हुए घी में कद्दूकस किया हुआ चुकंदर डालें. इसे धीमी आंच पर 5 मिनट तक लगातार चलाते हुए भूनें. भूनने से चुकंदर का कच्चापन निकल जाता है और हलवे में खुशबू भी आ जाती है.
दूध के साथ पकाने का तरीका
चुकंदर घी में भुन जाने के बाद इसमें एक गिलास दूध डालें. अच्छे से मिलाकर ढक्कन लगा दें और धीमी आंच पर पकने दें. बीच-बीच में चलाते रहें ताकि यह तले में चिपके नहीं. दूध धीरे-धीरे चुकंदर में समा जाता है और हलवा नरम बन जाता है. जब दूध पूरी तरह सूख जाए और चुकंदर गल जाए, तब अगला स्टेप करें.
मिठास और मावे का जादू
अब हलवे में अपनी पसंद के अनुसार एक कप चीनी या मिश्री डालें. चीनी डालने के बाद हलवा थोड़ा पानी छोड़ेगा, इसे मीडियम आंच पर सुखाएं. जब मिश्रण सूख जाए, तब इसमें एक कप मावा या मिल्क पाउडर मिलाएं. मावा हलवे को रिच और क्रीमी टेक्सचर देता है. पूनम का सुझाव है कि थोड़ा सा मावा बचा लें ताकि सजाने में काम आए.
फाइनल टच और गार्निशिंग
हलवे में आधा चम्मच इलायची पाउडर डालें और अच्छी तरह मिलाएं. इलायची की खुशबू चुकंदर के स्वाद को और बढ़ा देती है. गैस बंद कर दें और हलवे के ऊपर रोस्ट किए हुए ड्राई फ्रूट्स और बचा हुआ मावा डालकर सजाएं. गरमा-गरम चुकंदर का हलवा तैयार है.
स्वाद और सेहत का परफेक्ट बैलेंस
चुकंदर का हलवा न सिर्फ देखने में आकर्षक है, बल्कि खाने में भी स्वाद में लाजवाब है. यह हलवा खून की कमी दूर करने, ऊर्जा बढ़ाने और सर्दियों में शरीर को गर्म रखने में मदद करता है, अगर आप अपने डेजर्ट में हेल्दी टच चाहते हैं और कुछ अलग ट्राय करना चाहते हैं, तो चुकंदर का हलवा आपके लिए एकदम परफेक्ट है.