Rishabh Pant half century:ऋषभ पंत की नाबाद अर्धशतकीय पारी और हर्षित राणा के ‘चौके’ से दिल्ली को मिली जीत
Last Updated:
Rishabh Pant half century: ऋषभ पंत की कप्तानी वाली दिल्ली ने विजय हजारे ट्रॉफी में चौथी जीत दर्ज की. दिल्ली ने सर्विसेज को आठ विकेट से हराकर पॉइंट टेबल में पहला स्थान हासिल कर लिया. दिल्ली की जीत में पंत ने नाबाद अर्धशतक जड़ा जबकि तेज गेंदबाज हर्षित राणा ने चार विकेट अपने नाम किए.
पंत ने नाबाद 67 रन की पारी खेली. नई दिल्ली. भारतीय विकेटकीपर बल्लेबाज ऋषभ पंत के 37 गेंदों पर खेली गई नाबाद 67 रन की पारी और हर्षित राणा के चार विकेट हॉल के दम पर दिल्ली ने सर्विसेज को आठ विकेट से हरा दिया. इस जीत से दिलली पॉइंट टेबल में अपने ग्रुप में शीर्ष पर पहुंच गई है. बीसीसीआई सेंटर ऑफ एक्सीलेंस ग्राउंड 2 पर खेले गए इस मैच में पहले हर्षित ने गेंद से कहर बरपाया, फिर पंत ने शानदार पारी खेलकर टीम को धमाकेदार जीत दिला दी. दिल्ली की पांच मैचों में यह चौथी जीत है. कप्तान ऋषभ पंत की विस्फोटक पारी में चार चौके और छह छक्के शामिल थे. पंत की यह पारी उसी समय आई जब नेशनल सेलेक्टर्स ने 11 जनवरी से वडोदरा में शुरू होने वाली न्यूजीलैंड के खिलाफ तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए भारत की टीम की घोषणा की.
दिल्ली ने सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य (45 गेंदों पर 72 रन नाबाद) और पंत (37 गेंदों पर 67 रन नाबाद) के आक्रामक अर्धशतकों की बदौलत महज 19.4 ओवर में जीत के लिए मिले महज 178 रन के लक्ष्य को हासिल कर लिया. इस जीत के साथ पंत की अगुआई वाली टीम ने अपने नेट रन रेट (एनआरआर) में जबरदस्त सुधार किया जो पिछले दौर में अलूर में ओडिशा से मिली करारी हार के बाद बुरी तरह प्रभावित हुआ था.
पंत ने नाबाद 67 रन की पारी खेली.
दिल्ली 16 अंकों और +0.803 के नेट रन रेट से शीर्ष पर पहुंच गई
दिल्ली की टीम 16 अंकों और +0.803 के शानदार नेट रन रेट के साथ तालिका में शीर्ष पर पहुंच गई है. इसके बाद हरियाणा (16 अंक, +0.460) दूसरे स्थान पर है. ओडिशा, रेलवे और सौराष्ट्र के 12-12 अंक हैं, जबकि गुजरात के आठ अंक हैं. पंत का पांच मैचों में यह दूसरा अर्धशतक था जो दो निराशाजनक प्रदर्शनों के बाद आया.
पंत ने 6 छक्के जड़े
भारतीय तेज गेंदबाज हर्षित राणा (47 रन पर चार विकेट) और उभरते हुए दाएं हाथ के तेज गेंदबाज प्रिंस यादव (28 रन पर तीन विकेट) ने सेना के बल्लेबाजी क्रम को ध्वस्त किया. अनुभवी तेज गेंदबाज इशांत शर्मा (16 रन पर एक विकेट) ने भी एक विकेट लिया.सर्विसेज की टीम 26वें ओवर में 82 रन पर पांच विकेट गंवाने के बाद 42.5 ओवर में ऑल आउट हो गई. सार्थक रंजन (चार) के आउट होने के बाद दिल्ली के सलामी बल्लेबाज प्रियांश आर्य ने नीतीश राणा (33 गेंदों पर 32 रन) के साथ 93 रन की साझेदारी की.
इसके बाद उन्होंने पंत के साथ 85 रन की अटूट साझेदारी करके 20 ओवर से पहले ही जीत की औपचारिकताएं पूरी कर दी. पंत ने अपनी बेबाक बल्लेबाजी शैली से चार चौके और छह छक्के लगाए और उनका स्ट्राइक रेट 182 तक पहुंच गया, वहीं आर्य ने भी कप्तान साथ देते हुए नौ चौके और तीन छक्के जड़े.
About the Author
करीब 15 साल से पत्रकारिता में सक्रिय. दिल्ली यूनिवर्सिटी से पढ़ाई. खेलों में खासकर क्रिकेट, बैडमिंटन, बॉक्सिंग और कुश्ती में दिलचस्पी. IPL, कॉमनवेल्थ गेम्स और प्रो रेसलिंग लीग इवेंट्स कवर किए हैं. फरवरी 2022 से…और पढ़ें