पुराने किरदार और नए ट्विस्ट, साल 2026 में सिल्वर स्क्रीन पर धमाल मचाएंगी 8 सीक्वल फिल्में, 1 मूवी का साउथ से उठेगा तूफान
Last Updated:
Upcoming Sequel Films: यह साल इंडियन सिनेमा के लिए धमाकेदार होने वाला है, क्योंकि इस साल बॉक्स ऑफिस पर सुपरहिट फिल्मों के सीक्वेल्स की लाइन लगने वाली हैं. दर्शकों को अपनी पसंदीदा कहानियों और किरदारों को एक बार फिर बड़े पर्दे पर देखने का मौका मिलेगा. सबसे ज्यादा चर्चा ‘बॉर्डर 2’ की है, जो 1997 के युद्ध के रोमांच और भावनाओं को वापस लाएगी. वहीं, ‘दृश्यम 3’ में विजय सालगांवकर की चालाकी एक बार फिर लोगों के रोंगटे खड़े कर देगी. ये फिल्में पुरानी यादों और नए ट्विस्ट के साथ 2026 फिल्मी प्रेमियों के लिए किसी ट्रीट से कम नहीं होगा.

नई दिल्ली. साल 2026 फिल्मी प्रेमियों के लिए किसी फेस्टिवल से कम नहीं होने वाला है. इस साल एक या दो नहीं, बल्कि पूरे 8 सीक्वल्स बड़े पर्दे पर तहलका मचाने को तैयार हैं. इनमें सबसे ऊपर नाम है ‘बॉर्डर 2’ का, जो 23 जनवरी को रिलीज होगी. वहीं, सस्पेंस के शौकीनों के लिए ‘दृश्यम 3’ और कॉमेडी प्रेमियों के लिए ‘धमाल 4’ का धमाका होगा. रणवीर सिंह की ‘धुरंधर 2’ और रानी मुखर्जी की ‘मर्दानी 3’ जैसी फिल्में भी इसी साल रिलीज के लिए कतार में हैं. तो तैयार हो जाइए, क्योंकि आपके पसंदीदा किरदार नई कहानियों के साथ वापसी कर रहे हैं.

बॉर्डर 2: साल 1997 की सुपरहिट फिल्म बॉर्डर के सीक्वल को लेकर फैंस का एक्साइटमेंट सातवें आसमान पर है. सनी देओल एक बार फिर भारतीय सेना के जांबाज अफसर के रूप में वापसी कर रहे हैं. इस बार स्टार कास्ट में वरुण धवन, दिलजीत दोसांझ और अहान शेट्टी भी शामिल हुए हैं. बॉर्डर फिल्म गणतंत्र दिवस के मौके पर 23 जनवरी 2026 को सिनेमाघरों में दस्तक देगी.

मर्दानी 3: रानी मुखर्जी एक बार फिर शिवानी शिवाजी रॉय के किरदार में वापसी कर रही हैं. इसकी तीसरी फिल्म के और भी ज्यादा डार्क और खतरनाक होने की उम्मीद है. जहां बाकी पुलिस फिल्में चमक-धमक वाली होती हैं, वहीं यशराज फिल्म्स की यह सीरीज अपनी असलियत और संजीदगी के लिए जानी जाती है. यह फिल्म 27 फरवरी 2026 को रिलीज होगी.
Add News18 as
Preferred Source on Google

धुरंधर 2: रणवीर सिंह एक बार फिर अपनी जासूसी थ्रिलर फिल्म धुरंधर के सीक्वल के साथ 2026 में लौटेंगे. इस बार फिल्म का सस्पेंस और एक्शन पहले से कहीं ज्यादा बड़ा होने वाला है, जो दर्शकों को अंत तक अपनी सीट से बांधे रखेगा. रणवीर सिंह की धुरंधर 2 फिल्म 19 मार्च, 2026 को रिलीज होगी.

दृश्यम 3: अजय देवगन की यह मोस्ट अवेटेड फिल्म है. विजय सालगांवकर के किरदार में वह बड़े पर्दे पर सस्पेंस और थ्रिल का तड़का लगाएंगे. चर्चा है कि स्पॉइलर से बचने के लिए इस बार हिंदी और मलयालम दोनों वर्जन एक साथ रिलीज किए जा सकते हैं. सबसे बड़ा सवाल यही है कि क्या पुलिस को आखिरकार वो लाश मिलेगी या फिर कोई नई कहानी सामने आएगी? यह फिल्म 2 अक्टूबर 2026 को रिलीज होने वाली है.

भेड़िया 2 : ‘स्त्री 2’ की जबरदस्त कामयाबी के बाद वरुण धवन फिर से ‘भेड़िया’ बनकर लौट रहे हैं. फैंस को इस फिल्म से काफी उम्मीदें हैं क्योंकि ‘थामा’ में वरुण धवन का जबरदस्त कैमियो देखने को मिला. खबर है कि फिल्म 14 अगस्त 2026 के आसपास रिलीज हो सकती है, हालांकि अभी आधिकारिक मुहर लगना बाकी है.

धमाल 4: अजय देवगन, अरशद वारसी, रितेश देशमुख और जावेद जाफरी की आइकॉनिक चौकड़ी एक बार फिर साथ आ रही है. ‘धमाल 4’ में ये सब मिलकर फिर से वही पागलपन और कॉमेडी का हंगामा करने वाले हैं. यह फिल्म ईद 2026 पर रिलीज होगी, जो हंसी-मजाक के लिए एकदम परफेक्ट टाइम है.

आवारापन 2: इमरान हाशमी अपने सबसे यादगार और चहेते किरदारों में से एक को दोबारा पर्दे पर उतारने जा रहे हैं. करीब 20 साल बाद फैंस उन्हें और भी ज्यादा रफ-एंड-टफ और दमदार अंदाज में देखेंगे, जो पुरानी यादें ताजा कर देगा. खबर है कि उनकी आवारापन 2 फिल्म 3 अप्रैल 2026 को रिलीज हो होगी, जिसका फैंस को बेसब्री से इंतजार है.

जेलर 2: सुपरस्टार रजनीकांत एक बार फिर अपने धांसू एक्शन अवतार में वापसी कर रहे हैं. जेलर 2 फिल्म में उनके साथ राम्या कृष्णन, योगी बाबू तो दिखेंगे ही, लेकिन इस बार एसजे सूर्या और सूरज वेंजारामूडु जैसे नए चेहरे भी मूवी में धमाल मचाते नजर आएंगे. पुरानी और नई कास्ट का यह जबरदस्त मेल इस सीक्वल को पहले से कहीं ज्यादा रोमांचक बनाने वाला है. रजनीकांत की जेलर 2 फिल्म 12 जून को थिएटर्स में दस्तक देगी.