Bullet Train News: बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में बड़ी कामयाबी, पालघर में महाराष्ट्र की पहली माउंटेन टनल का ऐतिहासिक ब्रेकथ्रू

Share to your loved once


Mumbai-Ahmedabad Bullet Train Tunnel Breakthrough News: बुलेट ट्रेन पर एक और बड़ी खुशखबरी आई है. मुंबई-अहमदाबाद बुलेट ट्रेन परियोजना में आज महाराष्ट्र ने एक और बड़ा मील का पत्थर हासिल कर लिया. पालघर जिले में महाराष्ट्र की पहली माउंटेन टनल का सफल ब्रेकथ्रू किया गया. यह राज्य में बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट का दूसरा टनल ब्रेकथ्रू है, जिसे हाई-स्पीड रेल परियोजना की बड़ी उपलब्धि माना जा रहा है.

करीब 1.5 किलोमीटर लंबी यह माउंटेन टनल विरार और बोईसर बुलेट ट्रेन स्टेशनों के बीच स्थित है और पालघर जिले की सबसे लंबी टनलों में शामिल है.  इससे पहले सितंबर 2025 में ठाणे और बीकेसी के बीच करीब 5 किलोमीटर लंबी देश की पहली अंडरग्राउंड हाई-स्पीड रेल टनल पूरी की गई थी.

कितनी है इस कॉरिडोर की लंबाई

मुंबई-अहमदाबाद हाई-स्पीड रेल कॉरिडोर की कुल लंबाई 508 किलोमीटर है. इसमें 27.4 किलोमीटर का हिस्सा टनलों के रूप में बनाया जा रहा है. इनमें से 21 किलोमीटर अंडरग्राउंड टनल है, जबकि 6.4 किलोमीटर टनल जमीन की सतह पर बनाई जा रही है.

इस महत्वाकांक्षी परियोजना में कुल 8 माउंटेन टनल बनाई जा रही हैं. इनमें से 7 माउंटेन टनल महाराष्ट्र में हैं, जिनकी कुल लंबाई करीब 6 किलोमीटर है, जबकि गुजरात में एक माउंटेन टनल 350 मीटर लंबी है.

महाराष्ट्र की माउंटेन टनलों की प्रगति

  • MT-1 (820 मीटर): 15 फीसदी काम पूरा
  • MT-2 (228 मीटर): शुरुआती काम जारी
  • MT-3 (1,403 मीटर): 35.5 फीसदी काम पूरा
  • MT-4 (1,260 मीटर): 31 फीसदी काम पूरा
  • MT-5 (1,480 मीटर): 55 फीसदी काम पूरा, 2 जनवरी 2026 को ब्रेकथ्रू
  • MT-6 (454 मीटर): 35 फीसदी काम पूरा
  • MT-7 (417 मीटर): 28 फीसदी काम पूरा

कैसे हुई टनल की खुदाई

MT-5 टनल की खुदाई दोनों सिरों से की गई और इसे करीब 18 महीनों में पूरा किया गया. इस टनल के निर्माण में आधुनिक ड्रिल एंड ब्लास्ट तकनीक का इस्तेमाल किया गया, जिससे खुदाई के दौरान जमीन की स्थिति पर लगातार नजर रखी जा सकी. जरूरत के हिसाब से शॉटक्रीट, रॉक बोल्ट और लैटिस गर्डर जैसे सुरक्षा सपोर्ट लगाए गए. टनल निर्माण के दौरान वेंटिलेशन, आग से सुरक्षा और सुरक्षित आवाजाही जैसी सभी जरूरी सावधानियों का पालन किया गया.

रेल मंत्री ने काम में देरी की वजह बताई

ब्रेकथ्रू कार्यक्रम के दौरान रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव मौजूद रहे. इस मौके पर उन्होंने भारत माता की जय के नारे लगाए. रेल मंत्री अश्विनी वैष्णव ने कहा कि महाराष्ट्र में पिछली ठाकरे सरकार के दौरान बुलेट ट्रेन प्रोजेक्ट में बाधाएं डाली गईं, जिसकी वजह से इस परियोजना में देरी हुई, लेकिन अब काम तेज़ी से आगे बढ़ रहा है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP