Sports And Cricket Events In 2026: साल 2026 में भारत का बिजी शेड्यूल, इस साल तीन वर्ल्ड कप, टीम इंडिया के सामने कितनी चुनौती?
नई दिल्ली: भारतीय खेलों के लिए साल 2026 रोमांचक और चुनौतीपूर्ण रहने वाला है, जिसमें विभिन्न खेलों में विश्व खिताब दाव पर होंगे और ओलंपिक क्वालीफिकेशन का नया सत्र शुरू होगा, जिससे लॉस एंजिलिस खेल 2028 के टिकट कटाने का मौका मिलेगा. भारत के नए और पुराने खिलाड़ी अगले साल की चुनौतियों के लिए तैयार हो रहे हैं, ऐसे में न्यूज18 हिंदी ने नए साल के खेल कैलेंडर पर नजर डाली है.
(जनवरी, फरवरी, मार्च)
साल की पहली तिमाही क्रिकेट को समर्पित होगी क्योंकि देश के पसंदीदा खेल में इस साल तीन विश्व कप हैं. यह 15 जनवरी से 6 फरवरी तक जिम्बाब्वे और नामीबिया में 50 ओवर के अंडर-19 विश्व कप से शुरू होगा, जहां वैभव सूर्यवंशी और आयुष म्हात्रे जैसे उभरते हुए युवा सितारों पर करीब से नजर रखी जाएगी. फाइनल के एक दिन बाद सीनियर मेंस टीम भारत और श्रीलंका की मेजबानी में सात फरवरी से आठ मार्च तक होने वाले टी-20 विश्व कप में खिताब के बचाव के लिए उतरेगी. ऑस्ट्रेलियाई ओपन 12 जनवरी से एक फरवरी के बीच आयोजित होगा. बैडमिंटन ऑल इंग्लैंड चैंपियनशिप तीन मार्च से शुरू होगी, जिसमें पीवी सिंधु और बाकी भारतीय खिलाड़ी 2025 की नाकामी से उबरना चाहेंगे. भारतीय फुटबॉलप्रेमियों के लिए अच्छी खबर है कि एक मार्च से ऑस्ट्रेलिया में शुरू हो रहे एएफसी महिला एशियाई कप में लंबे समय बाद भारतीय टीम खेलते नजर आएगी.
(अप्रैल, मई, जून)
मार्च के आखिर से अप्रैल तक साइप्रस में कैंडिडेट्स शतरंज टूर्नामेंट खेला जाएगा, जिससे विश्व चैंपियनशिप खिताब के चैलेंजर का पता चलेगा. अभी भारत के डी. गुकेश विश्व चैंपियन हैं. मंगोलिया में एशियाई मुक्केबाजी चैंपियनशिप खेली जाएगी. दोनों टूर्नामेंट 28 मार्च से शुरू होंगे, जिसमें ओपन वर्ग में भारत के आर प्रज्ञानानंदा और महिला वर्ग में आर वैशाली, कोनेरू हम्पी और दिव्या देशमुख भाग लेंगे. शतरंज टूर्नामेंट 16 अप्रैल तक चलेगा और मुक्केबाजी टूर्नामेंट 11 अप्रैल को खत्म होगा. एशियाई भारोत्तोलन चैंपियनशिप एक से दस अप्रैल तक अहमदाबाद में खेली जाएगी, इसके बाद 24 अप्रैल से तीन मई तक थॉमस और उबेर कप बैडमिंटन खेला जाएगा, इसके कुछ दिन बाद आईटीटीएफ विश्व टीम टेबल टेनिस चैंपियनशिप फाइनल्स लंदन में 28 अप्रैल से दस मई तक चलेगा, जिसके लिए भारतीय महिला और पुरूष टीमों ने क्वालीफाई कर लिया है. जून में महिला टी-20 विश्व कप होगा, जिसमें हरमनप्रीत कौर की टीम 2025 में वनडे विश्व कप की सफलता को दोहराना चाहेगी. एथलेटिक्स सत्र की शुरुआत मई में डायमंड लीग से होगी, जिसमें भालाफेंक स्टार नीरज चोपड़ा पर नजरें होंगी. मई में फ्रेंच ओपन और जून में विंबलडन खेला जाएगा. इसके बाद अमेरिका, मैक्सिको और कनाडा में संयुक्त रूप से फीफा विश्व कप फुटबॉल का आयोजन होगा.
(जुलाई, अगस्त , सितंबर)
राष्ट्रमंडल खेल 23 जुलाई से दो अगस्त तक ग्लास्गो में आयोजित होंगे, जिसमें भारत का प्रतिनिधित्व मुख्य रूप से एथलेटिक्स, मुक्केबाजी और भारोत्तोलन में देखने को मिलेगा. निशानेबाजी, कुश्ती और हॉकी जैसे खेलों को बजट में कटौती के लिए रोस्टर से हटा दिया गया है. इन खेलों के बाद दिल्ली में 17 अगस्त से विश्व बैडमिंटन चैंपियनशिप होनी है. नीदरलैंड और बेल्जियम में 14 अगस्त से हॉकी विश्व कप शुरू होगा. भारतीय पुरूष टीम एशिया कप जीतकर विश्व कप का टिकट कटा चुकी है जबकि महिला टीम मार्च में हैदराबाद में क्वालीफायर खेलेगी. इसी दौरान भुवनेश्वर में 22 अगस्त से विश्व एथलेटिक्स उपमहाद्वीपीय टूर रजत स्तर का टूर्नामेंट होगा. जापान के नागोया में 19 सितंबर से चार अक्टूबर तक एशियाई खेलों का आयोजन होगा. इसमें हॉकी में स्वर्ण जीतने वाली टीम लॉस एंजिलिस ओलंपिक 2028 का टिकट कटाएगी जबकि निशानेबाजी में भी कोटा स्थान होंगे. एथलेटिक्स में डायमंड लीग फाइनल चार से पांच सितंबर तक ब्रसेल्स में होगा. शतरंज ओलंपियाड का 46वां सत्र सितंबर में ताशकंद में खेला जाएगा.
(अक्टूबर, नवंबर, दिसंबर)
बहरीन में 24 अक्टूबर से विश्व कुश्ती चैंपियनशिप होगी, इसके बाद भारोत्तोलन विश्व चैंपियनशिप 27 अक्टूबर से आठ नवंबर तक खेली जाएगी. एक नवंबर से दोहा में आईएसएसएफ विश्व चैंपियनशिप होगी. दिसंबर में विश्व शतरंज चैंपियनशिप होगी, जिसकी तारीख और स्थान अभी तय नहीं है.