दिल्ली: गुड्डू कुमार 9 साल पुराने एक्साइज एक्ट केस में गिरफ्तार
Last Updated:
दिल्ली पुलिस क्राइम ब्रांच ने 9 साल पुराने Excise Act केस में Proclaimed Offender गुड्डू कुमार को फरीदाबाद से गिरफ्तार किया. गुड्डू बिहार के नालंदा का निवासी है. पूछताछ जारी है.

Delhi Crime News: दिल्ली पुलिस की क्राइम ब्रांच (साउदर्न रेंज) ने 9 साल पुराने आबकारी अधिनियम (Excise Act) के एक मामले में बड़ी सफलता हासिल करते हुए लंबे समय से फरार चल रहे आरोपी को गिरफ्तार कर लिया है. आरोपी अदालत से जमानत मिलने के बाद लगातार ठिकाने बदलकर कानून से बचता फिर रहा था और उसे घोषित अपराधी (Proclaimed Offender) घोषित किया जा चुका था. गिरफ्तार आरोपी की पहचान गुड्डू कुमार (उम्र 30 वर्ष) के रूप में हुई है, जो वर्तमान में फरीदाबाद, हरियाणा का रहने वाला है.
कैसे हुई गिरफ्तारी
क्राइम ब्रांच साउदर्न रेंज की एक विशेष टीम ने गुप्त सूचना के आधार पर आरोपी की तलाश शुरू की. करीब एक सप्ताह तक लगातार फील्ड सर्विलांस, स्थानीय सूत्रों को सक्रिय करने और तकनीकी इनपुट के बाद आखिरकार आरोपी की लोकेशन ट्रेस की गई. पुलिस को सूचना मिली कि आरोपी फरीदाबाद के इस्माइलपुर इलाके में छिपा हुआ है और लगातार अपने ठिकाने बदल रहा है.
पुख्ता योजना के तहत टीम ने दबिश देकर आरोपी को धर दबोचा. इस कार्रवाई को इंस्पेक्टर अजीत कुमार के नेतृत्व में अंजाम दिया गया. टीम में ASI सुरेश, HC मनींदर और कांस्टेबल प्रतीक शामिल थे. पूरी कार्रवाई की निगरानी ACP वीकेपीएस यादव (Southern Range) द्वारा की जा रही थी.
क्या है पूरा मामला
दिनांक 06 नवंबर 2016 को आरोपी को स्थानीय पुलिस ने उस समय पकड़ा था, जब वह एक टेम्पो में 880 क्वार्टर अवैध शराब लेकर गुरुग्राम से दिल्ली आ रहा था. हौज खास फ्लाईओवर पर जांच के दौरान यह खेप पकड़ी गई और आबकारी अधिनियम के तहत मामला दर्ज किया गया. गिरफ्तारी के बाद आरोपी को कोर्ट से जमानत मिल गई, लेकिन इसके बाद उसने अपना पता बदल लिया और जानबूझकर अदालत में पेश होना बंद कर दिया. लंबे समय तक गैरहाजिर रहने के चलते कोर्ट ने उसे Proclaimed Offender घोषित कर दिया.
आरोपी की प्रोफाइल
गुड्डू कुमार बिहार के नालंदा जिले का मूल निवासी है और स्कूल ड्रॉपआउट है. वर्ष 2012 में वह रोज़गार की तलाश में दिल्ली आया था और बदरपुर इलाके में टेम्पो चालक के रूप में काम करने लगा. बाद में वह अवैध शराब की सप्लाई के धंधे में शामिल हो गया और गुरुग्राम से दिल्ली शराब तस्करी करने लगा. फिलहाल आरोपी से पूछताछ जारी है और उसके नेटवर्क व अन्य सहयोगियों के बारे में जानकारी जुटाई जा रही है. आगे की कानूनी कार्रवाई प्रचलित है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें