गाजियाबाद में ट्रैफिक नियम तोड़ने पर बड़ी कार्रवाई, साल 2025 में काटे गए 300 करोड़ के चालान
Last Updated:
Ghaziabad News: गाजियाबाद में 2025 के दौरान ट्रैफिक नियम तोड़ने पर पुलिस ने सख्त कार्रवाई की. सालभर में 14.35 लाख से ज्यादा चालान काटे गए और करीब 300 करोड़ रुपये का जुर्माना वसूला गया. सबसे ज्यादा चालान बिना हेलमेट और रॉन्ग साइड ड्राइविंग के रहे.
गाजियाबाद में वर्ष 2025 में यातायात नियमों का उल्लंघन किए जाने पर ट्रैफिक पुलिस ने सख्त कार्यवाही की है. जनवरी 2025 से दिसंबर 2025 के बीच ट्रैफिक नियम तोड़ने वालों के जो आंकड़े सामने आए हैं वे न सिर्फ चौंकाने वाले हैं बल्कि यह भी दिखाते हैं कि नियमों की अनदेखी आम लोगों पर कितनी भारी पड़ रही है. वर्ष 2025 में गाजियाबाद यातायात पुलिस ने नियमों के उल्लंघन पर करीब 300 करोड़ रुपये के चालान काटे हैं.
गाजियाबाद के डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने जानकारी देते हुए बताया कि मोटर वाहन अधिनियम के तहत वर्ष 2025 में कुल 14,35,596 चालान किए गए. यह आंकड़ा जनवरी से दिसंबर 2025 के बीच की गई कार्रवाई को दर्शाता है. इन चालानों में सबसे अधिक संख्या दोपहिया वाहन चालकों की रही, जो बिना हेलमेट के सड़कों पर चलते पाए गए. ऐसे मामलों में कुल 6,82,359 चालान किए गए, जो यह दिखाता है कि हेलमेट को लेकर अब भी लापरवाही बरती जा रही है. इसके अलावा गलत दिशा यानी रॉन्ग साइड में वाहन चलाने वालों पर भी पुलिस ने सख्ती दिखाई. साल भर में रॉन्ग साइड ड्राइविंग के 1,89,040 चालान किए गए. वहीं तीन सवारी चलने के मामलों में 59,541 वाहन चालकों पर कार्रवाई हुई. शराब पीकर वाहन चलाने जैसे गंभीर और जानलेवा अपराध में 3,623 चालान काटे गए है. अगर इन सभी चालानों की कुल राशि की बात करें तो वर्ष 2025 में गाजियाबाद में 305,55,12,850 रुपये के चालान काटे गए हैं . यह रकम साफ तौर पर यह बताती है कि ट्रैफिक नियमों की अनदेखी अब जान के साथ जेब पर भी सीधा असर डाल रही है.
डीसीपी ट्रैफिक त्रिगुण बिसेन ने स्पष्ट किया कि यातायात पुलिस की भूमिका सिर्फ चालान काटने तक सीमित नहीं है. पुलिस समय-समय पर लोगों को जागरूक करने के लिए अभियान भी चलाती है. सड़क सुरक्षा से जुड़े कार्यक्रम, स्कूलों और सार्वजनिक स्थानों पर जागरूकता अभियान तथा जरूरतमंदों को हेलमेट वितरण जैसे प्रयास लगातार किए जा रहे हैं. ट्रैफिक पुलिस ने वाहन चालकों से अपील की है कि वे यातायात नियमों का पालन करें, हेलमेट और सीट बेल्ट का इस्तेमाल करें, शराब पीकर वाहन न चलाएं और सही दिशा में वाहन चलाकर न सिर्फ अपनी बल्कि दूसरों की जान भी सुरक्षित रखें.
About the Author
पिछले एक दशक से अधिक समय से पत्रकारिता के क्षेत्र में सक्रिय हूं. 2010 में प्रिंट मीडिया से अपने पत्रकारिता करियर की शुरुआत की, जिसके बाद यह सफर निरंतर आगे बढ़ता गया. प्रिंट, टीवी और डिजिटल-तीनों ही माध्यमों म…और पढ़ें