धुरंधर ने बदला सिनेमा का पैमाना! ‘इक्कीस’ के डायरेक्टर ने की तारीफ पर क्यों बोले- ‘मैं ऐसी फिल्म नहीं बनाऊंगा’?
Last Updated:
श्रीराम राघवन ने हाल ही में आदित्य धर की सुपरहिट फिल्म ‘धुरंधर’ को लेकर अपनी राय खुलकर रखी है. ‘एजेंट विनोद’, ‘अंधाधुन’ और ‘मेरी क्रिसमस’ जैसी फिल्मों के लिए पहचाने जाने वाले श्रीराम राघवन ने साफ कहा कि भले ही ‘धुरंधर’ एक अच्छी और बेहतरीन अभिनय वाली फिल्म है, लेकिन यह उस तरह की फिल्म नहीं है, जैसी वह खुद बनाना पसंद करेंगे.
‘इक्कीस’ के डायरेक्टर श्रीराम राघवन ने फिल्म ‘धुरंधर’ की तारीफ की. नई दिल्ली. बॉलीवुड के स्पाई थ्रिलर ‘धुरंधर’ ने 2025 को यादगार बनाया है. रनवीर सिंह स्टारर यह फिल्म 5 दिसंबर 2025 को रिलीज हुई और अब तक भारत में 741.90 करोड़ और वर्ल्डवाइड 1113.75 करोड़ की कमाई कर चुकी है. निर्देशक आदित्य धर की इस एक्शन फिल्म में रनवीर सिंह के साथ-साथ अक्षय खन्ना, संजय दत्त, आर माधवन, अर्जुन रामपाल और नई एक्ट्रेस सारा अर्जुन की मजबूत परफॉर्मेंस से सुर्खियों में है. आदित्य धर की इस फिल्म के लेकर करण जौहर के बाद अब ‘इक्कीस’ के डायरेक्टर श्रीराम राघवन ने अपनी राय रखी हैं. उन्होंने फिल्म की तारीफ की लेकिन साथ ही में ये कह बैठे कि वह ऐसी फिल्म नहीं बनाने वाले.
द हिंदू से बातचीत में श्रीराम राघवन ने कहा, ‘यह एक अच्छी तरह से बनी फिल्म है, जिसमें कलाकारों की परफॉर्मेंस शानदार है, लेकिन यह हमारी तरह की फिल्म नहीं है. हमें यह समझना होगा कि हम अलग-अलग दौर में जी रहे हैं.’ उन्होंने उदाहरण देते हुए कहा कि शुरुआती जेम्स बॉन्ड फिल्में, जिनमें सीन कॉनरी और रोजर मूर नजर आए थे, हल्की-फुल्की और मनोरंजक थीं, जबकि बाद की बॉन्ड फिल्में ज्यादा सीरियस हो गईं. उनके मुताबिक, धुरंधर उसी बदलते सिनेमाई ट्रेंड का हिस्सा है.
एक जैसी फिल्म बनाना बेवकूफी
उन्होंने आगे जोड़ा,’फिल्म कमाल की कमाई कर रही है और करनी भी चाहिए, लेकिन यह एकमात्र फॉर्मेट नहीं है. अगर मैं इसे फॉलो करने लगा तो यह सबसे बेवकूफी वाली बात होगी. श्रीराम राघवन ने यह भी जोड़ा कि आदित्य धर और उन्होंने एक बार नेशनल अवॉर्ड मंच साझा किया था. जहां आदित्य धर को ‘उरी’ के लिए और उन्हें ‘अंधाधुन’ के लिए सम्मान मिला था. राघवन के मुताबिक, आदित्य धर की संवेदनशीलता और क्राफ्ट अलग है और उन्हें उनकी फिल्में देखना पसंद है, लेकिन वे वैसी फिल्म खुद नहीं बना सकते.
करण जौहर को खुद पर होने लगा शक
दूसरी ओर, निर्माता-निर्देशक करण जौहर ने धुरंधर को लेकर बिल्कुल अलग प्रतिक्रिया दी है. एक हालिया इवेंट में करण जौहर ने कहा कि फिल्म देखकर उन्हें अपने ही डायरेक्शन क्राफ्ट पर सवाल उठाने पड़े. करण के मुताबिक, फिल्म का बैकग्राउंड म्यूजिक, स्टोरी टेलिंग और निर्देशक का आत्मविश्वास उन्हें बेहद प्रभावित कर गया.
ईद 2026 पर आएगी ‘धुरंधर पार्ट 2’
इस बीच, धुरंधर बॉक्स ऑफिस पर इतिहास रच चुकी है. फिल्म भारत की सबसे ज्यादा कमाई करने वाली फिल्मों में शामिल हो चुकी है. फिल्म की सफलता से बॉलीवुड में नई उम्मीद जगी है, लेकिन श्रीराम जैसे निर्देशक अपने यूनिक स्टाइल पर कायम हैं. ‘धुरंधर पार्ट 2’ ईद 2026 पर रिलीज होगी.
About the Author
शिखा पाण्डेय News18 Digital के साथ दिसंबर 2019 से जुड़ी हैं. पत्रकारिता के क्षेत्र में उन्हें 12 साल से ज्यादा का अनुभव है. News18 Digital से पहले वह Zee News Digital, Samachar Plus, Virat Vaibhav जैसे प्रतिष्ठ…और पढ़ें