नए साल का जश्न मनाने आ रहे हैं लखनऊ- आगरा- वाराणसी, तो जान लिजिए ट्रैफिक प्लान, ये रूट किए गए हैं डायवर्ट
UP New Year Celebration Live : नए साल और थर्टी फर्स्ट के जश्न को लेकर यूपी के प्रमुख पर्यटन शहरों अयोध्या, आगरा, मथुरा, वाराणसी और लखनऊ में पर्यटकों की भारी भीड़ उमड़ रही है. भीड़ और यातायात दबाव को देखते हुए प्रशासन ने कई शहरों में रूट डायवर्जन लागू किया गया है. इससे आम लोगों और पर्यटकों को जाम से राहत मिल सके.अगर आप भी नए साल का जश्न मनाने के लिए इन शहरों की ओर आ रहे हैं, तो आइए जानते हैं कि कैसे आना है और कौन से रूट डायवर्ट किए गए हैं.
लखनऊ में 14 मार्गों का ट्रैफिक किया गया है डायवर्जन
नववर्ष की पूर्व संध्या पर हजरतगंज क्षेत्र में कार्यक्रमों के चलते 31 दिसंबर की शाम 14 मार्गों पर ट्रैफिक डायवर्जन किया गया है. हजरतगंज में सामान्य वाहनों की एंट्री प्रतिबंधित रहेगी. वाहन केवल मल्टीलेवल पार्किंग तक ही जा सकेंगे. महानगर, गोमतीनगर, अलीगंज, चारबाग, लालबाग समेत कई इलाकों से आने वाले वाहनों और सिटी-रोडवेज बसों के लिए वैकल्पिक मार्ग तय किए गए हैं.
-सहारागंज तिराहे से वाहन डनलप तिराहे, पुलिस आयुक्त आवास, सप्रू मार्ग तिराहे के बजाए सिकंदरबाग चौराहे से सप्रू मार्ग होकर जा सकेंगे.
– डनलप तिराहा, पुलिस आयुक्त आवास फ्रांसिस, बैंक ऑफ इडिंया, अल्का तिराहे-डनलप तिराहा, पुलिस आयुक्त आवास से वाहन सेंट फ्रांसिस, बैंक ऑफ इडिंया, अल्का तिराहे के बजाए सहारागंज, सप्रू मार्ग होकर गुजर सकेंगे.
– हजरतगंज चौराहे से वाहन अल्का तिराहा या मेफेयर तिराहा होते हुए परिवर्तन चौक, सुभाष चौराहा के बजाए सप्रू मार्ग तिराहे से बांये डनलप तिराहा, सहारागंज तिराहा, चिरैयाझील तिराहा, संकल्प वाटिका होकर जाएंगे. वाहन हजरतगंज मल्टीलेबल पार्किंग इनगेट से पार्किंग तक जा सकेंगे.
चारबाग से हजरतगंज चौराहा होकर परिवर्तन चौक के बजाए हुसैनगंज चौराहे, ओडियन सिनेमा, कैसरबाग होकर वाहन जाएंगे.
– अलीगंज, महानगर, कैसरबाग से वाहन परिवर्तन चौक होकर हजरतगंज चौराहे के बजाए स्टेडियम तिराहा, चिरैयाझील तिराहा, संकल्प वाटिका या सिकन्दरबाग या परिवर्तन चौक, सफेद बारादरी से कैसरबाग होकर जाएंगे.
-लालबाग, कैपर रोड से वाहन वाल्मीकि दाहिने तरफ नही जा सकेंगे. यह वाल्मीकिन बाएं डीएम आवास, प्रेस क्लब, परिवर्तत चौक होकर जाएंगे.
-नवल किशोर रोड, लीला टॉकीज तिराहे से आने वाले वाहन बैंक ऑफ इंडिया तिराहे के बजाए आयकर भवन तिराहा, सेंट लॉरेंस कॉलोनी होकर गुजर सकेंगे.
– लालबाग चौराहे से वाहन मेफेयर, अल्का तिराहे के बजाए कैंपर रोड, कैपिटल तिराहा होकर गुजर सकेंगे.
– महानगर की तरफ से आने वाली रोडवेज और सिटी बसें सिकंदरबाग चौराहा, हजरतगंज चौराहे के बजाए संकल्प वाटिका तिराहा, बैकुंठधाम तिराहा, गाँधी सेतु (1090) चौराहा, गोल्फ क्लब चौराहा, बंदरियाबाग चौराहा होकर जाएंगी
-अयोध्या रोड से कैसरबाग बस अड्डा आने-जाने वाली रोडवेज बसें सिकंदरबाग चौराहा, हजरतगंज चौराहा के बजाए पीएनटी (बालू अड्डा) तिराहे, बैकुंठ धाम, संकल्प वाटिका ओवर ब्रिज, लक्ष्मण मेला बंधा चिरैयाझील चौराहा, मोतीमहल तिराहा, केडी सिंह बाबू स्टेडियम तिराहा, परिवर्तन चौक, क्लार्क अवध तिराहा, सीडीआरआई तिराहा होकर गुजर सकेंगी.
-कमता से सिटी बसें गाँधी सेतु (1090) चौराहा, सिकंदरबाग चौराहा, हजरतगंज चौराहा के बजाए गाँधी सेतु (1090) चौराहे, गोल्फ क्लब चौराह चौराहा होकर जाएंगी.
-चारबाग से रोडवेज और सिटी बसें हजरतगंज केकेसी तिराहा, कुंवर जगदीश चौराहा, कैट या हुसैनगंज चौराहा से कैसरबाग या रॉयल होटल (बापू भवन) चौराहा, डीएसओ चौराहा होकर जाएंगी.
– अब्दुल हमीद चौराहा से वाहन एमबी क्लब, नेहरू चौराहा के बजाए अटल रोड, गुरूद्वारा चौराहा, कैंट होकर गुजर सकेंगे.
आगरा में दो दिन तक रूट डायवर्जन लागू
न्यू ईयर पर पर्यटकों की संख्या को देखते हुए आगरा में 31 दिसंबर और 1 जनवरी को दो दिन का रूट डायवर्जन लागू रहेगा. भारी वाहनों के शहर में प्रवेश पर रोक रहेगी और उन्हें रिंग रोड व बाईपास से निकाला जाएगा. जाम वाले स्थानों पर बैरियर और क्यूआरटी तैनात रहेगी. ट्रैफिक से जुड़ी शिकायतों के लिए हेल्पलाइन नंबर 9454457886 जारी किया गया है.
इन रास्तों से गुजरेंगे वाहन
दिल्ली व मथुरा ओर से आने वाले वाहन एनएच-19 से फिरोजाबाद व कानपुर की तरफ निर्बाध रूप से जा सकेगा.
फिरोजाबाद से ग्वालियर व जयपुर की तरफ जाने वाले सभी वाहन रुनकता से दक्षिणी बाईपास होकर जाएंगे.
अलीगढ़ की तरफ से आने वाला ट्रैफिक जिसको फिरोजाबाद जाना है वह टेड़ी बगिया तिराहा से 100 फुटा रोड होकर शहादरा चुंगी से अपने गंतव्य की ओर जाएगा.
ग्वालियर की तरफ से आने वाले वाहन रोहता चौराहा से रोहता दिगनेर मार्ग से एकता थाना व तोरा चौकी होते हुए इनररिंग रोड होते हुए कुबेरपुर व यमुना एक्सप्रेसवे होते हुए गंतव्य की ओर जाएंगे.
जयपुर से अलीगढ़ की तरफ जाने वाले सभी प्रकार के भारी वाहन दक्षिणी बाईपास से एनएच-19 होकर जाएंगे.
फतेहाबाद रोड व शमसाबाद रोड से आने वाले भारी वाहन नगर क्षेत्र में न आकर रिंग रोड से अपने गंतव्य के लिए जाएंगे.
शमशाबाद की तरफ से आने वाले भारी वाहन एकता थाने से सौ फुटा रोड से इनररिंग रोड होते हुए तोरा चौकी से अपने गंतव्य के लिए जाएंगे.
पथाैली नहर चौराहा से वायु विहार तिराहा होकर आगरा आने वाले मार्ग पर भारी वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा.
अमरपुरा चौराहा से कोई भी भारी वाहन बोदला एवं अवधपुरी 100 फुटा रोड की ओर नहीं जाएगा.
यहां से भारी वाहन शहर में प्रवेश नहीं करेंगे.
नव वर्ष पर 31 दिसंबर व एक जनवरी को भारी वाहन रोहता नहर चौराहा, मलपुरा नहर चौराहा, पथौली नहर चौराहा से शहर में नहीं आएंगे. इसी तरह एनएच-19 पर रामबाग चौराहा, वाटरवर्क्स चौराहा, सुल्तानगंज की पुलिया, भगवान टाकीज चौराहा, खंदारी चौराहा, गुरुद्वारा गुरु का ताल, सिकंदरा तिराहा, बोदला चौराहा, एत्माद्दौला तिराहा, तोरा चौकी, एकता थाना एवं महानगर आगरा के अन्य प्रवेश मार्गों से कोई भी भारी वाहन शहर क्षेत्र में प्रवेश नहीं करेगा। एमजी रोड, माल रोड, फतेहाबाद रोड शाम से बैरियर लगाए जाएंगे.
वाराणसी में 5 जनवरी तक रूट डायवर्जन प्लान लागू
काशी में पहले से ही सैलानियों का हुजूम उमड़ा हुआ है. ट्रैफिक पुलिस ने 29 दिसंबर से 5 जनवरी तक यातायात डायवर्जन प्लान लागू किया है. मंदिर क्षेत्र, गोदौलिया और आसपास के इलाकों में वाहनों का पूर्ण या आंशिक प्रतिबंध रहेगा. जगतगंज, लहुराबीर, मैदागिन, विश्वेश्वरगंज, गोलगड्डा समेत कई क्षेत्रों में भारी और चारपहिया वाहनों की आवाजाही रोकी गई है.
प्रशासन ने लोगों से अपील की है कि वे निर्धारित रूट और पार्किंग का ही उपयोग करें तथा ट्रैफिक पुलिस के निर्देशों का पालन करें, ताकि नए साल का जश्न सुरक्षित और सुचारू रूप से मनाया जा सके.
यदि भीड़ सामान्य भी रहती है, तब भी 5 जनवरी तक जगतगंज, लहुराबीर, मैदागिन, विश्वेश्वरगंज और गोलगड्डा क्षेत्र में बड़े चार वाहनों का संचालन प्रतिबंधित रहेगा. ब्रॉडवे तिराहा, अग्रवाल तिराहा, सोनारपुरा और गोदौलिया की ओर भी इन वाहनों का प्रवेश नहीं होगा. भीड़ बढ़ने पर जगतगंज से लहुराबीर जाने वाले वाहनों को चौकाघाट अथवा तेलियाबाग डायवर्ट किया जाएगा. गोलगड्डा से वाहनों को राजघाट भेजा जाएगा, विश्वेश्वरगंज से वाहन गोलगड्डा की ओर तथा भेलूपुर से सोनारपुरा की ओर नहीं जा सकेंगे, इन्हें ब्रॉडवे होटल की ओर डायवर्ट किया जाएगा. इसी तरह भीड़ ब्रॉडवे होटल से अग्रवाल तिराहा की ओर वाहनों का आवागमन प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें रवींद्रपुरी की ओर मोड़ा जाएगा. बैंक ऑफ बड़ौदा तिराहा से अस्सी की ओर वाहन नहीं जा सकेंगे. इन्हें रविदास गेट की ओर डायवर्ट किया जाएगा. नगवां चौराहे से वाहनों को रविदास घाट और अस्सी घाट की ओर जाने से रोका जाएगा तथा उन्हें बीएचयू ट्रामा सेंटर की ओर भेजा जाएगा. पद्मश्री चौराहे से अस्सी की ओर वाहनों का प्रवेश प्रतिबंधित रहेगा और उन्हें रवींद्रपुरी की ओर डायवर्ट किया जाएगा.
न्यू ईयर से पहले अयोध्या हाउसफुल, 10 दिन में पहुंचे 10 लाख लोग
अयोध्या में पिछले कुछ दिनों से आस्था का सैलाब उमड़ रहा है. पिछले 10 दिनों में 10 लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने दर्शन किए हैं. रविवार के दिन डेढ़ लाख से ज्यादा श्रद्धालुओं ने रामलला का दर्शन किया. राम भक्तों के दर्शन को लेकर लगातार श्रद्धालुओं की भीड़ बढ़ती जा रही है. 31 दिसंबर को प्राण प्रतिष्ठा की दूसरी वर्षगांठ मनाई जाएगी. वहीं नए साल के पहले दिन भी संभावना है कि लाखों लोग दर्शन कर सकते हैं.
श्रद्धालुओं के लिए की गई व्यवस्था
बड़ी संख्या में युवा भगवान राम लला का दर्शन कर नए साल का शुभारंभ करते हैं.1 जनवरी को बड़ी संख्या में श्रद्धालुओं के आने की उम्मीद है. श्रद्धालुओं की बढ़ती आमद को लेकर जिला प्रशासन ने व्यापक स्तर पर इंतजाम किया है. राम जन्म भूमि के दर्शन के लिए दर्शन लाइन बढ़ाई गई है.