Highest Rated Hindi Movies: इन 7 फिल्मों ने नोटों से भर दीं मेकर्स की तिजोरियां, हाई-फाई है सबकी आईएमडीबी रेटिंग
Last Updated:
Highest Rated Hindi Movies 2025: साल 2025 बॉलीवुड के लिए किसी गोल्डन ईयर से कम नहीं रहा है, जहां सिर्फ बड़े सितारों के नाम पर नहीं, बल्कि दमदार कहानियों के दम पर थिएटर हाउसफुल रहे. इस साल हमें मनोरंजन का वो परफेक्ट बैलेंस देखने को मिला, जिसकी तलाश दर्शकों को लंबे समय से थी. रणवीर सिंह की ‘धुरंधर’ से लेकर विक्की कौशल की ‘छावा’ जैसी फिल्मों ने बॉक्स ऑफिस के पुराने रिकॉर्ड्स को चकनाचूर करते हुए 800 से 1000 करोड़ क्लब में अपनी जगह बनाई.

नई दिल्ली. इस साल दर्शकों ने ऐतिहासिक कहानियों और जासूसी थ्रिलर्स के साथ-साथ ‘सितारे जमीन पर’ जैसे संजीदा विषयों को भी सिर-आंखों पर बिठाया. चाहे वो सस्पेंस हो, एक्शन हो या दिल छू लेने वाला रोमांस, साल 2025 की इन टॉप-रेटेड फिल्मों ने न केवल प्रोड्यूसर्स की तिजोरियां भरीं, बल्कि क्रिटिक्स और जनता दोनों से खूब वाहवाही लूटी. यहां पर देखिए पूरी लिस्ट.

धुरंधर: रणवीर सिंह की हाल ही में रिलीज हुई इस स्पाई-थ्रिलर ने पूरे साल के रिकॉर्ड तोड़ दिए. आदित्य धर के निर्देशन में बनी इस फिल्म वर्ल्डवाइड 1100 करोड़ से ज्यादा का बिजनेस कर चुकी है और यह साल की सबसे ज्यादा रेटिंग वाली कमर्शियल फिल्म रही. इसकी आईएमडीबी रेटिंग 8.6 है.

छावा-विक्की कौशल ने छत्रपति संभाजी महाराज के रोल में जो जान फूंकी, उसे लोग सालों तक याद रखेंगे. 14 फरवरी को रिलीज हुई इस फिल्म ने लगभग 809 करोड़ कमाए. अपनी इमोशनल कहानी और पावरफुल एक्टिंग की वजह से यह साल की दूसरी सबसे पसंदीदा फिल्म रही. छावा की रेटिंग 7.3 है.
Add News18 as
Preferred Source on Google

कांतारा- चैप्टर 1: ऋषभ शेट्टी की इस फिल्म का जादू हिंदी बेल्ट में भी सर चढ़कर बोला. इसके हिंदी वर्जन ने जबरदस्त कलेक्शन किया, जबकि फिल्म का ग्लोबल कलेक्शन 850-900 करोड़ के पार रहा. इसके विजुअल्स और डिवाइन फील ने इसे टॉप रेटिंग दिलाई. ‘कांतारा चैप्टर 1’ की रेटिंग में 8.2 है.

तेरे इश्क में: आनंद एल. राय के निर्देशन में बनी फिल्म साल 2025 की सबसे चर्चित रोमांटिक ड्रामा फिल्मों में से एक रही है. इसमें धनुष और कृति सेनन मुख्य भूमिकाओं में नजर आए. फिल्म की कहानी जुनून, प्यार और बदले के इर्द-गिर्द घूमती है, जिसमें धनुष ने शंकर और कृति ने मुक्ति का किरदार निभाया है. इसका वर्ल्डवाइड कलेक्शन 161 करोड़ रहा. आईएमडीबी रेटिंग में 7.5 है.

सितारे जमीन पर: आमिर खान एक बार फिर एक सोशल मैसेज के साथ लौटे. डाउन सिंड्रोम पर आधारित इस फिल्म ने दर्शकों को भावुक कर दिया. हालांकि, यह एक मसाला फिल्म नहीं थी, फिर भी इसने 266 करोड़ का अच्छा बिजनेस किया और क्रिटिक्स की चहेती रही. इसकी आईएमडीबी रेटिंग 6.9 है.

सैयारा: बिना किसी बड़े शोर-शराबे के आई अहान पांडे और अनीत पड्डा की इस रोमांटिक फिल्म ने सबको चौंका दिया. मोहित सूरी की इस म्यूजिकल लव स्टोरी ने युवाओं को दीवाना बना दिया और दुनियाभर में 579 करोड़ रुपये की शानदार कमाई की. फिल्म को आईएमडीबी पर 6.3 रेटिंग मिली.

रेड 2: अजय देवगन ने एक बार फिर ऑफिसर अमय पटनायक के रूप में अपनी कड़क इमेज पेश की. फिल्म की ग्रिपिंग कहानी ने इसे दर्शकों के बीच लोकप्रिय बनाया और इसने दुनियाभर में 243 करोड़ का सफल कलेक्शन किया. अजय देवगन की फिल्म को आईएमडीबी पर 6.6 रेटिंग मिली है.