‘फिल्म के सेट पर पॉलिटिक्स करते थे अक्षय खन्ना,’ राइटर ने लगाए थे आरोप, कहा- उनके साथ कोई काम करना नहीं चाहता
सितंबर 2025 में ‘कॉस्मिक कनेक्शन’ पॉडकास्ट पर बात करते हुए मनीष गुप्ता ने खुलासा किया, ‘मुझे सेक्शन 375 लिखने में तीन साल लगे. मैंने 160 अदालती कार्यवाहियों में हिस्सा लिया. बहुत रिसर्च की, जजों, वकीलों और रेप पीड़ितों से मुलाकात की. मुझे इस फिल्म का आइडिया शाइनी आहूजा वाले केस से मिला था. जब उन्हें गिरफ्तार किया गया, तब मैं मुंबई में ही था. मैं अपने दोस्त के साथ तुरंत ओशिवारा (पुलिस स्टेशन) पहुंचा और पुलिस से उनकी गिरफ्तारी को लेकर सवाल किए. तब मुझे पता चला कि कानून वैसा नहीं है जैसा हम समझते हैं.’
शाइनी आहूजा केस से फिल्म बनाने का मिला आइडिया
मनीष गुप्ता ने आगे बताया, ‘सही और गलत का फैसला तो बाद में होता है, पहले गिरफ्तारी होती है. उस वक्त कानून ऐसा ही था. मैंने खुद से कहा, यह तो बहुत ही गलत बात है, और तभी मैंने इस पर फिल्म बनाने का फैसला किया.’ अपनी आपबीती सुनाते हुए मनीष गुप्ता ने कहा कि डायरेक्टर होने के बावजूद उन्हें सिर्फ राइटिंग का क्रेडिट दिया गया.
प्रोड्यूसर और अक्षय खन्ना ने की गंदी राजनीति
उन्होंने बताया, ‘पूरी फिल्म मैंने लिखी थी. प्री-प्रोडक्शन का सारा काम मैंने ही किया. यहां तक कि अक्षय खन्ना, ऋचा चड्ढा और राहुल भट्ट को फिल्म के लिए मैंने ही मनाया और साइन करवाया. असल में फिल्म का डायरेक्टर मैं ही था, लेकिन प्रोड्यूसर और अक्षय खन्ना ने मेरे साथ बहुत गंदी राजनीति की. मुझे सिर्फ राइटिंग का क्रेडिट देकर किनारे कर दिया गया. यही बॉलीवुड का असली चेहरा है.’
अक्षय खन्ना पर लगाए थे गंभीर आरोप
मनीष गुप्ता ने दावा किया कि उनके लिए अक्षय खन्ना के साथ काम करना सबसे ज्यादा चैलेंजिग था. उन्होंने कहा, ‘वो अब तक के सबसे मुश्किल इंसान हैं, जिनके साथ मैंने काम किया है. वो बहुत ही मनमौजी और आलसी हैं. वो सेट पर इतना मुश्किल माहौल बना देते हैं. हर छोटी-बड़ी चीज बस उनके हिसाब से ही होनी चाहिए. वो किसी की सुनते ही नहीं हैं और सबकी बेइज्जती करते रहते हैं. वो एक्टर तो अच्छे हैं, पर एक अच्छा एक्टर होने और एक अच्छा इंसान होने में बहुत फर्क होता है. उनके साथ कोई भी काम करना नहीं चाहता.’ राइटर ने आरोप लगाया कि अक्षय के इसी बर्ताव की वजह से लोग उनके साथ काम करने से कतराते हैं.
प्रोड्यूसर ने अक्षय खन्ना को भेजा लीगल नोटिस
बताते चलें कि इस पूरे विवाद के बीच ‘दृश्यम 3’ के प्रोड्यूसर कुमार मंगत पाठक ने अक्षय खन्ना को एक लीगल नोटिस भेज दिया है. प्रोड्यूसर का आरोप है कि अक्षय खन्ना ने फिल्म के लिए साइनिंग अमाउंट ले लिया था और शूटिंग की तारीखें भी पक्की कर दी थीं, लेकिन इसके बावजूद वह अब इस आखिरी और तीसरी फिल्म से पीछे हट गए हैं.