भीषण ठंड की चपेट में यूपी, गोरखपुर से रामपुर तक भयंकर कोहरे का अलर्ट, जानें आज का मौसम

Share to your loved once


वाराणसी: यूपी में ठंड अब कहर बनकर लोगों पर टूट रही है. हाल यह है कि अब रात के साथ दिन के समय में भी ठंड का प्रकोप जारी है. फिलहाल आने वाले कुछ दिनों तक यह कहर नजर आएगा. भारतीय मौसम विभाग यानी आईएमडी ने भी इसकी संभावना जताई है. ऐसे में कोहरे के कारण यूपी की सड़कों पर गाड़ियों की रफ्तार पर भी ब्रेक लगेगा. वहीं लोग ठंड के डबल अटैक से बचने के लिए अलाव का सहारा लेते नजर आएंगे. लखनऊ के अमौसी स्थित आंचलिक मौसम केंद्र ने 30 दिसंबर को प्रदेश के कई जिलों के लिए कोहरे और कोल्ड डे का अलर्ट जारी किया गया है. पूर्वी यूपी के साथ पश्चिमी यूपी के कई  जिले के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी है. इन जिलों में आज सुबह सवेरे कोहरे की सफेद चादर नजर आएगी. ऐसी स्थिति 31 दिसम्बर को भी प्रदेश के कई हिस्सों में देखने को मिलेगी.

गोरखपुर से रामपुर तक भयंकर कोहरे का अलर्ट
मंगलवार (30 दिसंबर) को देवरिया, गोरखपुर, महराजगंज, सिद्धार्थनगर, कुशीनगर, बस्ती, संतकबीरनगर, बलरामपुर, गोंडा, लखीमपुर खीरी, बहराइच, श्रावस्ती, सीतापुर, शाहजहांपुर ,पीलीभीत, बरेली, रामपुर, मुरादाबाद और बिजनौर में घने से घना कोहरा छाया रहेगा. इन जिलों के लिए मौसम विभाग ने ऑरेंज अलर्ट जारी किया है.

यहां भी दिखेगा कोहरा
वहीं कानपुर, फतेहपुर, रायबरेली, अमेठी, आगरा, फिरोजाबाद, मैनपुरी,  इटावा, कन्नौज, हरदोई, औरया, प्रतापगढ़, अयोध्या ,सुल्तानपुर, आजमगढ़, मऊ, बलिया, मथुरा, अलीगढ़, हापुड़, मेरठ, मुजफ्फरनगर, शामली, सहरानपुर, बागपत, बुलंदशहर और फरूखाबाद में भी ठंड और कोहरे का सितम दिखाई देगा. यहां विजिबिलिटी 500 से 800 मीटर के करीब हो सकती है. इसको लेकर येलो अलर्ट जारी हुआ है.

लखनऊ में कोहरे का येलो अलर्ट
प्रदेश की राजधानी लखनऊ में मंगलवार की सुबह सवेरे घने कोहरे की चादर तनी रहेगी. इस दौरान कई इलाकों में विजिबिलिटी 500 से 700 मीटर दृश्यता वाली हो सकती है. मौसम विभाग का अनुमान है कि आज 30 दिसंबर को यहां न्यूनतम तापमान 11 और अधिकतम 21 डिग्री सेल्सियस के करीब होगा. वहीं नोएडा के सुबह की शुरुआत भी आज कोहरे से होगी. यहां दिन चढ़ने के साथ मौसम सामान्य होगा.
24 घण्टे बाद तापमान में बदलाव संभव
बीएचयू के मौसम वैज्ञानिक प्रोफेसर मनोज कुमार श्रीवास्तव ने बताया की यूपी में फिलहाल अगले 24 घंटे अधिकतम और न्यूनतम तापमान में कोई खास बदलाव नहीं देखने को मिलेगा. उसके बाद धीरे धीरे अधिकतम तापमान में 2 से 5 डिग्री सेल्सियस का उछाल आएगा. वहीं न्यूनतम तापमान में भी थोड़ा उछाल आने की संभावना मौसम विभाग ने जताई है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP