IND vs NZ: न्यूजीलैंड सीरीज के लिए कौन होगा केएल राहुल का बैकअप? इन तीन स्टार्स के बीच है रेस

Share to your loved once


नई दिल्ली. न्यूजीलैंड के खिलाफ 11 जनवरी से शुरू होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज के लिए जल्द ही BCCI टीम इंडिया का ऐलान करने वाला है. इससे पहले टीम सेलेक्शन को लेकर चर्चाओं का दौर जारी है. कई खिलाड़ियों के अंदर या बाहर होने को लेकर कयास भी लगाए जा रहे हैं. इन सबके बीच यह भी बड़ा सवाल है कि सेलेक्टर्स टीम में केएल राहुल के बैकअप विकेटकीपर के तौर पर किस चुनते हैं. इस रेस में तीन नाम हैं, चलिए आपको विस्तार से बताते हैं…

केएल राहुल के बाद टीम इंडिया में विकेटकीपर की एक ही जगह खाली है, लेकिन दावेदार तीन हैं. इस वजह से अजीत अगरकर की अगुवाई वाली चयन समिति के लिए यह एक अच्छी टेंशन बन गई है. 11 जनवरी से न्यूजीलैंड के खिलाफ होने वाली तीन मैचों की वनडे सीरीज़ के लिए दूसरे विकेटकीपर को लेकर मुकाबला तेज हो गया है. इस रेस में शामिल तीन नाम- ईशान किशन, ऋषभ पंत और ध्रुव जुरेल हैं.

क्या ऋषभ पंत को मिलेगी जगह?
साउथ अफ्रीका के खिलाफ वनडे सीरीज में ऋषभ पंत को बैकअप विकेटकीपर रखा गया था, जबकि ध्रुव जुरेल को सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर चुना गया था. वहीं, सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी में शानदार प्रदर्शन के बाद ईशान किशन ने टी20 टीम में दोबारा अपनी जगह बनाई और अब वह वनडे टीम के लिए भी मजबूत दावेदार बन गए हैं.

या ईशान किशन मारेंगे बाजी?
ईशान किशन ने झारखंड की कप्तानी करते हुए टीम को पहली बार सैयद मुश्ताक अली ट्रॉफी का खिताब दिलाया. उन्होंने पूरे टूर्नामेंट में 517 रन बनाए. फाइनल मैच में उन्होंने सिर्फ 45 गेंदों में शतक जड़ा और ऐसा करने वाले दूसरे ही खिलाड़ी बने. इसी प्रदर्शन के दम पर उन्हें टी20 वर्ल्ड कप टीम में बैकअप ओपनर के तौर पर चुना गया.

करीब दो साल बाद ईशान किशन का ग्राफ फिर से ऊपर जा रहा है. विजय हजारे ट्रॉफी में कर्नाटक के खिलाफ 39 गेंदों में 125 रन की शानदार पारी खेलने के बाद बीसीसीआई ने उन्हें आराम दिया था. लेकिन अब सेलेक्टर्स ने उन्हें दो और मैच खेलने के लिए कहा है. झारखंड के स्टैंड-इन कप्तान कुमार कुशाग्र ने बताया कि ईशान 2 जनवरी को वापस टीम से जुड़ेंगे. ईशान 3 जनवरी को केरल और 6 जनवरी को मध्य प्रदेश के खिलाफ झारखंड के लिए खेलेंगे. टीम से जुड़े एक सूत्र ने कहा, ‘ईशान निश्चित तौर पर चयन की दौड़ में हैं.’

अगर ईशान किशन को मौका मिलता है, तो यह ऋषभ पंत के लिए थोड़ा निराशाजनक हो सकता है. टेस्ट टीम के उपकप्तान पंत पिछले एक साल से वनडे टीम में बेंच पर बैठे हैं. विजय हजारे ट्रॉफी में उनका प्रदर्शन ठीक-ठाक रहा है. तीन मैचों में उन्होंने 97 रन बनाए, जिसमें एक 70 रन की पारी शामिल है.

ध्रुव जुरेल भी रेस में
वहीं, ध्रुव जुरेल भी जबरदस्त फॉर्म में हैं. उत्तर प्रदेश के लिए नंबर 3 पर बल्लेबाजी करते हुए उन्होंने तीन मैचों में 307 रन बनाए हैं. इसमें बड़ौदा के खिलाफ उनका पहला लिस्ट-ए शतक भी शामिल है. हालांकि, साउथ अफ्रीका के खिलाफ उन्हें सिर्फ बल्लेबाज के तौर पर चुना गया था. देखना दिलचस्प होगा कि सेलेक्टर्स क्या फैसला लेते हैं.

विजय हजारे ट्रॉफी में झारखंड के खिलाफ ईशान किशन ने नंबर 6 पर बल्लेबाजी करते हुए सिर्फ 33 गेंदों में शतक जड़ा था. इससे उन्होंने चयनकर्ताओं को साफ संदेश दिया है. ऋषभ पंत भी दिल्ली के लिए नंबर 5 पर बल्लेबाजी कर रहे हैं. ईशान और पंत के बीच ज्यादा फर्क नहीं है, लेकिन ईशान किशन आउटफील्ड में भी शानदार फील्डिंग करते हैं, जबकि पंत इसमें थोड़ा पीछे हैं. यही बात ईशान को इस रेस में थोड़ा आगे रख रही है.

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP