ठंड में मीठा खाने का मन है? तिल-गुड़ की पट्टी देगी गर्माहट और एनर्जी दोनों, ऐसे होती है तैयार – Uttar Pradesh News
Last Updated:
सर्दियों में मीठा खाने की इच्छा हो और सेहत से समझौता भी न करना पड़े, तो तिल और गुड़ से बनी पट्टी एक परफेक्ट देसी ऑप्शन है. यह पारंपरिक मिठाई शरीर को अंदर से गर्म रखने के साथ तुरंत एनर्जी देती है. सबसे अच्छी बात यह है कि तिल की पट्टी घर पर बेहद आसान तरीके से बनाई जा सकती है और लंबे समय तक स्टोर भी रहती है.

सर्दी के मौसम में तिल और गुड़ की पट्टी लोग बड़े शौक से खाते हैं. इसकी सबसे बड़ी वजह शरीर को अंदर से गर्म रखना है. तिल में मौजूद हेल्दी फैट और गुड़ की मिठास मिलकर ठंड से बचाव करती है. यही कारण है कि गांव से लेकर शहर तक सर्दियों में तिल की पट्टी हर घर में बनाई जाती है.

तिल की पट्टी बनाने से पहले तिल को सही तरह से भूनना बहुत जरूरी है. एक कढ़ाई में बिना तेल के सफेद तिल डालें और धीमी आंच पर लगातार चलाते रहें. जब तिल हल्के सुनहरे हो जाएं और चटकने लगें, तो समझिए वे सही से भुन गए हैं. अब इन्हें प्लेट में निकालकर ठंडा होने दें.

अब गुड़ की चाशनी बनाने के लिए कढ़ाई में एक चम्मच देसी घी डालें. इसके बाद आधा कप या एक कप पानी डाल सकते हैं. गुड़ को छोटे टुकड़ों में तोड़कर कढ़ाई में डालें. धीमी आंच पर गुड़ को चलाते रहें, ताकि वह अच्छे से पिघल जाए. थोड़ी देर में गुड़ पूरी तरह घुलकर चाशनी बन जाएगा.
Add News18 as
Preferred Source on Google

अब चाशनी सही बनी है या नहीं, यह जांचना बहुत जरूरी है, नहीं तो आपकी तिल की पट्टी जमेगी नहीं. इसके लिए एक कटोरी में ठंडा पानी लें. अब उसमें दो-तीन बूंद गुड़ की चाशनी डालें. अगर चाशनी पानी में गिरते ही गोल-सी गोली या लड्डू जैसी बन जाए, तो समझिए चाशनी तैयार है.

अगर आप पानी वाला टेस्ट नहीं करना चाहते, तो तार वाला तरीका अपनाएं. अंगूठे और उंगली पर थोड़ा सा चाशनी लें और दोनों को धीरे-धीरे अलग करें. अगर चाशनी से साफ तार बनता है, तो समझिए चाशनी सही स्टेज पर आ गई है. यही तिल मिलाने का सही समय होता है.

अब तैयार चाशनी में भुने हुए तिल डालें और अच्छी तरह चलाते हुए मिला लें. चाहें तो स्वाद के लिए इसमें इलायची पाउडर भी डाल सकते हैं. इसके बाद एक ट्रे या थाली में हल्का सा घी लगाएं या सिल्वर फॉयल बिछाएं. गरम-गरम मिश्रण डालकर कटोरी या चम्मच की मदद से समान रूप से फैला दें.

फैलाने के लिए आप बेलन का इस्तेमाल भी कर सकते हैं. जब तिल-गुड़ का मिश्रण थोड़ा ठंडा हो जाए लेकिन पूरी तरह सख्त न हो, तब चाकू से मनचाहे टुकड़ों में काट लें. पूरी तरह ठंडा होने पर पट्टी आसानी से निकल आती है. इन्हें एयरटाइट डिब्बे में रखें. सर्दियों में यह तिल की पट्टी लंबे समय तक स्वाद और सेहत दोनों बनाए रखती है.