Gajar Ka Halwa Recipe । घर पर बनाएं शाही और दानेदार गाजर का हलवा, जानिए रेसिपी

Share to your loved once


Gajar Ka Halwa Recipe: सर्दियों का मौसम आते ही अगर किसी एक मिठाई की सबसे ज्यादा याद आती है, तो वो है गरमा गरम गाजर का हलवा. ठंडी शाम हो या सर्द रात, एक कटोरी हलवा सामने आ जाए तो पूरा मूड बन जाता है. लेकिन अक्सर घर पर हलवा बनाते वक्त वही शादी या हलवाई वाली बात नहीं आ पाती. कभी हलवा ज्यादा गीला रह जाता है, कभी गाजर गलकर पेस्ट जैसी हो जाती है, तो कभी घी और चीनी का बैलेंस बिगड़ जाता है. कई लोग सोचते हैं कि शायद हलवाई वाला स्वाद घर पर आ ही नहीं सकता. लेकिन ऐसा बिल्कुल नहीं है. सही तरीका, सही समय और थोड़े धैर्य से घर पर भी वही शाही, दानेदार और खुशबूदार गाजर का हलवा बनाया जा सकता है.

इसी राज से पर्दा उठाया है राजू हलवाई ने, जिन्होंने बड़े फंक्शन और शादियों के लिए हलवा बनाने का आसान लेकिन सटीक तरीका बताया है. इस रेसिपी की खास बात यह है कि इसमें कोई झंझट नहीं है और हर स्टेप बिल्कुल क्लियर है, जिससे पहली बार बनाने वाला भी बिना गड़बड़ किए परफेक्ट हलवा तैयार कर सकता है.

गाजर और दूध का सही मेल
अच्छे हलवे की शुरुआत सही गाजर से होती है. सर्दियों में मिलने वाली लाल गाजर हलवे के लिए सबसे बढ़िया मानी जाती है. इन्हें धोकर छील लें और मोटे कद्दूकस से कद्दूकस करें. अब एक मोटे तले की बड़ी कड़ाही लें ताकि हलवा नीचे से चिपके नहीं. इसमें कद्दूकस की हुई गाजर डालें और साथ ही लगभग आधा लीटर फुल क्रीम दूध मिला दें. राजू हलवाई बताते हैं कि दूध के साथ गाजर पकाने से हलवे में नेचुरल मिठास और मलाईदार स्वाद आता है. आंच धीमी से मध्यम रखें और बीच बीच में चलाते रहें. धीरे धीरे दूध सूखता जाएगा और गाजर नरम होती चली जाएगी. इस स्टेज पर धैर्य बहुत जरूरी है, जल्दबाजी हलवे का टेक्सचर खराब कर सकती है.

चीनी डालने का सही समय
यह सबसे अहम स्टेप माना जाता है. जब गाजर पूरी तरह नरम हो जाए और दूध लगभग सूख जाए, तभी चीनी डालनी चाहिए. चीनी स्वाद के हिसाब से डालें. जैसे ही चीनी डालेंगे, गाजर फिर से पानी छोड़ देगी. कई लोग यहीं घबरा जाते हैं, लेकिन यही सही प्रोसेस है. अब हलवे को लगातार चलाते हुए पकाएं और आंच मीडियम रखें. चीनी का पानी पूरी तरह सूखने दें. इस दौरान हलवा थोड़ा गाढ़ा और चमकदार होने लगेगा.

खोआ और केसर से आएगा शाही स्वाद
अब बारी आती है हलवे को शादी वाला टच देने की. जब चीनी का पानी सूख जाए, तब इसमें कद्दूकस किया हुआ खोआ डालें. खोआ हलवे को रिच बनाता है और वही हलवाई जैसी फील देता है. साथ ही थोड़े गुनगुने दूध में भिगोया हुआ केसर डालें. केसर से हलवे का रंग हल्का सुनहरा हो जाता है और खुशबू भी जबरदस्त आती है. खोआ और केसर को अच्छे से मिलाएं ताकि हर हिस्से में स्वाद बराबर जाए.

घी की सही भुनाई है असली राज
शादी वाले हलवे की पहचान होती है उसका घी और उसकी खुशबू. अब कड़ाही में 200 से 300 ग्राम शुद्ध देसी घी डालें. घी डालने के बाद हलवे को अच्छी तरह भूनें. यह स्टेप करीब 10 से 15 मिनट ले सकता है. जब हलवा कड़ाही के किनारे छोड़ने लगे और घी अलग दिखाई देने लगे, तब समझ लें कि हलवा लगभग तैयार है. इस दौरान कटे हुए काजू, बादाम और किशमिश डालें. ड्राई फ्रूट्स हलवे में क्रंच और रिचनेस दोनों लाते हैं.

फाइनल गार्निशिंग और परोसने का तरीका
राजू हलवाई की एक खास ट्रिक यह भी है कि सारा खोआ और ड्राई फ्रूट्स एक साथ न डालें. थोड़ा सा खोआ और ड्राई फ्रूट्स बचाकर रखें. जब हलवा पूरी तरह तैयार हो जाए और गैस बंद कर दें, तब ऊपर से इन्हें गार्निशिंग के तौर पर डालें. इससे हलवा देखने में बिल्कुल शादी या हलवाई की दुकान जैसा लगता है. गरमा गरम हलवा परोसें, चाहें तो ऊपर से हल्का सा घी भी डाल सकते हैं.

सेहत की समस्या, रिलेशनशिप की उलझन, पैरेंटिग, लाइफस्टाइल, फैशन, पूजा-पाठ, ग्रह-नक्षत्र आदि से जुड़ी किसी भी तरह की जानकारी चाहिए तो आप अभी इस WhatsApp लिंक पर क्लिक करें

Leave a Reply

Your email address will not be published. Required fields are marked *

GET YOUR LOCAL NEWS ON NEWS SPHERE 24      TO GET PUBLISH YOUR OWN NEWS   CONTACT US ON EMAIL OR WHATSAPP