IND W vs SL W 4th T20I Live: भारत की बल्लेबाजी शुरू, ओपनिंग कर रहीं शेफाली वर्मा और स्मृति मंधाना
India Women vs Sri Lanka Women 4th T20I Live Score: भारत और श्रीलंका के बीच चौथा टी20 इंटरनेशनल मैच तिरुवनंतपुरम के ग्रीनफील्ड इंटरनेशनल स्टेडियम में खेला जा रहा है. टॉस श्रीलंका ने जीता और गेंदबाजी चुनी. टीम इंडिया पहले बैटिंग कर रही है. जीत की हैट्रिक लगाकर सीरीज पर कब्जा जमा चुकी मेजबान टीम इंडिया इस मुकाबले को दो बदलाव के साथ खेल रही है. जेमिमा रोड्रिग्स और क्रांति गौड़ बाहर हैं. उनकी जगह हरलीन देओल और अरुंधति रेड्डी को प्लेइंग-11 में शामिल किया गया है. वहीं, श्रीलंका ने भी दो बदलाव किए हैं. माल्की मदारा और इनोका रणवीरा की जगह काव्या काविंदी और रश्मिका सेवांडी को मौका दिया गया है. जिस तूफानी अंदाज में शुरुआती तीन मैचों में भारत ने रन चेज किया है. आज इस मुकाबले में मेजबानों की नजरें बड़ा टोटल बोर्ड पर लगाने पर होंगी. शेफाली वर्मा से सभी को एक बड़ी पारी की उम्मीद होगी, जिन्होंने पिछले दो मैचों में तूफानी अर्धशतक जड़कर नाबाद पारी खेलते हुए मैच फिनिश किया.
हरमनप्रीत कौर ने क्या कहा?
टॉस के बाद हरमनप्रीत कौर ने कहा, ‘हम आज बैटिंग करना चाहते थे. जेमी (जेमिमा रोड्रिग्स) बीमारी की वजह से नहीं खेल रही हैं. क्रांति को आराम दिया गया है. हरलीन वापस आ गई हैं, अरुंधति भी वापस आ गई हैं. यह हमारे लिए एक आइडियल सीरीज है, जहां हम सभी खिलाड़ियों को टेस्ट कर सकते हैं और उन्हें सही प्लेटफॉर्म दे सकते हैं. मैं बहुत खुश हूं कि सभी अच्छा प्रदर्शन कर रहे हैं और अपना बेस्ट दे रहे हैं. इस सीरीज में हम पहली बार पहले बैटिंग कर रहे हैं, इसलिए मैं आज कोई टारगेट दिमाग में नहीं रखूंगा. उम्मीद है हम बोर्ड पर एक अच्छा टोटल बनाएंगे.’
दोनों टीमों की प्लेइंग-11
भारत: शेफाली वर्मा, स्मृति मंधाना, हरलीन देओल, हरमनप्रीत कौर (कप्तान), ऋचा घोष (विकेटकीपर), दीप्ति शर्मा, अमनजोत कौर, अरुंधति रेड्डी, वैष्णवी शर्मा, रेणुका सिंह ठाकुर, श्री चरणी.
श्रीलंका: हसिनी परेरा, चमारी अटापट्टू (कप्तान), हर्षिता समरविक्रमा, कविशा दिलहारी, इमेशा दुलानी, नीलाक्षिका सिल्वा, कौशानी नुथ्यांगना (विकेटकीपर), मालशा शेहानी, रश्मिका सेवंदी, काव्या कविंदी, निमेशा मदुशानी.