कर्नाटक में हुआ ऐसा सनसनीखेज कांड, सेंट्रल की कई एजेंसियों की उड़ गई नींद, अब दिल्ली से आई है बड़ी खबर | sensational incident occurred in Karnataka kundapur leaving several central agencies stunned major news come from Delhi
Last Updated:
कुंडापुर में चलती बस से 10 किलो चांदी और 3 लाख की चोरी के मास्टरमाइंड फरमान को दिल्ली क्राइम ब्रांच ने गुरुग्राम एनएचएआई टोल से गिरफ्तार किया. वह अंतरराज्यीय गिरोह का सरगना था.

Crime News: कर्नाटक के कुंडापुर थाने में दर्ज एक सनसनीखेज मामले ने देश की कई एजेंसियों की नींद उड़ा दी थी. चलती बस से 10 किलो चांदी और 3 लाख रुपये नकद की चोरी हो गए थे. कोई शोर नहीं, कोई संघर्ष नहीं, बस सुबह जागे तो सब कुछ गायब. यह कोई मामूली चोर नहीं कर सकता था. यह काम था एक शातिर दिमाग का. दिल्ली क्राइम ब्रांच की टीम को कर्नाटक पुलिस का मैसेज मिला कि वारदात को अंजाम देने वाला फरमान दिल्ली में छिपा है. मुखबिरों का जाल बिछाया गया. मोबाइल सिग्नलों पर नजर जमा दी गईं.
26 दिसंबर की रात हेड कॉन्स्टेबल अशोक के पास खबर आई कि फरमान गुरुग्राम के एनएचएआई टोल पर आने वाला था. वक्त कम था, गलती की कोई गुंजाइश नहीं. एसीपी राजपाल डाबस की निगरानी और इंस्पेक्टर अक्षय गहलोत के नेतृत्व में टीम हरकत में आ गई. सादी वर्दी, शांत चेहरों के पीछे तेज नजरें कुख्यात फरमान को खोज रही थीं. टोल प्लाजा पर गाड़ियों की कतारें थीं. हर चेहरा संदिग्ध लग रहा था. तभी एक आदमी सामान्य कपड़ों में, थका हुआ, लेकिन आंखों में बेचैनी लिए नजर आया. यही था फरमान.
जैसे ही उसने आगे कदम बढ़ाया, क्राइम ब्रांच ने उसे घेर लिया. भागने का मौका नहीं मिला. वर्षों से कानून को चकमा देने वाला यह अपराधी पुलिस की गिरफ्त में आ गया. पूछताछ में फरमान की दुनिया परत-दर-परत खुलती गई. वह किसी अकेले वारदात का हिस्सा नहीं था, बल्कि एक संगठित अंतरराज्यीय गिरोह का मुख्य रणनीतिकार था. आंध्र प्रदेश और कर्नाटक में चलती बसें इनके लिए शिकारगाह थीं. गिरोह के सदस्य यात्री या बस स्टाफ बनकर सफर करते, रात के सन्नाटे में यात्रियों की नींद का फायदा उठाते थे.
सुबह 3 से 5 बजे के बीच, जब आंखें बोझिल होती हैं और चौकसी सबसे कमजोर, तभी वारदात होती. फरमान पहले भी कानून के शिकंजे में आ चुका था. 2022 में बेंगलुरु पुलिस ने उसे डकैती की तैयारी के मामले में पकड़ा था. उसके खिलाफ गंभीर अपराध दर्ज थे. अपराध उसकी आदत बन चुकी थी. पढ़ा-लिखा नहीं, लेकिन अपराध में माहिर था. कुंडापुर की चांदी और नकदी की चोरी ने उसकी किस्मत की आखिरी चाल चली. अब वह सलाखों के पीछे है.
About the Author
Anoop Kumar Mishra is associated with News18 Digital for the last 6 years and is working on the post of Assistant Editor. He writes on Health, aviation and Defence sector. He also covers development related to …और पढ़ें