Recipe: शाही वेज पुलाव…घर पर ऐसे बनाएं, होटल जैसा आएगा स्वाद, चाव से खाएंगे मेहमान
Last Updated:
Shahi Veg Pulao: इस खास रेसिपी से आप घर पर ही होटल स्टाइल शाही वेज पुलाव तैयार कर सकते हैं. लंबे बासमती चावल, देसी घी, साबुत गरम मसालों और भुने हुए काजू-किशमिश का यह संगम स्वाद को दोगुना कर देता है. सही ‘दम’ और सब्जियों के सटीक संतुलन से यह व्यंजन खुशबूदार और लजीज बनता है.
जमशेदपुर: वेज पुलाव ऐसा व्यंजन है जिसे बच्चे हों या बड़े, लगभग हर कोई पसंद करता है. खासकर जब वही वेज पुलाव होटल या ढाबे के स्वाद जैसा घर में ही बन जाए, तो खाने का मज़ा दोगुना हो जाता है. खुशबूदार लंबे चावल, देसी घी की महक और सब्जियों का संतुलन. यही शाही वेज पुलाव की पहचान है. अच्छी बात यह है कि इसे बनाना मुश्किल नहीं है, बस सही तरीका अपनाने की जरूरत होती है.
घर पर ऐसे बनाएं पुलाव
सबसे पहले पुलाव के लिए अच्छे क्वालिटी के लंबे दाने वाले चावल लें. चावल को अच्छी तरह 2–3 बार धोकर लगभग 20 मिनट के लिए भिगो दें. अब एक बड़े पतीले में पानी उबालें और उसमें थोड़ा सा नमक, साबुत गरम मसाले (जैसे तेज पत्ता, इलायची, लौंग, दालचीनी) और हरी मटर डालें. अब इसमें भीगे हुए चावल डालकर लगभग 80 प्रतिशत तक उबाल लें. ध्यान रखें कि चावल पूरी तरह न पकें, वरना दम देने के बाद वे टूट सकते हैं. उबलने के बाद चावल को छानकर अलग रख दें.
अब दूसरे पतीले या भारी तले की कढ़ाही में देसी घी गर्म करें. घी गरम होने पर पहले काजू और किशमिश डालकर हल्का सुनहरा होने तक तल लें और निकालकर अलग रख दें. इसी घी में बारीक कटे गाजर और बीन्स डालकर हल्का सा भून लें, ताकि सब्जियों की रंगत और कुरकुरापन बना रहे.
अब इसी पतीले में उबले हुए चावल धीरे-धीरे डालें. ऊपर से भुनी हुई गाजर-बीन्स, तले हुए काजू-किशमिश और थोड़ा सा अतिरिक्त देसी घी डालें. चाहें तो इस समय थोड़ा सा केसर वाला दूध या गुलाब जल भी डाल सकते हैं, जिससे पुलाव में शाही खुशबू आ जाए. ऊपर से हल्का सा गरम मसाला पाउडर छिड़कें.
रायता या चटनी के साथ लें मजा
अब पतीले को ढक्कन से ढककर बहुत धीमी आंच पर 10 मिनट तक दम दें. इस दौरान चावल सब्जियों और मसालों का स्वाद अच्छी तरह सोख लेंगे. दम पूरा होने के बाद गैस बंद कर दें और 2–3 मिनट ढक्कन न खोलें. इसके बाद तैयार है आपका घर में बना होटल स्टाइल शाही वेज पुलाव. इसे बूंदी रायता, सलाद या पुदीने की चटनी के साथ परोसें और पूरे परिवार के साथ स्वाद का आनंद लें.
About the Author
मीडिया में 6 साल का अनुभव है. करियर की शुरुआत ETV Bharat (बिहार) से बतौर कंटेंट एडिटर की थी, जहां 3 साल तक काम किया. पिछले 3 सालों से Network 18 के साथ हूं. यहां बिहार और झारखंड से जुड़ी खबरें पब्लिश करता हूं.