साजिद खान का सफर मदर इंडिया से हॉलीवुड तक, मिली दर्दनाक मौत
Last Updated:
हिंदी सिनेमा के 100 साल के इतिहास में कई कालजयी फिल्में बनी हैं जिनके चर्चे देश ही नहीं बल्कि विदेशों में भी खूब हुए थे. नरगिस और सुनील दत्त की फिल्म ‘मदर इंडिया’ भी ऐसी एक फिल्म है जो ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हुई थी. इस फिल्म में सुनील दत्त के किरदार बिरजू के बचपन का रोल अदा करने वाला एक्टर तो आपको याद ही होगा. महबूब खान के बेटे साजिद खान ने पहली ही फिल्म से इतिहास रच दिया था. बाल कलाकार के तौर पर उनकी पहली ही फिल्म ऑस्कर के लिए नॉमिनेट हुई. बॉलीवुड से हॉलीवुड तक अपना जलवा बिखेरने वाले इस कलाकार का अंत बेहद दर्दनाक था.
फिल्म मदर इंडिया का सीननई दिल्ली. मुंबई की झुग्गियों से निकलकर हिंदी सिनेमा से हॉलीवुड तक का सफर तय करना आसान नहीं, लेकिन एक बच्चे ने यह कर दिखाया. हम बात कर रहे हैं बॉलीवुड की अमर क्लासिक ‘मदर इंडिया’ में छोटे ‘बिरजू’ का यादगार किरदार निभाने वाले अभिनेता साजिद खान की. महबूब खान की इस मशहूर फिल्म ने साजिद को रातोंरात स्टार बना दिया था. बाद में वह अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्ध हुए और कई बड़ी फिल्मों में काम किया. 28 दिसंबर को दिवंगत अभिनेता की जयंती है.
बॉलीवुड की क्लासिक फिल्म ‘मदर इंडिया’ में छोटे बिरजू का किरदार निभाने वाले अभिनेता साजिद खान निर्देशक महबूब खान के गोद लिए बेटे थे. साजिद का सफर झुग्गी-झोपड़ियों से महल तक का रहा. गरीबी में जन्मे साजिद को महबूब खान ने गोद लिया था और उन्हें स्टार बनाया. साजिद खान का जन्म 28 दिसंबर 1951 को मुंबई की झुग्गियों में हुआ था. महबूब खान ‘मदर इंडिया’ फिल्म के लिए एक शरारती बच्चे की तलाश कर रहे थे, जो सुनील दत्त के किरदार बिरजू का बचपन निभा सके. उनकी नजर साजिद पर पड़ी. साजिद ने छोटे बिरजू का रोल इतनी सहजता से निभाया कि फिल्म ऑस्कर नामांकन तक पहुंच गई. फिल्म में बिरजू एक विद्रोही और मजबूत इरादों वाला लड़का है, जो अपनी मां (नरगिस) के लिए कुछ भी कर गुजरने को तैयार रहता है.
महबूब खान के बेटे साजिद खान
महूबब खान ने ‘मदर इंडिया’ के बाद साजिद को लिया था गोद
छोटे बिरजू के सीन्स में साजिद की मासूमियत और शरारतें दर्शकों को बहुत पसंद आईं. जानकारी के अनुसार बिरजू के रोल के लिए उन्हें उस समय 750 रुपए मिले थे. फिल्म की सफलता के बाद महबूब खान और उनकी पत्नी सरदार अख्तर ने साजिद को गोद ले लिया और उनका नाम साजिद खान रखा. महबूब खान ने उन्हें अपने बेटे की तरह पाला. 1962 में आई महबूब खान की आखिरी फिल्म ‘सन ऑफ इंडिया’ में साजिद ने मुख्य भूमिका निभाई. हालांकि, फिल्म बॉक्स ऑफिस पर सफल नहीं हुई, लेकिन साजिद की एक्टिंग की तारीफ हुई.
हॉलीवुड में साजिद ने बनाई थी पहचान
इसके बाद साजिद अमेरिका चले गए और वहां अंतरराष्ट्रीय स्तर पर प्रसिद्धि पाई. साल 1966 की हॉलीवुड फिल्म ‘माया’ में जे नॉर्थ के साथ सह-कलाकार बने. फिल्म हिट हुई और इसी नाम की टीवी सीरीज भी बनी, जिसमें 18 एपिसोड थे. साजिद अमेरिका में टीन आइडल बन गए. फिलीपींस में भी वे बहुत लोकप्रिय हुए और वहां ‘माई फनी गर्ल’, ‘द सिंगिंग फिलीपीना’ जैसी फिल्में कीं. भारत में वे ‘हीट एंड डस्ट’ जैसी फिल्म में नजर आए.
दो शादियां और दर्दनाक अंत
साजिद की निजी जिंदगी भी दिलचस्प रही. उन्होंने दो शादियां कीं. पहली शादी से उनका बेटा समीर है. बाद में वह केरल आकर बस गए, जहां उन्होंने दूसरी शादी की. फिल्मों से दूर रहकर वह सोशल वर्क में लगे रहे. लंबे समय तक कैंसर से जूझने के बाद 22 दिसंबर 2023 को 71 साल की उम्र में केरल के ऐलेपी जिले में उनका निधन हो गया.
About the Author
प्रांजुल सिंह 3.5 साल से न्यूज18 हिंदी से जुड़ी हुई हैं. उन्होंने Manorama School Of Communication (MASCOM) से जर्नलिज्म और मास कम्यूनिकेशन में डिप्लोमा किया है. वो 2.5 साल से एंटरटेनमेंट डेस्क पर काम कर रही है…और पढ़ें